Last Updated:
Bangladesh E-Rickshaw Strike: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 9 नवंबर को बैटरी से चलने वाले ऑटो-रिक्शा चालकों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल की. चालकों ने सरकार की नई नीति के तहत बढ़ाई गई लाइसेंस फीस और एक चालक को पांच से ज्यादा ऑटो चलाने पर रोक का विरोध किया. हड़ताल के कारण कई इलाकों में ऑटो सेवाएं बंद रहीं. छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को परेशानी हुई. कई लोग पैदल अपनी मंजिल तक पहुंचे.
बांग्लादेश में ई-रिक्शा की हड़ताल. (Reuters)
Bangladesh News: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार, 9 नवंबर को सुबह से ही लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल में पड़ गई. बैटरी से चलने वाले ऑटो-रिक्शा चालकों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर दी. इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ा, जो रोज ऑटो से स्कूल, कॉलेज और दफ्तर पहुंचते हैं. कई इलाकों में ऑटो सड़कों से गायब रहे और यात्रियों को दूसरे साधनों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा. कुछ लोगों को मजबूरी में पैदल ही अपनी मंजिल की ओर निकलना पड़ा. कपड़ा फैक्ट्री के मजदूरों के बाद यह बांग्लादेश में दूसरी हड़ताल है.
कई इलाकों में ऑटो बंद
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढाका के ढोलाई खाल, रामपुरा, बनश्री, बद्दा, डेयागंज, जातराबाड़ी, मीरपुर और ढोलाई पारा समेत आसपास के इलाकों में ऑटो चालकों ने अपने वाहन चलाने बंद कर दिए. प्रदर्शन कर रहे चालकों ने शहर के कई चौराहों पर भी मोर्चा संभाल लिया. इस दौरान कुछ ऐसे ऑटो चालकों के वाहनों में तोड़फोड़ की खबर भी सामने आई, जो हड़ताल के बावजूद सड़क पर ऑटो चला रहे थे. इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई.
क्यों हड़ताल कर रहे ऑटो चालक?
ऑटो चालकों का कहना है कि सरकार की नई नीति के तहत लाइसेंस फीस काफी ज्यादा कर दी गई है. इसके अलावा एक नियम के जरिए हर चालक को अधिकतम पांच ऑटो-रिक्शा चलाने तक सीमित कर दिया गया है. चालकों को इन दोनों फैसलों पर आपत्ति है. अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में चालक दक्षिण जातराबाड़ी चौराहे पर जुलूस के रूप में पहुंचे. यहां उन्होंने नारेबाजी की और सरकार से नियमों में बदलाव की मांग की.
छात्रों और दफ्तर जाने वालों की बढ़ी परेशानी
हड़ताल का सबसे ज्यादा असर आम यात्रियों पर दिखाई दिया. स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और दफ्तर पहुंचने की जल्दी में निकले लोगों को सड़क पर इंतजार करना पड़ा. कई लोग दूसरे वाहनों की तलाश करते रहे, जबकि कुछ को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ी. ऑटो सेवाएं बंद होने से शहर के कई हिस्सों में आने-जाने का सामान्य इंतजाम बिगड़ गया. लोगों के लिए समय पर अपनी मंजिल तक पहुंचना मुश्किल हो गया.
अक्टूबर में भी सड़कों पर उतरे थे चालक
ढाका में बैटरी से चलने वाले ऑटो चालकों का विरोध नया नहीं है. अक्टूबर में भी चालकों ने मोहम्मदपुर और हजारीबाग इलाकों में सड़कें जाम कर दी थीं. उस समय उनकी मांग थी कि वाहनों को हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान बंद किए जाएं और उन्हें शहर की मुख्य सड़कों पर ऑटो चलाने की अनुमति दी जाए. ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, उस विरोध के दौरान धनमंडी, मोहम्मदपुर, बसिला और आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम लगा था. लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई थी.
प्रदर्शन कर रहे चालकों ने पुलिस पर परेशान करने का आरोप भी लगाया था. उनका कहना था कि पुलिस उनके वाहनों को नुकसान पहुंचा रही है या जब्त कर रही है. इसी के विरोध में उन्होंने सड़कों पर ऑटो चलाने की अनुमति देने की मांग उठाई थी. उस समय मोहम्मदपुर-बासिला ट्रैफिक पुलिस जोन के एक इंस्पेक्टर ने बताया था कि चालकों ने टिन रास्ता मोड़ पर सड़क रोकी थी. यह चौराहा गाबतली रोड को मोहम्मदपुर और बसिला से जोड़ता है. वहीं, हजारीबाग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोशारफ हुसैन ने बताया था कि चालकों ने बेरीबाध रोड और रायरबाजार के पास भी रास्ता जाम किया था.