कपाट बंद होने से पहले ‘स्वर्ग’ सा सजा गंगोत्री धाम, रात का अद्भुत नजारा देख थम जाएंगी सांसें

कपाट बंद होने से पहले ‘स्वर्ग’ सा सजा गंगोत्री धाम, रात का अद्भुत नजारा देख थम जाएंगी सांसें


Last Updated:

Gangotri Dham Video: गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट (गोवर्धन पूजा) के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद होने जा रहे हैं. कपाट बंद होने से ठीक पहले धाम में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा है. रोशनी और फूलों से सजे गंगोत्री मंदिर का रात का अद्भुत नजारा देखते ही बन रहा है. कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों तीर्थयात्री मां गंगा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि ठंड पर उनकी आस्था भारी है.

Zoom

कपाट बंद होने से पहले सज-धज कर तैयार गंगोत्री धाम.

Gangotri Video: उत्तराखंड के चारधामों में से एक गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. अन्नकूट यानी गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ मां गंगा के कपाट श्रद्धालुओं के लिए अगले छह महीने तक बंद हो जाएंगे. कपाट बंद होने से पहले धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है. देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं.

कपाट बंद होने की पूर्व संध्या पर गंगोत्री धाम का एक ऐसा अद्भुत और अलौकिक नजारा सामने आया है, जिसने हर किसी का मन मोह लिया है. धाम को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से भव्य तरीके से सजाया गया है. रात के अंधेरे में जगमगाता गंगोत्री मंदिर किसी स्वर्ग से कम नहीं लग रहा है. मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं की भीड़ और वहां का माहौल धाम की आध्यात्मिक छटा को और भी खास बना रहा है.

कड़ाके की ठंड पर भारी पड़ी आस्था
इस समय हिमालयी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, लेकिन मां गंगा के भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं है. हाड़ कंपाने वाली इस ठंड पर आस्था पूरी तरह से भारी नजर आ रही है. रात के समय भी तीर्थयात्री दर्शनों के लिए मंदिर परिसर में मौजूद हैं और इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर रहे हैं.

तीर्थयात्री ने साझा किया अनुभव
उत्तरकाशी से अपने परिवार के साथ गंगोत्री धाम पहुंचे श्रद्धालु अरविंद ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, ‘हम लोग अपने परिवार के साथ गंगोत्री पहुंचे हैं. यहां काफी श्रद्धालु आए हुए हैं. कल अन्नकूट के शुभ पर्व पर मां भगवती गंगा के कपाट गंगोत्री में बंद होंगे. यहां काफी ठंड है और मशक्कत के बाद हम लोग यहां पहुंचे हैं. हजारों की तादाद में लोग कल के इस पावन पर्व के साक्षी बनेंगे.’ उन्होंने आगे बताया कि गंगोत्री में कपाट बंद होने के बाद शीतकाल में मां भगवती की पूजा उनके मायके ‘मुखबा’ गांव में होगी, जहां श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकेंगे.

मुखबा के लिए प्रस्थान करेगी डोली
मंगलवार दोपहर 12:05 बजे कपाट बंद होने के ठीक बाद मां गंगा की भोग मूर्ति अपनी उत्सव डोली में सवार होकर अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा (मुखीमठ) के लिए प्रस्थान करेगी. आर्मी बैंड की धुनों और तीर्थ पुरोहितों के जयकारों के साथ मां की डोली को विदा किया जाएगा. अब शीतकाल के दौरान अगले छह महीने तक तीर्थयात्री मुखबा गांव में ही मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे.



Source link