तीसरे वनडे से पहले सितांशु कोटक ने की केएल राहुल की जमकर तारीफ, बताया क्यों हैं टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी

तीसरे वनडे से पहले सितांशु कोटक ने की केएल राहुल की जमकर तारीफ, बताया क्यों हैं टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी


होमखेलक्रिकेट

सितांशु कोटक ने की केएल राहुल की तारीफ, बताया क्यों हैं सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी

Last Updated:

भारतीय क्रिकेट टीम सहायक कोच सितांशु कोटक ने केएल राहुल की जमकर तारीफ की है. कोटक का मानना है कि राहुल ने हर परिस्थिति में टीम के लिए खुद को साबित किया है और वह एक भरोसेमंद खिलाड़ी हैं. केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुश्किल परिस्थिति में डटकर बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को रोमांचक जीत दिलाई थी.

Zoom

सितांशु कोटक और केएल राहुल

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में दमदार बल्लेबाजी करने वाले केएल राहुल की सहायक कोच सितांशु कोटक ने जमकर तारीफ की है. कोटक ने कहा कि यह अनुभवी बल्लेबाज टीम के लिए बेहद अहम है और चुनौतीपूर्ण पिचों पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित कर चुका है. राहुल टेस्ट क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाने में सक्षम हैं जबकि वनडे फॉर्मेट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं और पारी के अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा सकते हैं. 50 ओवर के क्रिकेट में वह बहुत कम मौकों पर नाकाम रहे हैं और कोटक का ध्यान भी इस ओर गया है.

कोटक ने मंगलवार को सेडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले कहा, ‘‘मुझे लगता है कि लोकेश राहुल का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वह लाल गेंद के क्रिकेट में पारी का आगाज कर सकते हैं और सफेद गेंद के क्रिकेट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर वह आखिरी पांच ओवर में भी तेजी से रन बना सकते हैं. वहां भी उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा है. वह टीम की जरूरतों के अनुसार खेलते हैं.’’

टीम इंडिया के लिए वनडे में राहुल ने दिखाई है निरंतरता-कोटक

कोटक ने राहुल के प्रदर्शन में निरंतरता और मौका मिलने पर उपयोगी योगदान देने की क्षमता की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि राहुल ने शायद ही कभी टीम को निराश किया है. वेलिंगटन में दूसरे एकदिवसीय के दौरान मुश्किल पिच पर राहुल की नाबाद 26 रन की पारी ने एक बार फिर ऐसे बहुमुखी बल्लेबाज के रूप में उनकी अहमियत साबित की जो परिस्थितियों की मांग के अनुसार अपना खेल बदल सकता है.

कोटक ने कहा, ‘‘जब से मैं टीम के साथ जुड़ा हूं मुझे ऐसे ज्यादा मैच याद नहीं आते जिनमें राहुल को बल्लेबाजी का मौका मिला हो और उन्होंने योगदान नहीं दिया हो. उन्होंने कुछ अविश्वसनीय पारियां खेली हैं और वह कभी दबाव में नजर नहीं आते.’’ मुश्किल परिस्थितियों में राहुल के असाधारण धैर्य पर सहायक कोच ने कहा कि क्रीज पर उनका शांत स्वभाव उनकी सबसे बड़ी खूबियों में से एक है.



Source link