दीपावली की शाम आंगन से खींचकर ले गया 10 साल के रोह‍ित को, खेत में मिला शव, लखीमपुर में तेंदुए का खौफ

दीपावली की शाम आंगन से खींचकर ले गया 10 साल के रोह‍ित को, खेत में मिला शव, लखीमपुर में तेंदुए का खौफ


Last Updated:

Leopard Attack: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बाघ और तेंदुए के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है.आए दिन जंगली जानवरों की चहलकदमी और हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. दक्षिण खीरी वन प्रभाग के जमुनाबाद गांव में दीपावली की शाम घर के आंगन में पटाखे जला रहे 10 वर्षीय रोहित को तेंदुआ उठाकर ले गया.

लखीमपुर: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बाघ और तेंदुए के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. स्‍थानीय लोग के बीच जंगली जानवरों की चहलकदमी और हमलों से दहशत का माहौल है. ताज़ा मामला दक्षिण खीरी वन प्रभाग के जमुनाबाद गांव का है, जहां दीपावली की शाम घर के आंगन में पटाखे जला रहे करीब 10 वर्षीय मासूम रोहित को तेंदुआ खींचकर ले गयाा. तेंदुए के हमले में बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. सोमवार सुबह उसका शव घर से करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत के पास झाड़ियों में बरामद हुआ. रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है.

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. ग्रामीण द्वारिका प्रसाद ने बताया कि वर्ष 2022 में गांव में पहली ऐसी घटना हुई थी. इसके बाद यह दूसरी घटना है. उन्होंने बताया कि तेंदुआ पिछले करीब एक सप्ताह से लगातार गांव के आसपास दिखाई दे रहा था. वह चार बकरियों को भी अपना निवाला बना चुका था. ग्रामीणों ने इसकी सूचना कई बार वन विभाग के कर्मचारियों को दी, लेकिन समय रहते पिंजरा नहीं लगाया गया. उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जाता है. जिसका खामियाजा मासूम को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा.

शाम होते ही घरों में कैद हो जाते हैं ग्रामीण

ग्रामीण आदेश राज ने बताया कि तेंदुए की दहशत इतनी बढ़ गई है कि शाम होते ही लोग अपने घरों में कैद हो जाते हैं. जरूरी काम होने पर भी बाहर निकलने से डर लगता है. तेंदुआ लगातार गांव में दिखाई दे रहा था. वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाया गया था, लेकिन उसमें तेंदुआ कैद नहीं हुआ. इसके बाद वन विभाग की टीम पिंजरा अपने साथ वापस ले गई. ग्रामीणों का कहना है कि यदि पिंजरा वापस नहीं ले जाया जाता और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास जारी रहते तो शायद आज यह दर्दनाक घटना नहीं होती.

पीछे से आया और रोहित को उठा ले गया

घटना के समय रोहित के साथ मौजूद कार्तिक ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी. उसने बताया कि वह और रोहित एक साथ घर के आंगन में पटाखे जला रहे थे. इसी दौरान अचानक पीछे से तेंदुआ आया और रोहित को पकड़ लिया. रोहित ने शोर मचाया, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, तेंदुआ उसे खींचकर अपने साथ ले गया. अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग सहम गए. मासूम की मौत के बाद गांव में मातम और गुस्से का माहौल है.



Source link