Last Updated:
सियासत में मुकाम हासिल करने के बाद अक्सर लोग अपने पुराने पेशे से दूर हो जाते हैं, लेकिन सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की कहानी इससे अलग है. संसद की जिम्मेदारियों के बीच भी उनके भीतर का डॉक्टर आज पूरी सक्रियता से मरीजों की सेवा में जुटा है. सांसद बनने के बाद अब तक पांच मासूम बच्चों के गले में फंसे सिक्के निकालकर उन्हें राहत दे चुके डॉ. मिश्रा ने एक बार फिर तीन साल के बच्चे को संकट से उबारा है.
मरीज को देखते हुए डॉ. राजेश मिश्रा
सीधी. सियासत के गलियारों में अपनी जिम्मेदारियां निभाने वाले सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की यह तस्वीर किसी जनप्रतिनिधि से ज्यादा एक संवेदनशील डॉक्टर की है. दरअसल, तीन वर्षीय प्रियांश मासूम बच्चे के गले में अचानक सिक्का फंस गया. सिक्का फंसने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी. मासूम की परेशानी देखकर परिवार के लोग घबरा गए और आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे. परिवार की चिंता इस बात को लेकर थी कि आखिर मासूम के गले में फंसे सिक्के को कैसे निकाला जाए.
इसी बीच सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को मामले की जानकारी मिली. उन्होंने बिना देर किए डॉक्टर की भूमिका निभाई और बच्चे के उपचार के लिए आगे आए. महज पांच मिनट के प्रयास में बच्चे के गले में फंसे सिक्के को बाहर निकाल दिया. सिक्का बाहर आते ही बच्चे के परिजनों ने राहत की सांस ली. जिस परिवार के सामने कुछ देर पहले अपने मासूम की जिंदगी को लेकर चिंता खड़ी थी, वहां अब चेहरे पर सुकून नजर आने लगा. लेकिन यह कोई पहला मामला नहीं है, जब सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने डॉक्टर होने की जिम्मेदारी निभाई हो.
सांसद बनने के बाद भी निभा रहे डॉक्टर की भूमिका
खास बात यह है कि सांसद बनने के बाद अब तक वह पांच बच्चों के गले में फंसे सिक्के निकालने में मदद कर चुके हैं. यानी जनप्रतिनिधि बनने के बाद भी उनका चिकित्सा अनुभव और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता लगातार सामने आती रही है. आमतौर पर जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाते हुए देखा जाता है, लेकिन डॉ. राजेश मिश्रा के इस प्रयास में उनके पेशेवर जीवन की एक अलग झलक दिखाई देती है. एक तरफ संसद और क्षेत्र की जिम्मेदारियां हैं, तो दूसरी तरफ जरूरत पड़ने पर मरीजों की मदद के लिए डॉक्टर के रूप में सक्रिय होने का जज्बा. यही वजह है कि इस घटना की चर्चा अब क्षेत्र में हो रही है.
कुल मिलाकर सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने एक बार फिर यह साबित किया कि उनका डॉक्टर वाला पेशा केवल अतीत की पहचान नहीं है. सांसद बनने के बाद भी जरूरतमंदों की मदद के लिए डॉक्टर की भूमिका निभाना उनकी कार्यशैली का हिस्सा बना हुआ है. पांच मासूमों की इस कहानी में एक जनप्रतिनिधि के साथ-साथ एक संवेदनशील चिकित्सक की तस्वीर भी सामने आई है.