Last Updated:
Sheikh Hasina News: बांग्लादेश में हिंसक विरोध-प्रदर्शन के बाद लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई शेख हसीना की सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया गया था. तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत में शरण लेनी पड़ी थी. अब वे दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की पूरी तैयारी कर रही हैं. उन्होंने नए पासपोर्ट के लिए भारत स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग के पास इस बाबत आवेदन दिया है.
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भारत स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग में नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है. (फाइल फोटो)
Sheikh Hasina News: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना दिसंबर में स्वदेश वापसी की पूरी तैयारी कर रही हैं. हिंसक विरोध-प्रदर्शन के जरिये उनकी सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया गया था. तख्ता पलट के बाद शेख हसीना को भारत में शरण लेना पड़ा. ढाका की ओर से शेख हसीना को बांग्लादेश भेजने का अनुरोध कई बार किया जा चुका है. अब बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खुद ही ढाका जाने की तैयारी में जुटी हैं. शेख हसीना के लिए नया बांग्लादेशी पासपोर्ट जारी करने को लेकर भारत की राजधानी दिल्ली में स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को चिट्ठ लिखी गई है. यह आवेदन लंदन स्थित मैट्रिक्स चैंबर्स की ओर से किया गया है.
जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना दिसंबर में अपने देश लौटने की तैयारी कर रही हैं. इस बीच, उनके लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) जारी करने की मांग की गई है. लंदन स्थित मैट्रिक्स चैंबर्स ने 9 नवंबर को नई दिल्ली में बांग्लादेश की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को पत्र लिखकर नए दस्तावेज जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है.
शेख हसीना की ओर से मैट्रिक्स चैंबर्स ने भारत स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग को चिट्ठी लिखी है.
कया है पत्र में
पत्र में कहा गया है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार और संबंधित अधिकारियों ने हसीना का मौजूदा पासपोर्ट तथा राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया है. ऐसे में उनकी बांग्लादेशी नागरिकता और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों के तहत प्राप्त अधिकारों के आधार पर उन्हें नए दस्तावेज जारी किए जाने चाहिए. वकीलों ने उच्चायोग से इस संबंध में जल्द आवश्यक कार्रवाई करने और नया पासपोर्ट तथा पहचान पत्र हासिल करने के लिए जरूरी औपचारिकताओं की जानकारी देने का आग्रह किया है. दिसंबर में हसीना की प्रस्तावित वापसी के मद्देनजर यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है. हालांकि, बांग्लादेश उच्चायोग की ओर से अभी तक उन्हें नए पासपोर्ट और पहचान पत्र जारी करने के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
तारिक रहमान के लिए टेंशन क्यों
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री इन दिनों कई तरह के संकट से घिरे हुए हैं. कट्टरपंथी ताकतें लगातार टेंशन दे रही हैं. दूसरी तरफ, ईरान जंग की वजह से तेल-गैस के साथ ही अनाज की कमी हो गई है. कीमतें लगातार आसमान छू रही हैं. इसके अलावा कपड़ा मिलों में काम करने वाले कामगार सड़कों पर उतरकर हिंसक विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं. गारमेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोग वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. पीएम तारिक रहमान इन संकट से अभी निपट भी नहीं सके हैं कि अब शेख हसीना बांग्लादेश जाने की तैयारी कर रही हैं. शेख हसीना अभी भी बांग्लादेश में एक बड़ी राजनीतिक ताकत हैं, ऐसे में उनका ढाका लौटने का मतलब है तारिक रहमान की सत्ता को सीधी चुनौती.