न खाद खरीदने का झंझट, न कीटनाशक का खर्च.. किसानों ने अपनाया खेती का देसी तरीका
Last Updated:
Ghazipur News: स्थानीय संसाधनों के जरिए खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. कृषि विभाग के मुताबिक, अब तक 925 किसान इस पहल से जुड़ चुके हैं. इस परियोजना के तहत प्राकृतिक खेती करने वाले पात्र किसानों को एक एकड़ तक की जमीन के लिए सालाना 4000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाता है.
गाजीपुर: खेती में खाद, कीटनाशक और दूसरे कृषि इनपुट पर बढ़ता खर्च किसानों के सामने बड़ी चुनौती है. खेती की लागत कम करने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए गाजीपुर के रेवतीपुर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है. यहां सात ग्राम सभाओं में इस परियोजना के तहत किसानों को देसी गाय और स्थानीय संसाधनों के जरिए खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. कृषि विभाग के मुताबिक, अब तक 925 किसान इस पहल से जुड़ चुके हैं.
कृषि विभाग के तकनीकी सहायक प्रबंधक धीरज के अनुसार, इस परियोजना के तहत प्राकृतिक खेती करने वाले पात्र किसानों को एक एकड़ तक की जमीन के लिए सालाना 4000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाता है. यह राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है. किसानों को योजना से जोड़ने, उन्हें प्राकृतिक खेती के तरीके समझाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कृषि सखियों की भी मदद ली जा रही है.
फसलों में कीटों के प्रबंधन की कोशिश
प्राकृतिक खेती में जीवामृत, बीजामृत, घनजीवामृत और ब्रह्मास्त्र जैसे पारंपरिक इनपुट का इस्तेमाल किया जाता है. इनकी मदद से किसान स्थानीय संसाधनों के जरिए मिट्टी की सेहत सुधारने और फसलों में कीटों के प्रबंधन की कोशिश करते हैं. इस पद्धति में किसी खास फसल या सब्जी की खेती अनिवार्य नहीं है, बल्कि किसानों को प्राकृतिक तरीके से खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है.
फसल में बीमारी की समस्या
धीरज के मुताबिक, खेती के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी या फसल में बीमारी की समस्या आती है, तो उन्हें कृषि विभाग के माध्यम से सलाह दी जाती है. जरूरत पड़ने पर कृषि विज्ञान केंद्र, गाजीपुर के विशेषज्ञ डॉ. ओमकार सिंह और डॉ. धर्मेंद्र सिंह से भी तकनीकी मदद ली जाती है.
इस पहल का उद्देश्य किसानों को खेती में बाहरी इनपुट पर निर्भरता कम करने और स्थानीय संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के लिए प्रेरित करना है. हालांकि इस मॉडल की वास्तविक सफलता इस बात से तय होगी कि इससे किसानों की खेती की लागत कितनी घटती है. मिट्टी की सेहत में कितना सुधार आता है और फसल उत्पादन पर इसका क्या असर पड़ता है.