Last Updated:
Nainital News: नैनीताल का ऐतिहासिक बड़ा बाजार जल्द ही नए और खूबसूरत रंग-रूप में नजर आएगा. बाजार का करीब 4.22 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण किया जाएगा. खास बात यह है कि यहां बिजली के उलझे तारों का जाल हटाकर उन्हें जमीन के नीचे बिछाया जाएगा. साथ ही स्ट्रीट लाइट और पोल पर लगी लाइटें सोलर ऊर्जा से जगमगाएंगी. बाजार को खड़ी बाजार की तर्ज पर कुमाऊंनी शैली में विकसित करने की तैयारी है. इतना ही नहीं, ऐतिहासिक राम सेवक सभा भवन की छत पर भी सोलर पैनल लगाए जाएंगे. जानिए, इस योजना के तहत नैनीताल के बड़े बाजार में क्या-क्या बदलाव होने वाले हैं.
नैनीताल: उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में अब ऐतिहासिक बड़ा बाजार भी जल्द नए और आकर्षक रंग-रूप में नजर आएगा. शहर की सांस्कृतिक पहचान और कुमाऊंनी लोककला को ध्यान में रखते हुए बाजार के सौंदर्यीकरण की योजना पर काम किया जा रहा है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद बड़ा बाजार न केवल पहले से अधिक खूबसूरत दिखाई देगा, बल्कि यहां बिजली के उलझे तारों का जाल भी नजर नहीं आएगा. बाजार को आधुनिक सुविधाओं के साथ कुमाऊंनी स्थापत्य शैली में विकसित करने की तैयारी है.
दरअसल, लोक निर्माण विभाग की ओर से बड़ा बाजार के सौंदर्यीकरण और बिजली के तारों को भूमिगत करने के लिए करीब 4 करोड़ 22 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है. योजना के तहत बाजार में फैले बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा. इसके साथ ही बाजार की स्ट्रीट लाइट और विभिन्न स्थानों पर लगी लाइटों को सोलर ऊर्जा से संचालित करने की व्यवस्था की जाएगी. इससे बाजार की सुंदरता बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत कम करने में भी मदद मिलेगी.
खड़ी बाजार की तर्ज पर कुमाऊंनी शैली में होगा सौंदर्यीकरण
नैनीताल के खड़ी बाजार में जिस तरह कुमाऊंनी शैली को ध्यान में रखते हुए सौंदर्यीकरण किया गया है, उसी तर्ज पर अब बड़ा बाजार को भी नया स्वरूप दिया जाएगा, बाजार में एकरूपता बनाए रखने के साथ स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक पहाड़ी शैली को प्रमुखता दी जाएगी. इससे बाजार की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखते हुए इसे पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनाने की कोशिश की जा रही है. खास बात यह है कि सौंदर्यीकरण के दौरान आधुनिक सुविधाओं और पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला का बेहतर तालमेल देखने को मिलेगा.
तारों को अंडरग्राउंड करने पर खर्च होंगे 68 लाख
लोक निर्माण विभाग नैनीताल के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया कि बड़ा बाजार के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 4 करोड़ 22 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है. इसमें से 68 लाख रुपये यूपीसीएल को दिए गए हैं, ताकि बाजार में बिजली के तारों को भूमिगत किया जा सके. तारों के अंडरग्राउंड होने से बाजार में जगह-जगह दिखाई देने वाले बिजली के तारों से राहत मिलेगी. इससे बाजार का दृश्य अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा. साथ ही खुले तारों से जुड़ी अव्यवस्थाओं को कम करने में भी मदद मिल सकती है.
सोलर लाइटों से जगमगाएगा बड़ा बाजार
इस परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बाजार की लाइटों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है. योजना के तहत स्ट्रीट लाइट और पोल पर लगाई जाने वाली लाइटों को सोलर ऊर्जा से संचालित किया जाएगा. इसके लिए सोलर पैनल लगाने की व्यवस्था की जा रही है. इससे बाजार में रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी. पर्यटन नगरी नैनीताल में ऊर्जा संरक्षण की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
राम सेवक सभा भवन की छत पर भी लगेंगे सोलर पैनल
बड़ा बाजार स्थित ऐतिहासिक राम सेवक सभा भवन को भी इस योजना से जोड़ा जा रहा है. भवन की छत पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिसके लिए 15 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है. इससे भवन में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक, सामाजिक और अन्य कार्यक्रमों में सौर ऊर्जा का उपयोग किया जा सकेगा. इस पहल से भवन की बिजली संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी और ऊर्जा की बचत भी होगी. रत्नेश सक्सेना ने बताया कि नैनीताल में इससे पहले मां नयना देवी मंदिर के गेट को भी सोलर लाइट से जोड़ा गया है. अब बड़ा बाजार और राम सेवक सभा भवन को भी सौर ऊर्जा से जोड़ने की तैयारी है. इस तरह शहर के प्रमुख सार्वजनिक और सांस्कृतिक स्थलों पर सोलर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है. बड़ा बाजार के सौंदर्यीकरण की यह योजना नैनीताल की पुरानी बाजारों को नया स्वरूप देने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है. कुमाऊंनी शैली में विकसित बाजार, भूमिगत बिजली के तार और सोलर लाइटों की व्यवस्था से यहां का नजारा बदलने की उम्मीद है.