MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
CM डॉ. मोहन यादव आज वाराणसी दौरे पर, 53वें गोवर्धन पूजा महोत्सव में होंगे शामिल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी (काशी) दौरे पर रहेंगे. वे यहां 53वें भव्य गोवर्धन पूजा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12 बजे हथुआ मार्केट से पारंपरिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां शामिल रहेंगी. वहीं, शाम 5 बजे नमो घाट पर सभा और सम्मान समारोह आयोजित होगा. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश यादव भी मौजूद रहेंगे.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12 नवंबर को आएंगे भोपाल, शिवराज सिंह चौहान के पिता को देंगे श्रद्धांजलि
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12 नवंबर को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचेंगे. वे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राजनाथ सिंह शाम 4:40 बजे राजा भोज विमानतल पहुंचेंगे. इसके बाद शाम 5:15 बजे सड़क मार्ग से होशंगाबाद रोड स्थित वृंदावन गार्डन पहुंचेंगे. यहां उनका कार्यक्रम शाम 5:15 से 5:35 बजे तक आरक्षित रखा गया है. इसके बाद शाम 6:05 बजे वे वापस विमानतल के लिए रवाना होंगे.
CM विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम, जशपुर दौरे से लौटकर रायपुर में शिलान्यास समारोह में होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने दो दिवसीय जशपुर दौरे से रायपुर लौटेंगे. रायपुर रवाना होने से पहले वे जशपुर के ग्राम पोगरो में संचालित हाइड्रो पावर सिंचाई परियोजना का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद सुबह 11:15 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे. रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) परिसर में आयोजित शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) के लिए प्रस्थान करेंगे.
CM विष्णुदेव साय ने दी गोवर्धन पूजा और गौरा-गौरी पर्व की बधाई, प्रदेश की खुशहाली की कामना
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा और गौरा-गौरी पर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और किसानों की उन्नति की कामना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति और गौवंश के संरक्षण का संदेश देती है, जबकि गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौरा-गौरी से प्रदेश के खेत-खलिहानों को धन-धान्य से भरपूर रखने की प्रार्थना की.
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने धान उपार्जन केंद्र का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम दीपावली के अवसर पर अपने गृह ग्राम सनावल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कामेश्वर नगर स्थित धान उपार्जन एवं संग्रहण केंद्र का निरीक्षण कर धान खरीदी की तैयारियों का जायजा लिया. प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होनी है. मंत्री ने किसानों की मांग के अनुरूप संग्रहण केंद्र में बाउंड्रीवॉल और शेड निर्माण कराने की बात कही. इसके अलावा उन्होंने हाट बाजार के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं.
बलरामपुर में सड़क हादसा: पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलटी नैनो कार, 2-3 लोग घायल
बलरामपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में डूमरखी नाला के पास एक नैनो कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. टक्कर के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. हादसे में कार सवार दो से तीन लोगों को चोटें आई हैं. सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग 112 की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
ग्वालियर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से आया ईमेल
ग्वालियर में हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. जानकारी के मुताबिक, खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से ईमेल भेजकर धमकी दी गई है. धमकी को लेकर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से भी कनेक्शन होने की आशंका जताई जा रही है. गौरतलब है कि 15 नवंबर को इंदौर में दिलजीत का शो प्रस्तावित है. फिलहाल, धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाए जाने का मामला सामने आया है.
राजनांदगांव में जुआ खेलते 10 आरोपी गिरफ्तार, 13 हजार रुपए नकद सहित सामान जब्त
राजनांदगांव के तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी क्षेत्र के धौराभाठा गांव में पुलिस ने जुआ खेलते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 13 हजार रुपए नकद, 8 मोबाइल, 5 बाइक और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है.
बिलासपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर बड़ा खुलासा, 9 संस्थानों के सभी सैंपल फेल
बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जांच के दौरान 9 संस्थानों से लिए गए सभी नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे. इनमें अमूल, गोवर्धन और वचन ब्रांड के घी के सैंपल भी शामिल हैं. इसके अलावा अलीमेंटो कैफे, सेलेस्टी और अलाकार्ट के पनीर के नमूनों में भी गड़बड़ी मिली है. दही, अंडा करी, चना और पोहा के सैंपल भी जांच में फेल हुए हैं. वहीं, दीपावली पर मिठाइयों के लिए गए नमूनों की रिपोर्ट करीब एक महीने बाद आने की उम्मीद है. मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी आर.आर. देवांगन ने जानकारी दी.
उज्जैन की विरासत अब ऑडियो बुक से जान सकेंगे लोग, CM मोहन यादव ने किया लोकार्पण
उज्जैन के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को लोगों तक पहुंचाने के लिए नई पहल की गई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महामृत्युंजय कीर्ति द्वार पर आधारित ऑडियो बुक का लोकार्पण किया. इसके जरिए लोग द्वार के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को जान सकेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन की 5 हजार साल से अधिक पुरानी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है. सिंहस्थ 2028 को देखते हुए धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा.
उज्जैन में आज BJP का दीपावली मिलन समारोह, CM मोहन यादव होंगे शामिल
उज्जैन में आज 10 नवंबर को भाजपा नगर जिला द्वारा दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा. होटल अथर्व में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे. इस दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा. वहीं, भाजपा 17 नवंबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकालेगी. इसे लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बैठक कर तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की.
रायसेन जिला अस्पताल में गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
रायसेन जिला अस्पताल में गर्भवती महिला और उसके पेट में पल रहे बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाया. नाराज परिजन कलेक्टर रोहित सिसोनिया से मिलने उनके बंगले और रेस्ट हाउस पहुंचे. मामले के दौरान कलेक्टर ने रातभर स्थिति पर नजर बनाए रखी, जबकि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली.