बिना रासायनिक खाद के धान की खेती संभव?, रोहतास के कृषि वैज्ञानिक ने सबौर सोना पर किया प्रयोग

बिना रासायनिक खाद के धान की खेती संभव?, रोहतास के कृषि वैज्ञानिक ने सबौर सोना पर किया प्रयोग


Last Updated:

Rohtas Agriculture News: खेती में महंगी यूरिया, रासायनिक खाद और कीटनाशकों का खर्च किसानों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. ऐसे में बिहार के रोहतास जिले के एक कृषि वैज्ञानिक ने धान की खेती में प्राकृतिक विकल्पों का प्रयोग कर नई राह दिखाई है. कृषि विज्ञान केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ. रमाकांत सिंह अपने खेत में बिना किसी रासायनिक उर्वरक और कीटनाशक के सबौर सोना किस्म का धान उगा रहे हैं. इस प्रयोग में यूरिया की जगह नाइट्रोजन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए एजोला का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि पोषक तत्वों के लिए जीवामृत और घन जीवामृत दिए जा रहे हैं. फसल की सुरक्षा के लिए दही से तैयार खट्टी लस्सी और दशपर्णी अर्क का उपयोग किया जा रहा है. वैज्ञानिक के मुताबिक, फसल की बढ़वार अच्छी है और उन्हें उम्मीद है कि इसकी पैदावार भी बेहतर रहेगी.

खेती में बढ़ती लागत आज किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है. डीजल, महंगे रासायनिक उर्वरक और कीटनाशकों पर होने वाला खर्च किसानों की चिंता बढ़ा रहा है. वहीं, अच्छी पैदावार के लिए रासायनिक खाद पर निर्भरता भी लगातार बनी हुई है, लेकिन क्या बिना यूरिया, रासायनिक खाद और कीटनाशकों के भी धान की अच्छी फसल तैयार की जा सकती है? रोहतास के एक कृषि वैज्ञानिक ने अपने खेत में ऐसा ही प्रयोग करके इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश की है.

रोहतास जिले के कृषि विज्ञान केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ. रमाकांत सिंह प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए धान की खेती में एक अनोखा प्रयोग कर रहे हैं. उनके खेत में बिना किसी रासायनिक उर्वरक और कीटनाशक के सबौर सोना किस्म का धान लहलहा रही है. इस खेती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि फसल में नाइट्रोजन की जरूरत पूरी करने के लिए यूरिया की जगह एजोला नामक जलीय पौधे का इस्तेमाल किया गया है.

डॉ. रमाकांत के मुताबिक, एजोला वातावरण से नाइट्रोजन को अवशोषित कर फसल के लिए उसकी उपलब्धता बढ़ाने में मदद करता है. उनके अनुसार, धान की नाइट्रोजन जरूरत का लगभग 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा एजोला के माध्यम से पूरा होता है, जबकि शेष जरूरत मिट्टी में प्राकृतिक रूप से मौजूद सूक्ष्मजीवों की सक्रियता से पूरी होती है. वहीं, फसल को अन्य पोषक तत्व उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर जीवामृत और घन जीवामृत का इस्तेमाल किया जा रहा है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

वैज्ञानिक बताते हैं कि सबौर सोना किस्म के इस धान में अब तक किसी रोग का प्रकोप नहीं दिखा है और न ही पोषक तत्वों की कमी के लक्षण सामने आए हैं. पौधों की बढ़वार भी संतुलित और स्वस्थ है. फसल की सुरक्षा के लिए दही से तैयार खट्टी लस्सी और दशपर्णी अर्क का इस्तेमाल किया जा रहा है. खास बात यह है कि पूरी खेती में किसी भी तरह के रासायनिक कीटनाशक का प्रयोग नहीं किया गया है.

डॉ. रमाकांत का कहना है कि प्राकृतिक तरीके से तैयार हो रही इस फसल की पैदावार भी रासायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल से तैयार होने वाली फसल के मुकाबले कम नहीं रहेगी. इससे पहले उन्होंने पिछले साल इसी खेत में बीपीटी-52 धान की खेती की थी, जिसमें प्रति बीघा 15 क्विंटल की उपज दर्ज की गई थी. अब सबौर सोना किस्म के साथ भी इसी प्रयोग को आगे बढ़ाया जा रहा है.

इस प्रयोग के जरिए डॉ. रमाकांत किसानों को खेती का एक ऐसा विकल्प दिखा रहे हैं, जिसमें बाजार से महंगी खाद और कीटनाशक खरीदने पर निर्भरता कम की जा सकती है. उनका प्रयास है कि किसान खेत में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और जैविक विधियों का इस्तेमाल कर कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ें

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link