Hafiz Saeed Son Talha Pakistan India Tension: बाप आतंकी, बेटे की सियासी दुकान, हाफिज सईद के बेटे तल्हा ने भारत के खिलाफ उगला जहर

Hafiz Saeed Son Talha Pakistan India Tension: बाप आतंकी, बेटे की सियासी दुकान, हाफिज सईद के बेटे तल्हा ने भारत के खिलाफ उगला जहर


Last Updated:

मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज मोहम्मद सईद के बेटे हाफिज तल्हा सईद ने पाकिस्तान में एक राजनीतिक सभा को संबोधित किया. इसमें उसने भारत को चुनौती बताते हुए लोगों से एकजुट होने की अपील की. पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग के मंच से उसने पाकिस्तान आंदोलन और मुस्लिम एकता का जिक्र किया.

Zoom

हाफिज सईद के बेे तल्हा ने भारत के खिलाफ उगला जहर.

Hafiz Saeed Pakistan News: पाकिस्तान में मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज मोहम्मद सईद के बेटे हाफिज तल्हा सईद ने भारत को लेकर भड़काऊ बयान दिया है. अपने बाप की तरह उसने भी भारत के खिलाफ अपनी नफरत दिखाई है. उसने पाकिस्तान की जनता से एकजुट होने की अपील करते हुए भारत को ऐसी चुनौती के तौर पर पेश किया, जिसके खिलाफ पूरे देश को साथ खड़ा होना चाहिए. पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) की एक सभा में बोलते हुए तल्हा ने पाकिस्तान आंदोलन का जिक्र किया और दावा किया कि जिस तरह आजादी से पहले मुस्लिम लीग ने बिखरे हुए मुसलमानों को एकजुट किया था, उसी तरह उसकी पार्टी आज पाकिस्तान की जनता को एक मंच पर ला सकती है. तल्हा सईद ने कहा कि पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग उसी मुस्लिम लीग की आगे की कड़ी है, जिसने पाकिस्तान को बनाया था. उसने दावा किया कि आने वाले समय में लोग समझेंगे कि किस मुस्लिम लीग ने पाकिस्तान बनाया और किसने पाकिस्तान आंदोलन चलाया था.

भारत का नाम लेकर एकजुट होने की अपील

तल्हा ने भारत को पाकिस्तान के सामने एक चुनौती के तौर पर पेश किया. उसने कहा कि देश के लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना चाहिए. उसका दावा था कि मौजूदा समय में पाकिस्तान की जनता बिखरी हुई और अव्यवस्थित है, लेकिन PMML उसे एक मजबूत पाकिस्तानी राष्ट्र में बदल सकती है. तल्हा ने आजादी से पहले के दौर का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय मुस्लिम लीग ने अलग-अलग जगहों पर बंटे मुसलमानों को एक राजनीतिक पहचान दी थी. अब पाकिस्तान को भी ऐसी ही एकजुटता की जरूरत है. उसने कहा, ‘यही पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग इस बिखरी हुई भीड़ को एकजुट करके एक जीवंत पाकिस्तानी राष्ट्र बनाने जा रही है.’

पाकिस्तान को बताया मुस्लिम दुनिया का रक्षक

हाफिज सईद के बेटे तल्हा ने अपने भाषण में पाकिस्तान को पूरी मुस्लिम दुनिया का रक्षक बताने की भी कोशिश की. उसने दावा किया कि दुनिया भर के मुसलमान पाकिस्तान की ओर उम्मीद से देखते हैं. उसने कहा, ‘पाकिस्तान मुस्लिम उम्मा का रक्षक है. पाकिस्तान दो पवित्र मस्जिदों का रक्षक है.’ यहां उसका इशारा सऊदी अरब के मक्का और मदीना में स्थित इस्लाम के दो सबसे पवित्र स्थलों की ओर था.

चुनाव में वोट को बताया इबादत

तल्हा सईद ने पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग को एक विचारधारा पर आधारित पार्टी बताया. उसने कहा कि पार्टी आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं को दूर करने के लिए चुनाव लड़ रही है. उसने 8 नवंबर को हुए चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों को समर्थन देने की अपील की थी. पाकिस्तान में 8 नवंबर 2026 को नेशनल असेंबली की सीट NA-77 और पंजाब प्रांतीय विधानसभा की सीट PP-203 पर उपचुनाव हुए हैं. इतना ही नहीं, तल्हा ने पार्टी के उम्मीदवारों को वोट देने को इबादत तक बताया. पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग पहले भी चुनावों में अपने उम्मीदवार उतार चुकी है. कहने को यह एक राजनीतिक दल है, लेकिन यह एक आतंकी संगठन है. इसमें शामिल लोगों के तार हाफिज सईद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हैं.

कौन है हाफिज तल्हा सईद?

हाफिज तल्हा सईद, लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद का बेटा है. लश्कर-ए-तैयबा वही पाकिस्तानी आतंकी संगठन है, जिसे 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार माना गया है. भारत सरकार ने अप्रैल 2022 में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत तल्हा सईद को व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया था. केंद्रीय गृह मंत्रालय की अधिसूचना में उसे लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ नेता और संगठन की धार्मिक शाखा का प्रमुख बताया गया था. भारत सरकार ने उस पर संगठन के लिए लोगों की भर्ती करने, फंड जुटाने और भारत के साथ-साथ अफगानिस्तान में भारतीय हितों को निशाना बनाने वाले हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में शामिल होने के आरोप लगाए थे. अपने भाषण के जरिए उसने साबित कर दिया कि वह भारत का दुश्मन है.



Source link