Railway Apprentice Recruitment 2026: रेलवे में काम करने और तकनीकी क्षेत्र में अनुभव हासिल करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है.रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (RRC), जयपुर ने उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) में अप्रेंटिस के 2,008 पदों पर भर्ती निकाली है.इस भर्ती में 10वीं पास और ITI सर्टिफिकेट रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.खास बात यह है कि चयन के लिए उम्मीदवारों को कोई लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी.उनका चयन 10वीं और ITI में मिले अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से किया जाएगा.ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 22 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in पर आवेदन कर सकते हैं.
रेलवे भर्ती में लिखित परीक्षा नहीं
इस भर्ती की सबसे खास बात इसकी चयन प्रक्रिया है.आमतौर पर सरकारी भर्तियों में उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा और फिर दूसरे चरणों से गुजरना पड़ता है, लेकिन उत्तर पश्चिम रेलवे की इस अप्रेंटिस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी.उम्मीदवारों का चयन 10वीं और ITI में प्राप्त अंकों के प्रतिशत का औसत निकालकर तैयार की गई मेरिट लिस्ट के आधार पर होगा.यह मेरिट ट्रेड और रेलवे डिवीजन के हिसाब से तैयार की जाएगी.मेरिट में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों को आगे डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.इन चरणों में सफल उम्मीदवारों को अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
किन मंडलों में मिलेंगे अप्रेंटिसशिप के मौके
रेलवे रिक्रूटमेंट सेल जयपुर की ओर से कुल 2,008 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती की जा रही है.ये पद उत्तर पश्चिम रेलवे के अलग-अलग मंडलों और वर्कशॉप में भरे जाएंगे.इसके तहत अजमेर, बीकानेर, जयपुर और जोधपुर जैसे रेलवे मंडलों में उम्मीदवारों को ट्रेनिंग का मौका मिलेगा.इस भर्ती में फिटर, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन जैसे तकनीकी ट्रेड शामिल हैं.उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपने ट्रेड और संबंधित मंडल में उपलब्ध पदों की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए.
10वीं में 50 प्रतिशत अंक और ITI सर्टिफिकेट होना जरूरी
रेलवे की इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं यानी मैट्रिक या 10+2 शिक्षा प्रणाली के तहत समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है.इसके साथ ही 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए.उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में ITI सर्टिफिकेट भी होना अनिवार्य है.यह सर्टिफिकेट NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त संस्थान से प्राप्त होना चाहिए यानी केवल 10वीं पास उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे. उनके पास संबंधित ट्रेड की ITI योग्यता भी होनी चाहिए.
15 से 24 साल तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 15 साल और अधिकतम उम्र 24 साल होनी चाहिए.उम्र की गणना 22 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी.आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी.अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों को पांच साल की छूट दी जाएगी वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र सीमा में तीन साल की छूट मिलेगी.
सामान्य वर्ग के लिए 100 रुपये आवेदन फीस
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क भी अलग-अलग श्रेणियों के हिसाब से तय किया गया है.सामान्य (UR), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 100 रुपये शुल्क जमा करना होगा वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), दिव्यांग (PWD) और सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी छूट दी गई है यानी इन श्रेणियों के अभ्यर्थी बिना कोई फीस दिए आवेदन कर सकते हैं.
22 नवंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
रेलवे अप्रेंटिस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 23 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है.उम्मीदवारों के पास आवेदन करने के लिए 22 नवंबर 2026 तक का समय है.इस दिन रात 11:59 बजे आवेदन की प्रक्रिया बंद हो जाएगी.इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी दिन का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लें.आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे.
RRC Jaipur Apprentice Recruitment 2026: ऐसे भरें फॉर्म
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले रेलवे रिक्रूटमेंट सेल जयपुर की आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in पर जाना होगा.वेबसाइट के होमपेज पर भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन और ऑनलाइन आवेदन का लिंक मिलेगा.आवेदन लिंक पर क्लिक करने के बाद मांगी गई जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और ITI से संबंधित विवरण दर्ज करना होगा.इसके बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे.आवेदन शुल्क लागू होने पर अपनी श्रेणी के अनुसार फीस जमा करनी होगी.फॉर्म सबमिट करने से पहले उसमें भरी गई सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लें.आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंटआउट या पीडीएफ अपने पास सुरक्षित रख लें.
आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ना चाहिए.खासकर संबंधित ट्रेड की योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी शर्तों को अच्छी तरह समझ लें.यह भी जांच लें कि जिस ट्रेड के लिए आवेदन कर रहे हैं, उसके लिए उनका ITI सर्टिफिकेट मान्य है या नहीं.रेलवे की यह भर्ती अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए है.इसे रेलवे में नियमित या स्थायी नौकरी के रूप में नहीं समझना चाहिए.चयनित उम्मीदवारों को अप्रेंटिसशिप के नियमों और शर्तों के अनुसार ट्रेनिंग दी जाएगी.