Last Updated:
Mohali Jobs: मोहाली की प्रोटैक सॉल्यूशंस कंपनी मंडी और सुंदरनगर में 12 व 13 नवंबर को 320 पदों पर साक्षात्कार लेगी. 12वीं पास 18 से 30 वर्ष के युवा भाग ले सकते हैं.
मंडी. हिमाचल प्रदेश में रहने वाले युवाओं के लिए खबर है. अगर आपकी हिंदी और अंग्रेजी विषयों पर अच्छी पकड़ है और आप एक बीपीओ यानी बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग कंपनी में काम करना चाहते हैं तो फिर आप 12 और 13 नवंबर को होने जा रहे साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं. मोहाली स्थित प्रोटैक सॉल्यूशंस प्रा. लिमिटेड द्वारा ऐसे 320 पदों पर भर्ती की जा रही है, जिसमें 300 पद हिंदी भाषी उम्मीदवारों तथा 20 पद अच्छी अंग्रेजी बोलने वाले उम्मीदवारों के लिए निर्धारित हैं.
जानकारी के अनुसार, इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास तथा आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है. इच्छुक महिला एवं पुरुष दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि हिंदी भाषी उम्मीदवारों के लिए अधिकतम 16000 रुपए तथा अंग्रेजी भाषी उम्मीदवारों के लिए 16 से 18000 रुपए प्रतिमाह (सीटीसी) वेतन निर्धारित किया गया है. चयनित उम्मीदवारों को मोहाली में कंपनी के कार्यालय में कार्य करना होगा. कार्य का समय सुबह 9 से शाम 6 बजे तक रहेगा.
कंपनी द्वारा फ्रेशर एवं अनुभवी दोनों उम्मीदवारों को अवसर प्रदान किया जा रहा है. इसके लिए आवेदक का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में दर्ज होना चाहिए. उन्होंने इच्छुक आवेदकों से अनुरोध किया है कि वे अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ व रोजगार पंजीकरण पत्र सहित साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं. यह साक्षात्कार जिला रोजगार कार्यालय मंडी में 12 तथा उप- रोजगार कार्यालय सुंदरनगर में 13 नवंबर को सुबह साढ़े 10 बजे से आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) देय नहीं होगा. अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नम्बर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है.