Last Updated:
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में अचानक भारी गिरावट आ गई. ब्रेंट क्रूड 3.34% गिरकर 95.04 डॉलर और WTI क्रूड 88.21 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. माना जा रहा कि ईरान अमेरिका के बीच शांति की बातें हो रही हैं, जिसका बाजार पर असर है. डोनाल्ड ट्रंप और ईरान ने सकारात्मक संकेत दिए हैं. कतर की मध्यस्थता और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलने की उम्मीद से ग्लोबल तेल बाजार को बड़ी राहत मिली है.
क्रूड ऑयल की कीमतों में अचानक तेज गिरावट.
भारत के लिए एक के बाद एक अच्छी खबरें आने लगी हैं. एआई का बबल फूटने के बाद विदेशी निवेशक भारत लौटे तो शेयर मार्केट चहक उठा. अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल ने गोता लगा दिया है. हालत ये है कि पिछले दो हफ्तों के भीतर ही क्रूड ऑयल के भाव में तकरीबन 20 डॉलर की तगड़ी गिरावट आ चुकी है. सोमवार शाम 9 बजे ब्रेंट क्रूड 4.55% लुढ़ककर 93.84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गिरा था. वहीं, अपना डब्ल्यूटीआई क्रूड ऑयल भी 4.24% की डुबकी लगाकर 86.98 डॉलर पर पहुंच गया है.यह भारत के लिए बूस्टअप से कम नहीं है, क्योंकि कच्चा तेल सस्ता होने का सीधा मतलब भारत के खर्चे कम होना है.
कच्चे तेल की कीमतों में इतनी तेज गिरावट की वजह अमेरिका और ईरान के बीच शांति है. मिडटर्म इलेक्शन के नतीजों ने डोनाल्ड ट्रंप की ऐसी हालत कर दी है कि वे और खतरा मोल नहीं लेना चाहिए. उधर, तबाह हो चुका ईरान भी अब सुलह के मूड में दिख रहा है. दोनों देशों के बीच जो टेंशन थी, वो बातचीत की पटरी पर लौट रही है. मार्केट को लग रहा है कि युद्ध जैसा कोई सीन नहीं बनेगा. इसी शांति की उम्मीद ने तेल सप्लाई वाली टेंशन खत्म कर दी है, जिससे कीमतें गिरी हैं.
ट्रंप का बयान बना वरदान
उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी माहौल को थोड़ा हल्का कर दिया है. उनका कहना है कि ईरान पर बड़े सैन्य हमले के चांस बहुत कम हैं. हालांकि, उन्होंने तेहरान के साथ एक पक्की डील की शर्त भी चिपका दी है. मामले को सुलझाने के लिए ट्रंप कतर के प्रधानमंत्री से मिल रहे हैं. दरअसल कतर इस पूरी पंचायत में बिचौलिए यानी मध्यस्थ का तगड़ा रोल निभा रहा है.
ईरान का भी अमेरिका को ऑफर
इधर ईरान ने भी अपना पासा फेंका है. उसका सीधा ऑफर है कि अमेरिका उसके बंदरगाहों की नाकेबंदी हटा ले और फालतू की बमबारी बंद करे. बदले में ईरान दुनिया के सबसे जरूरी तेल वाले रास्ते, यानी ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ का चक्काजाम खोल देगा. ईरानी विदेश मंत्रालय भी अगले दो दिन में बातचीत के मूड में है. इन्हीं सब पॉजिटिव वाइब्स के चलते कच्चे तेल का बुखार उतरने लगा है.
भारत के लिए क्यों बूस्टअप
- इंपोर्ट बिल में करोड़ों की बचत- भारत अपनी कुल कच्चे तेल की जरूरत का 85% से ज्यादा हिस्सा दूसरे देशों से खरीदता है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में मात्र दो हफ्तों में 20 डॉलर प्रति बैरल तक की गिरावट आने से भारत के सालाना तेल आयात बिल में अरबों डॉलर की सीधी बचत होगी, जिससे सरकारी खजाने को बड़ी राहत मिलेगी.
- खुदरा महंगाई पर ब्रेक- कच्चा तेल सस्ता होने का सबसे बड़ा फायदा आम आदमी को होता है. क्रूड गिरने से पेट्रोल-डीजल के दाम काबू में रहते हैं. इससे ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट कम होता है, जिससे एफएमसीजी कंपनियों की लागत घटती है और खाद्य पदार्थों सहित रोजमर्रा की जरूरी चीजों की महंगाई दर नीचे आती है.
- व्यापार घाटे में कमी और रुपये को मजबूती- भारत का सबसे बड़ा खर्च डॉलर में कच्चा तेल खरीदने पर होता है. तेल के दाम गिरने से हमारा व्यापार घाटा और चालू खाता घाटा (CAD) तुरंत सिकुड़ने लगता है. जब हमें बाहर पैसा भेजने के लिए कम डॉलर की जरूरत पड़ती है, तो विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत होता है और डॉलर के मुकाबले रुपये को सीधा सपोर्ट मिलता है.