कंपाउंडर पिता ने लिया ₹8000 कर्ज, 17 साल के बिहार के अभी ने वुशु में जीता मेडल, 60KG में 38 खिलाड़ियों को पछाड़ा

कंपाउंडर पिता ने लिया ₹8000 कर्ज, 17 साल के बिहार के अभी ने वुशु में जीता मेडल, 60KG में 38 खिलाड़ियों को पछाड़ा


Last Updated:

Bihar Wushu Player Abhi Kumar: बिहार के भोजपुर जिले के छोटकी सनदिया गांव के 17 वर्षीय अभी कुमार ने चेन्नई में आयोजित जूनियर नेशनल वुशु चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है. आर्थिक तंगी के बावजूद पिता ने कर्ज लेकर बेटे को खेलने के लिए भेजा था.

ख़बरें फटाफट

भोजपुर: बिहार में भोजपुर जिले के छोटे से गांव छोटकी सनदिया के 17 वर्षीय अभी कुमार ने अपनी मेहनत और हौसले से बड़ी उपलब्धि हासिल की है. आर्थिक तंगी के बावजूद वुशु खेल में करियर बनाने का सपना देखने वाले अभी ने चेन्नई में आयोजित जूनियर नेशनल वुशु चैंपियनशिप में बिहार को कांस्य पदक दिलाकर जिले का नाम रोशन किया है. सबसे खास बात यह है कि बेटे को प्रतियोगिता में भेजने के लिए उनके कंपाउंडर पिता जय प्रकाश सिंह ने 8000 रुपये कर्ज लिए थे. बेटे ने भी पदक जीतकर पिता के भरोसे और संघर्ष का मान रख लिया है.

60KG वर्ग में अभी ने लिया था हिस्सा

बता दें कि अभी कुमार ने अंडर-17 आयु वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया. जहां देशभर से आए करीब 40 खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए उसने शानदार प्रदर्शन किया और लगभग 38 खिलाड़ियों को पछाड़कर कांस्य पदक अपने नाम किया. अभी पिछले 5 सालों से वुशु का अभ्यास कर रहा है. उसके खेल की शुरुआत स्कूल कैंप से हुई थी. अब धीरे-धीरे मेहनत, लगन और लगातार अभ्यास ने उसे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा दिया है.

पिता हैं पेशे से कंपाउंडर

अभी के पिता जय प्रकाश सिंह पेशे से कंपाउंडर हैं. उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं है, लेकिन बेटे के सपने को पूरा करने में उन्होंने कोई कमी नहीं छोड़ी. जहां प्रतियोगिता में भेजने के लिए 8 हजार रुपये कर्ज लेना पड़ा, मगर पिता का भरोसा और बेटे की मेहनत रंग लाई. आज उसी संघर्ष का नतीजा है कि घर में कांस्य पदक पहुंचा है.

सीमीत संसाधनों में भी लहराया परचम

बिहार वुशु संघ के सचिव ने बताया कि अभी की प्रतिभा को काफी पहले ही पहचान लिया गया था. आर्थिक परेशानियों के बावजूद उसकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में बिहार सरकार भी बेहतर सहयोग कर रही है. अभी की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के कारण अपने सपनों को अधूरा मान लेते हैं. एक तरफ पिता का संघर्ष और दूसरी तरफ बेटे की मेहनत ने साबित कर दिया कि अगर हौसला मजबूत हो तो गांव की गलियों से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है.



Source link