Govardhan Puja 2026 Today: आज देशभर में धूमधाम से गोवर्धन पूजन का पर्व मनाया जा रहा है, हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को पूरे परिवार के साथ गोवर्धन पूजा की जाती है. इस शुभ दिन पर गोवर्धन महाराज और गौ माता की पूजा के साथ ब्रज की गोवर्धन परिक्रमा का विशेष महत्व है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोवर्धन महाराज की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और परिवार पर भगवान श्रीकृष्ण की कृपा बनी रहती है. इस दिन गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा की जाती है. साथ ही भगवान को अन्नकूट का भोग लगाया जाता है. इस बार गोवर्धन पूजा पर शोभन योग, बुधादित्य योग के साथ कई शुभ योग बन रहे हैं, जिससे आज के दिन का महत्व बढ़ गया है. आइए जानते हैं गोवर्धन पूजन का मुहूर्त, पूजा विधि, मंत्र और आरती…
गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र की पूजा करने के बजाय गोवर्धन पर्वत और प्रकृति की पूजा करने का संदेश दिया था. इससे क्रोधित होकर इंद्रदेव ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी. तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों और गायों की रक्षा की थी. मान्यता है कि तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा शुरू हुई. इस दिन गोवर्धन पर्वत की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और भगवान श्रीकृष्ण की कृपा बनी रहती है. यह पर्व प्रकृति, पशुधन और अन्न के प्रति आभार व्यक्त करने का भी प्रतीक है.
अन्नकूट का महत्व
गोवर्धन पूजा के दिन अन्नकूट उत्सव मनाया जाता है. अन्नकूट का अर्थ है अन्न का पहाड़. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग सहित विभिन्न प्रकार के पकवान, मिठाइयां, फल और सब्जियां अर्पित की जाती हैं. इसके बाद प्रसाद भक्तों में बांटा जाता है. मान्यता है कि अन्नकूट का भोग लगाने से परिवार में अन्न-धन की कमी नहीं होती.
गोवर्धन पूजा शुभ योग 2026
गोवर्धन पूजन के दिन बुध ग्रह तुला राशि में उदय हो रहे हैं, जहां पहले से ही सू्र्य ग्रह विराजमान हैं. इस तरह तुला राशि में सूर्य और बुध ग्रह की युति से बुधादित्य योग बन रहा है. साथ ही इस दिन शोभन योग भी बन रहा है. ज्योतिष के अनुसार, शोभन योग 27 नित्य योगों में से पांचवां योग है. ‘शोभन’ का अर्थ सुंदर, सुहावना, आकर्षक और कल्याणकारी होता है. इस योग के अधिष्ठाता या स्वामी देवगुरु बृहस्पति हैं, जो ज्ञान, शुभता और विवेक के कारक माने जाते हैं.
गोवर्धन पूजा 2026 शुभ मुहूर्त
- अभिजित मुहूर्त: 11:44 ए एम से 12:27 पी एम
- विजय मुहूर्त: 01:54 पी एम से 02:38 पी एम
- गोधूलि मुहूर्त: 05:31 पी एम से 05:57 पी एम
- प्रातःकाल मुहूर्त : सुबह 06:40 AM से 08:50 AM तक (पूजा की कुल अवधि: लगभग 2 घंटे 10 मिनट)
- सायंकाल मुहूर्त: दोपहर बाद 03:46 PM से शाम 06:02 PM तक गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा के लिए उत्तम रहेगा
गोवर्धन पूजा मंत्र
गोवर्धन धारयामास प्रीत्यर्थं बलदेव सह.
पूजितोऽसि मया नित्यं नमस्ते गोवर्धन प्रभो॥
अर्थात – हे गोवर्धन पर्वत! आपने भगवान श्रीकृष्ण के साथ ब्रजवासियों की रक्षा की थी, मैं आपको नित्य नमस्कार करता हूं और आपकी पूजा करता हूं.
गोवर्धन पूजन विधि 2026
- गोवर्धन आलेखन: इस दिन सुबह के समय घर के आंगन या मुख्य द्वार पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है. इसे फूलों, पत्तियों और रंगोली से सजाएं.
- पूजन शुरू करें: गोवर्धन महाराज को रोली, अक्षत, पुष्प, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित करें.
- पूजा सामग्री: गोवर्धन महाराज को खीर, बताशे, कढ़ी-चावल, मिष्ठान और विभिन्न प्रकार की मौसमी सब्जियों से बने ‘अन्नकूट’ का भोग लगाया जाता है.
- परिक्रमा: पूजा के दौरान गोवर्धन पर्वत की आकृति की सात बार परिक्रमा की जाती है और साथ में जल का अर्घ्य दिया जाता है.
- गौ-सेवा: इस दिन भगवान कृष्ण को प्रिय गायों की सेवा करने, उन्हें स्नान कराकर तिलक लगाने और हरा चारा खिलाने का विशेष महत्व है.
गोवर्धन महाराज की आरती
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज, तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ.
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज, तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ॥
तोपे पान चढ़े, तोपे फूल चढ़े, तोपे चढ़े दूध की धार.
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज, तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ॥
तेरे गले में कंठा साज रहेओ, ठोड़ी पे हीरा लाल.
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज, तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ॥
तेरी सात कोस की परिकम्मा, चकलेश्वर है विश्राम.
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज, तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ॥
तेरा कानन कुण्डल चमक रहेओ, तेरी झाँकी बनी विशाल.
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज, तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ॥
गिरिराज धरण प्रभु थारी शरण, करो भक्त का बेड़ा पार.
श्री गोवर्धन महाराज, ओ महाराज, तेरे माथे मुकुट विराज रहेओ॥