पटना: बिहार में नवंबर के दूसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. अब सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास हो रहा है. वहीं, छठ पूजा को लेकर पटना मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 10 नवंबर को बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि सुबह के समय बिहार के अधिकतम जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे और धुंध का असर भी दिखाई दे सकता है. वहीं, 11 नवंबर को दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद 12 से 15 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. पटना, भागलपुर और मुजफ्फरपुर का न्यूनतम तापमान 20°C, 22°C, 19°C पहुंच गया है.
जानें आज 10 नवंबर को कैसा रहेगा बिहार का मौसम
आज मंगलवार को बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. आज किसी भी जिले में बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है. आज सुबह के समय कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है. दोपहर में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है. अगर हम तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री तथा न्यूनतम 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री तक पहुंच सकता है.
जानें पटना, भागलपुर समेत इन 7 जिलों का तापमान
बिहार में मौसम में हो रहे तेजी से बदलाव की वजह से तापमान में भी गिरावट जारी है. आज पटना का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 30°C-20°C, भागलपुर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 30°C-22°C, मुजफ्फरपुर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 30°C-19°C, पूर्णिया का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 32°C-20°C, अररिया का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 34°C- 22°C, गया का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 32°C-22°C, मुंगेर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 32°C-22°C पहुंच गया है.
बिहार के इन शहरों की हवा हुई सबसे खराब
दीपावली के बाद बिहार के कई शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है. 9 नवंबर को CPCB के आंकड़ों के आधार पर जारी रिपोर्ट में हाजीपुर और बेतिया की हवा सबसे खराब रही है. जहां हाजीपुर का AQI 335, बेतियाका AQI 304, आरा का AQI 290, मुजफ्फरपुर का AQI 286, पटना का AQI 280, सीवान का AQI 256, बेगूसराय का AQI 228, मधुबनी का AQI 212 और बक्सर का AQI 202 पहुंच गया था.
जानें छठ पूजा पर बिहार के किन जिलों में छाएगा कोहरा
आज उत्तर बिहार और सीमावर्ती इलाकों में सुबह धुंध का असर अधिक महसूस हो सकता है. ऐसे में बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, पूर्णिया और किशनगंज में कोहरा का अलर्ट है. इन जिलों में सुबह कोहरा छाया रह सकता है.
बिहार के कितने जिलों में आज शुष्क रहेगा मौसम
बिहार के 38 जिलों का आज मौसम शुष्क रह सकता है. आज बिहार के किसी भी जिले में बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि सुबह कोहरा और धुंध रह सकती है. दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने का अनुमान है.
10 से 15 नवंबर तक कैसा रहेगा बिहार का मौसम
10 नवंबर: बिहार के सभी जिलों में शुष्क मौसम रहने वाला है. कहीं-कहीं सुबह कोहरा छाए रह सकता है.
11 नवंबर: बिहार के 12 जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है.
12 नवंबर: पूरे बिहार का मौसम शुष्क और सुबह धुंध वाला रह सकता है.
13 नवंबर: बिहार में मौसम शुष्क रहेगा और कहीं-कहीं हल्का कोहरा दिखाई दे सकता है.
14 नवंबर: बिहार में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने वाला है.
15 नवंबर: बिहार में मौसम शुष्क रहेगा, कहीं-कहीं सुबह हल्की धुंध छाए रह सकती है.
छठ पूजा पर बिहार में कैसा रहेगा मौसम
छठ पूजा के दौरान मौसम को लेकर राहत की बात है. पटना के IMD पूर्वानुमान में 15 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और अधिकतम तापमान 30 तथा न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन पटना के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. फिलहाल छठ पूजा के दौरान बिहार में बारिश को कोई संभावना नहीं है. ऐसे में अर्घ्य प्रभावित होने की भी कोई आशंका नहीं है.