Last Updated:
Palwal News: पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर मिलन ढाबे पर खाना देने को लेकर हुए विवाद में दीपावली की रात 22 वर्षीय रोहित की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दीपावली की रात रोहित अपने दोस्तों के साथ हुडा चौक स्थित मिलन ढाबे पर खाना खाने पहुंचा था.
पलवल. हरियाणा के पलवल में दीपावली की रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. नेशनल हाईवे-19 पर हुडा चौक स्थित मिलन ढाबे पर खाना देने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान फरीदाबाद बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी निवासी रोहित के रूप में हुई है. आरोप है कि ढाबा मालिक के साथियों ने युवक पर गोली चलाई, जो सीधे उसके सिर में लगी. घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात रोहित अपने दोस्तों के साथ हुडा चौक स्थित मिलन ढाबे पर खाना खाने पहुंचा था. बताया जा रहा है कि ढाबा कर्मचारियों ने उन्हें खाना देने से मना कर दिया. इसी बात को लेकर रोहित और ढाबा कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया.
बताया जा रहा है कि जिस समय यह विवाद हुआ, उस दौरान ढाबा मालिक के कुछ साथी भी वहां बैठकर खाना खा रहे थे. आरोप है कि इसी बीच ढाबा मालिक के साथियों ने रोहित पर गोली चला दी. गोली सीधे उसके सिर में लगी और वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा. घटना के बाद ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना के बाद घायल रोहित को आनन-फानन में फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.