उत्तराखंड के पारंपरिक गलोबंद को टक्कर दे रही ट्रेंडी चीक पट्टी, हल्के वजन और नए डिजाइन के चलते युवतियों में बढ़ा क्रेज

उत्तराखंड के पारंपरिक गलोबंद को टक्कर दे रही ट्रेंडी चीक पट्टी, हल्के वजन और नए डिजाइन के चलते युवतियों में बढ़ा क्रेज


Last Updated:

Uttarakhand Traditional Jewellery: देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति की पहचान केवल यहां के तीज-त्योहारों तक सीमित नहीं है, बल्कि पारंपरिक आभूषण भी इसकी अनूठी शान बयां करते हैं. कभी पहाड़ की नारी के सुहाग और श्रृंगार का मुख्य आधार रहा सोने का ‘गलोबंद’ अब एक नए और आधुनिक रूप में लौट आया है. बदलते दौर और फैशन के नए ट्रेंड में पारंपरिक गलोबंद की जगह अब हल्के वजन वाली डिजाइनर ‘चीक पट्टी’ युवतियों की पहली पसंद बन रही है.

ऋषिकेश: पहाड़ की खूबसूरती सिर्फ यहां के रहन-सहन और खान-पान में ही नहीं, बल्कि पारंपरिक गहनों में भी देखने को मिलती है. इन्हीं में से एक है पहाड़ी गलोबंद, जिसे कभी पहाड़ की महिलाओं के श्रृंगार का खास हिस्सा माना जाता था. लेकिन अब समय के साथ फैशन भी बदल रहा है. गलोबंद से मिलते-जुलते नए डिजाइन के गहने आजकल लड़कियों के बीच काफी पसंद किए जा रहे हैं.

लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान भोला ज्वेलर्स के मालिक अश्विनी भोला ने बताया कि गलोबंद उत्तराखंड का एक पारंपरिक आभूषण है, जिसे खासतौर पर पहाड़ की महिलाएं पहनती हैं. यह गले में पहना जाने वाला एक तरह का नेकलेस होता है, जिसे आमतौर पर सोने से तैयार किया जाता है. इसका डिजाइन काफी खास होता है. इसमें छोटे-छोटे सोने के मोतियों और बारीक कारीगरी से गले के आसपास एक खूबसूरत पट्टी जैसी बनाई जाती है. पुराने समय में पहाड़ी महिलाएं इसे अपनी पारंपरिक पोशाक के साथ पहनती थीं. शादी-ब्याह और दूसरे खास मौकों पर गलोबंद पहनने का अलग ही महत्व रहा है.

गलोबंद का मॉडर्न विकल्प बनी ‘चीक पट्टी’
वहीं आजकल ज्वेलरी के बदलते फैशन में पहाड़ी गलोबंद से मिलते-जुलते डिजाइन की चीक पट्टी काफी पसंद की जा रही है. इसे गलोबंद का एक मॉडर्न ऑप्शन भी कहा जा रहा है. चीक पट्टी में कई तरह के डिजाइन और पैटर्न देखने को मिलते हैं. इसमें मोतियों की बारीक बाइंडिंग की जाती है, वहीं कुछ डिजाइनों में वेलवेट के ऊपर चौकोर आकार की खूबसूरत नक्काशी भी की जाती है. इसके अलावा हसली वाले सेट भी आजकल काफी ट्रेंड में हैं. चीक पट्टी की खासियत यह है कि यह अलग-अलग रंगों और डिजाइन में मिलती है, इसलिए इसे साड़ी, सूट, लहंगे और दूसरे पारंपरिक कपड़ों के साथ आसानी से पहना जा सकता है.

हल्के वजन और नए स्टाइल का बढ़ता क्रेज
उन्होंने बताया कि पहले जहां महिलाएं पारंपरिक मौकों पर सोने का भारी गलोबंद पहनना पसंद करती थीं, वहीं अब लड़कियां हल्के और नए डिजाइन के गहनों की तरफ ज्यादा आकर्षित हो रही हैं. चीक पट्टी करीब ढाई से चार ग्राम तक के हल्के वजन में भी उपलब्ध हो जाती है. यही वजह है कि कम वजन में खूबसूरत और पारंपरिक लुक देने वाली यह ज्वेलरी युवतियों के बीच तेजी से ट्रेंड कर रही है. इसके कई डिजाइन ऐसे हैं, जो देखने में पारंपरिक गलोबंद जैसे लगते हैं, लेकिन इनमें मॉडर्न फैशन का टच भी मिलता है.



Source link