Yemen Houthi War Saudi Arabia: सऊदी को लगा नया झटका, हूतियों से जंग में सीरिया नहीं देगा साथ, 10 हजार सैनिकों की उम्मीद टूटी

Yemen Houthi War Saudi Arabia: सऊदी को लगा नया झटका, हूतियों से जंग में सीरिया नहीं देगा साथ, 10 हजार सैनिकों की उम्मीद टूटी


Last Updated:

सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच सीरिया की सेना भेजे जाने की खबरों ने हलचल मचा दी थी. कुछ रिपोर्ट्स में 3,000 से 10,000 सैनिकों की तैनाती का दावा किया गया. हालांकि, दमिश्क ने यमन में लड़ाकू सैनिक भेजने से इनकार किया है. सीरिया के मुताबिक, सऊदी अरब के साथ उसका सहयोग सैन्य ट्रेनिंग, क्षमता बढ़ाने और अनुभव साझा करने तक सीमित है.

Zoom

सीरिया अपनी सेना सऊदी में भेजेगा.

सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच सीरिया की सेना भेजे जाने की खबरों ने पश्चिम एशिया में हलचल मचा दी थी. दावा किया गया कि सीरिया सऊदी अरब और यमन में हजारों सैनिक तैनात कर सकता है. कुछ रिपोर्ट्स में 3,000 तो कुछ में 10,000 सैनिकों तक की बात कही गई. लेकिन अब सीरिया ने यमन में अपनी सेना भेजने की खबरों को खारिज कर दिया है. सीरिया का कहना है कि सऊदी अरब के साथ उसका सैन्य सहयोग ट्रेनिंग, क्षमता बढ़ाने और अनुभव साझा करने तक सीमित है. ऐसे में सवाल है कि आखिर सैनिक भेजने की खबरें कहां से आईं और सीरिया ने कदम पीछे क्यों खींचे?

10 हजार सैनिकों की चर्चा कैसे शुरू हुई?

7 नवंबर को यमन के सैन्य अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया था कि करीब 3,000 सीरियाई सैनिक सऊदी अरब और यमन में तैनात किए जा सकते हैं. कुछ सूत्रों ने दावा किया कि सैकड़ों सैनिक पहले ही सीमा के दोनों तरफ पहुंच चुके हैं. कुछ अन्य रिपोर्ट्स में यह संख्या 10 हजार तक बताई गई. 8 नवंबर को एसोसिएटेड प्रेस (AP) ने तीन अधिकारियों के हवाले से करीब 600 सीरियाई स्पेशल फोर्स को सऊदी अरब भेजने की तैयारी की खबर दी. हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि सीरियाई सैन्य सलाहकार सऊदी अरब में मौजूद थे, लेकिन लड़ाकू सैनिकों को यमन नहीं भेजा गया था. रॉयटर्स ने भी 6 नवंबर को कुछ सीरियाई सैन्य सलाहकारों और ट्रेनरों के सऊदी अरब पहुंचने की खबर दी थी. लेकिन उनके यमन में युद्ध लड़ने की पुष्टि नहीं की थी.

सीरिया ने क्या सफाई दी?

सीरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी SANA के हवाले से एक राजनयिक सूत्र ने कहा कि सऊदी अरब के साथ सहयोग का मकसद सैन्य प्रशिक्षण, क्षमता बढ़ाना और अनुभव साझा करना है. सीरिया ने यमन में लड़ाई के लिए सैनिक भेजने की खबरों को खारिज किया है. यह मामला 4 नवंबर को सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल शरा की सऊदी अरब यात्रा के बाद सामने आया. इस दौरान उन्होंने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की थी. दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग समझौता भी हुआ, लेकिन इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई. सवाल है कि क्या दुनिया को दिखाने के लिए सीरिया इस संघर्ष से दूर है, लेकिन कहीं वह पीछे से सैनिकों की मदद तो नहीं दे रहा.

सऊदी को सीरिया की मदद की जरूरत क्यों?

सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमले लगातार चुनौती बने हुए हैं. 8 नवंबर को हूती मिसाइलों को रोकने के बाद उनका मलबा रियाद स्थित सऊदी अरामको की इमारत पर गिरा. इससे इमारत को नुकसान पहुंचा, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ. सऊदी अरब को अपने शहरों, तेल ठिकानों और समुद्री व्यापार के रास्तों की सुरक्षा करनी है. ऐसे में वह दूसरे देशों से सैन्य सहयोग जुटा रहा है.

क्या सीरिया के सैनिक जंग का रुख बदल सकते थे?

विशेषज्ञों की राय इस पर अलग-अलग है. यरूशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक इटली के विश्लेषक ग्यूसेप डेंटिस का मानना है कि सीरिया की भागीदारी से सऊदी अरब के साथ उसके रिश्ते मजबूत हो सकते हैं. वहीं, सना सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज के शोधकर्ता अब्दुलगनी अल-इरयानी का कहना है कि यमन में लड़ाकों की कमी नहीं है. असली समस्या सऊदी समर्थित यमनी सेना की कमान और नेतृत्व में है. उनके मुताबिक, सऊदी अरब अपने सहयोगी बलों के फैसलों में जरूरत से ज्यादा दखल देता है. इससे उनका मनोबल और आपसी तालमेल प्रभावित होता है. ऐसे में कुछ हजार नए सैनिक भेजने से युद्ध का रुख बदलना मुश्किल है.



Source link