Ara News : बिहार में दरोगा के बेटे से हैवानियत, मकान में बंदकर बेल्ट-डंडे से पीटा, हालत नाजुक

Ara News : बिहार में दरोगा के बेटे से हैवानियत, मकान में बंदकर बेल्ट-डंडे से पीटा, हालत नाजुक


Last Updated:

Ara News : बिहार के आरा में दरोगा के 17 वर्षीय बेटे आर्यन कुमार को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया. जगदेवनगर मोहल्ले में एक मकान से उसे अधमरी हालत में बरामद किया गया. गंभीर हालत में उसे पटना रेफर किया गया है.

Zoom

आरा में दरोगा के 17 वर्षीय बेटे को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया.

आरा. बिहार के आरा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक दारोगा के बेटे की बेरहमी से पिटाई की गई है. दरअसल शहर के नवादा थाना क्षेत्र के जगदेवनगर मोहल्ले में रविवार की देर शाम एक दरोगा के 17 वर्षीय बेटे को चार मंजिले मकान के अंदर अधमरी हालत में बरामद किया गया. किशोर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया था. उसके शरीर, खासकर पीठ पर बेल्ट और डंडे से पिटाई के निशान मिले हैं. वहीं, चेहरे पर इतनी बर्बरता से मारपीट की गई कि उसकी आंखें और होंठ बुरी तरह सूज गए थे.

नाबालिग की मां के अनुसार पुलिस ने मकान का गेट खुलवाया तो किशोर खून से लथपथ और अर्धनग्न हालत में अंदर जमीन पर पड़ा मिला. इसके बाद परिजनों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार और सीटी स्कैन के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया. चिकित्सक के अनुसार, उसके ब्रेन में अंदरूनी चोट लगी है और हालत नाजुक बनी हुई है.

औरंगाबाद में है दारोगा अनूप सिंह की पोस्टिंग

जख्मी किशोर की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के जगदेवनगर मोहल्ला निवासी अनूप सिंह के 17 वर्षीय बेटे आर्यन कुमार के रूप में हुई है. वह 11वीं कक्षा का छात्र है. उसके पिता अनूप सिंह औरंगाबाद जिले में दरोगा के पद पर कार्यरत हैं. घटना के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इधर, किशोर की मां पुतुल देवी ने बताया कि वे सभी लोग औरंगाबाद में रहते हैं. दीपावली पर घर की साफ-सफाई और पूजा को लेकर करीब दस दिन पहले आरा आए थे. तीन दिन पूर्व मोहल्ले में बाइक को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था. रविवार की शाम आर्यन पटाखे लाने के लिए बाइक से घर से निकला था. उस समय घर में पूजा-पाठ चल रहा था. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो मां उसकी तलाश में मोहल्ले में निकलीं.

आर्यन की माँ ने बेटे को काफी देर तक खोजा

पूछताछ के दौरान एक लड़के ने बताया कि आर्यन पाल मार्केट के आगे स्थित एक बिल्डिंग में गया है. वहां पहुंचने पर उसकी बाइक बाहर खड़ी मिली. मां ने बताया कि चार मंजिले मकान का गेट खटखटाने पर मकान मालिक बाहर आया और बताया कि उनका बेटा वहां से चला गया है. काफी देर तक गेट खुलवाने की कोशिश की गई, लेकिन गेट नहीं खोला गया. इसके बाद परिजनों ने नवादा थाने को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गेट खुलवाया तो अंदर आर्यन खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला.

नाबालिग की मां पुतुलदेवी ने बताया कि बेटे के कपड़े फाड़ दिए गए थे और उसे बेरहमी से पीटा गया था. वह दर्द से कांप रहा था। वहीं घटना के बाद स्थानीय नवादा थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है.



Source link