पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में अपनी 12 वर्षीय भतीजी से रेप और हत्या के आरोपी व्यक्ति की मां ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत के बाद उसका शव घर ले जाने और यहां तक कि उसका चेहरा देखने से भी इनकार कर दिया. मां ने कहा कि ‘वर्षों की उपेक्षा और दुर्व्यवहार’ के बाद उसकी मौत से उन्हें राहत मिली है. आरोपी दिलीप रॉय सोमवार तड़के रायगंज में बिहार सीमा के पास पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया.
बेटे का शव देखकर भी दुखी नहीं हुई मां
अपने बेटे का शव देखने अस्पताल पहुंची मां ने उसकी मौत पर कोई दुख नहीं जताया, बल्कि पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया. उन्होंने कहा, ‘मैं क्या कहूं? जो कुछ हुआ, अच्छा हुआ. पुलिस ने उसे उसके किए की सजा दी है. मुझे लग रहा है कि मेरे सीने से एक बोझ उतर गया है.’
‘भरपेट खाना तक नहीं दिया, मेरे सीने से बोझ उतर गया’
उन्होंने आरोप लगाया कि रॉय ने कभी बेटे के रूप में अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभाईं और उन्हें वर्षों तक परेशानियों में रखा. बुढ़ापे में भी उन्हें अपने हाल पर छोड़ दिया था. उन्होंने कहा, ‘वह अच्छा बेटा नहीं था. उसने मुझे कभी भरपेट खाना तक नहीं दिया, एक रुपया भी नहीं दिया. अच्छा हुआ कि मेरे सीने से यह बोझ उतर गया. मैं शव देखने आई हूं. और क्या कर सकती हूं? वह मेरा इकलौता बेटा था.’
शव का चेहरा तक नहीं देखी मां
बुजुर्ग महिला ने साफ तौर पर उसका शव घर ले जाने और उसका चेहरा देखने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि परिवार जो उचित समझे, वह व्यवस्था कर सकता है. उन्होंने कहा, ‘मैं उसका चेहरा नहीं देखूंगी. मैं उसे घर भी नहीं ले जाऊंगी. आप जो चाहें, कर सकते हैं.’
पुलिस के अनुसार, रॉय ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी की, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. गोली लगने से वह घायल हो गया. उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह घटना पांच नवंबर को कुलिक जंगल से 12 वर्षीय लड़की का सड़ा-गला शव मिलने के बाद हुई.
लड़की तीन दिन पहले लापता हो गई थी. उसके चाचा (रॉय) पर उससे बलात्कार करने के बाद उसकी हत्या करने का आरोप था. मई में भाजपा के सत्ता में आने के बाद पश्चिम बंगाल में पुलिस मुठभेड़ की यह चौथी घटना बताई गई है.
अभिषेक बनर्जी ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में मौत को लेकर सवाल उठाया और कहा कि अपराधियों को मार गिराये जाने के बावजूद यौन अपराधों और हिंसक घटनाओं पर लगाम नहीं लग रही है.
वहीं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरोपी की पुलिस के साथ मुठभेड़ में हुई मौत को सही ठहराते हुए कहा था कि पुलिसकर्मियों को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है और भाजपा सरकार ने दुष्कर्मियों, मादक पदार्थ के तस्करों और घुसपैठियों से निपटने के लिए खुली छूट दे रखी है.
डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, मुठभेड़ पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के जोर देने पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद यौन अपराधों और हिंसक घटनाओं पर रोक नहीं लग रही है. अभिषेक ने कहा, ‘एक के बाद एक मुठभेड़ हो रही है, फिर भी दुष्कर्म की घटनाएं लगातार जारी हैं. भाजपा के बहु-प्रचारित जंगल राज मॉडल की यही भयावह सच्चाई है.’
उन्होंने पूर्व बर्धमान जिले के भातार में सोमवार को आठ वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण और दुष्कर्म की घटना का भी जिक्र किया. तृणमूल के महासचिव अभिषेक ने हाल के महीनों में दुष्कर्म के 2,500 से अधिक, हत्या के 600 से अधिक और 34,000 से ज्यादा गंभीर अपराधों के मामले सामने आने का हवाला दिया. ये आंकड़े तृणमूल कांग्रेस के नेता ने दिए हैं और न्यूज एजेंसी भाषा इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी है.