Govardhan Puja 2026: गोवर्धन पूजा में नहीं जानते होंगे 7 परिक्रमा का महत्व, जानें इसके पीछे की धार्मिक मान्यता

Govardhan Puja 2026: गोवर्धन पूजा में नहीं जानते होंगे 7 परिक्रमा का महत्व, जानें इसके पीछे की धार्मिक मान्यता


होमताजा खबरधर्म

गोवर्धन पूजा में नहीं जानते होंगे 7 परिक्रमा का महत्व, जानें क्या है मान्यता?

Last Updated:

Govardhan Pooja 2026 : करौली में गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को मनाई जाएगी. इस दिन अन्नकूट का भोग लगाकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है और गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है. मनीष उपाध्याय बताते हैं कि गोवर्धन पूजा के दिन गोवर्धन महाराज को दूध अर्पित कर उनकी सात परिक्रमा करने की भी धार्मिक मान्यता है. श्रद्धालु पूजा के दौरान अन्नकूट का भोग लगाकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं.

Zoom

करौली. दीपावली की रोशनी के बाद अब गोवर्धन पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं. इस बार गोवर्धन पूजा 10 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी. इसे अन्नकूट महोत्सव भी कहा जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की पूजा करने, उन्हें अन्नकूट का भोग लगाने और गोवर्धन की परिक्रमा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है.

गोवर्धन पूजा को लेकर करौली में भी विशेष धार्मिक उत्साह रहता है. मान्यता है कि गोवर्धन महाराज की श्रद्धा से पूजा करने वाले भक्तों के संकट दूर होते हैं और परिवार में अन्न-धन की कमी नहीं रहती. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस साल कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी. इसी वजह से 2026 में गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को मनाई जाएगी. पंचांग के अनुसार, यह दिन मंगलवार है.

अन्नकूट बनाकर भगवान श्रीकृष्ण को लगाया जाता है भोग
गोवर्धन पूजा को अन्नकूट पूजा भी कहा जाता है. इस दिन घरों और मंदिरों में कई तरह के पकवान बनाकर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाया जाता है. गेहूं, चावल, कढ़ी, हरी सब्जियों और दूसरे व्यंजनों से तैयार अन्नकूट भगवान को अर्पित करने की परंपरा है.

गोबर से बनाएं गोवर्धन की प्रतिमा
कर्मकांड ज्योतिषी मनीष उपाध्याय के अनुसार, गोवर्धन पूजा के दिन घर के आंगन में गाय के गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा करनी चाहिए. इसके बाद उन्हें अन्नकूट की प्रसादी अर्पित की जाती है. मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर धारण किया था. इसी घटना की स्मृति में गोवर्धन पूजा की जाती है. इस दिन प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा भी जुड़ी हुई है.

दूध चढ़ाकर सात परिक्रमा लगाने की मान्यता
मनीष उपाध्याय बताते हैं कि गोवर्धन पूजा के दिन गोवर्धन महाराज को दूध अर्पित कर उनकी सात परिक्रमा करने की भी धार्मिक मान्यता है. श्रद्धालु पूजा के दौरान अन्नकूट का भोग लगाकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं. मान्यता के अनुसार, गोवर्धन महाराज की पूजा करने से घर में अन्न और दूध की कमी नहीं रहती. संतान की कामना रखने वाले दंपती भी इस दिन श्रद्धा के साथ गोवर्धन पूजा करते हैं.

पूजा में इन बातों का रखें ध्यान
गोवर्धन पूजा के दिन सुबह घर की साफ-सफाई के बाद पूजा स्थल तैयार करें. गोबर से गोवर्धन की आकृति बनाकर फूल, रोली, अक्षत और दीपक से पूजा करें. इसके बाद दूध अर्पित कर अन्नकूट का भोग लगाएं. परिवार के सभी सदस्य भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज से सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना करें. इस दिन गौ पूजा का भी विशेष महत्व माना जाता है. गायों को चारा खिलाना और उनकी सेवा करना भी गोवर्धन पूजा की परंपराओं से जुड़ा हुआ है.



Source link