Last Updated:
Russian Plane In Israel: रूस के रक्षा मंत्रालय का Tupolev Tu-154M विमान रविवार शाम इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उतरा. यह विमान अमेरिका की प्रतिबंध सूची में शामिल है. फ्लाइट ट्रैकिंग आंकड़ों के मुताबिक, विमान मॉस्को के पास चकालोव्स्की एयरबेस से उड़कर काला सागर और तुर्की के हवाई क्षेत्र से होते हुए इजरायल पहुंचा. विमान में कौन सवार था और इसके दौरे का मकसद क्या था, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है.
रूसी प्लेन ने इजरायल में की सीक्रेट लैंडिंग.
Israel News Hindi: इजरायल के सबसे बड़े एयरपोर्ट पर रविवार शाम एक ऐसा विमान उतरा, जिसकी मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. यह कोई सामान्य यात्री विमान नहीं, बल्कि रूस के रक्षा मंत्रालय का सैन्य विमान था. खास बात यह है कि अमेरिका ने इस विमान और इसे ऑपरेट करने वाली रूसी सैन्य इकाई पर प्रतिबंध लगा रखे हैं. विमान मॉस्को के पास स्थित चकालोव्स्की एयरबेस से उड़कर इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पहुंचा. लेकिन इसमें कौन सवार था और यह किस काम से इजरायल आया था, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है.
कहां से आया रूसी विमान?
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के आंकड़ों के मुताबिक, यह Tupolev Tu-154M विमान रविवार शाम करीब 7 बजे बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उतरा. मॉस्को के पास चकालोव्स्की एयरबेस से उड़ान भरने के बाद इसने काला सागर के ऊपर से रास्ता तय किया. इसके बाद विमान तुर्की के हवाई क्षेत्र से गुजरा और भूमध्य सागर की तरफ से इजरायल में दाखिल हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, लैंडिंग से पहले विमान ने इजरायल के आसमान में चक्कर भी लगाया. हालांकि, विमान में कौन लोग मौजूद थे, क्या सामान ले जाया जा रहा था और इजरायल आने की वजह क्या थी, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. इजरायली सेना ने भी विमान की लैंडिंग पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. ‘द जेरूसलम पोस्ट’ ने इस खबर को रिपोर्ट किया है.
अमेरिका ने इस विमान पर प्रतिबंध क्यों लगाया?
इस विमान की लैंडिंग इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि अमेरिका ने इसे साल 2023 से प्रतिबंधों की सूची में रखा हुआ है. यह रूस के रक्षा मंत्रालय की 223वीं फ्लाइट यूनिट का हिस्सा है. इस यूनिट पर भी अमेरिका ने प्रतिबंध लगाए हैं. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस यूनिट ने वैगनर भाड़े के लड़ाकों के समूह से जुड़े लोगों और उपकरणों को उन देशों तक पहुंचाया था, जहां यह संगठन काम करता था. अमेरिका ने 19 मई 2023 को इस यूनिट से जुड़े 37 विमानों को प्रतिबंधों के दायरे में रखा था. इनमें रजिस्ट्रेशन नंबर RA-85042 वाला Tupolev Tu-154M भी शामिल था.
A Russian military government plane landed at Israel’s main airport, and nobody’s saying why.
The jet came straight from a military base near Moscow, and it’s even on U.S. sanctions lists.
Israel’s military won’t comment, and nobody knows who was on board.
For now, it’s a mystery flight with a very loud silence around it.
Writer: Daniyal
https://t.co/sixbLxNnu0