दीपावली मनाए जाने को लेकर अलग-अलग मान्यताएं हैं. कोई इसे भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के तौर पर देखता है तो कोई इसे नरकासुर वध से जोड़कर मानता है. मानें भी क्यों न दरअसल हिंदू धर्म में यह सबसे बड़ा त्योहार है, जिसकी जड़ें किसी एक युग तक सीमित नहीं है. सतयुग से लेकर द्वापर युग तक हर युग ने पंच पर्व में योगदान दिया है.
दीपावली को पंच पर्व के तौर पर जाना जाता है. धनतेरस से इसकी शुरुआत होती है. इसके बाद नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज मनाया जाता है. हालांकि इन पर्वों के पीछे अलग-अलग युगों में शुरू होने वाली मान्यताएं हैं. ऐसा माना जाता है कि सतयुग में लक्ष्मी पूजन से इसकी शुरुआत हुई. त्रेतायुग में भगवान श्री राम की अयोध्या वापसी से दीप जले और द्वापर में गोवर्धन पूजा भी इसमें शामिल हो गई.
सतयुग में समुद्र मंथन से शुरुआत
दीपावली की सबसे प्रमुख परंपरा मां लक्ष्मी का पूजन है.विष्णु पुराण के प्रथम अंश के अध्याय 9 में और श्रीमद्भागवत महापुराण के स्कंध 8 और अध्याय 8 में समुद्र मंथन और मां लक्ष्मी के प्राकट्य का वर्णन मिलता है. इसी धार्मिक मान्यता से दीपावली की रात लक्ष्मी पूजन की परंपरा को जोड़कर देखा जाता है.ऐसा माना जाता है कि सतयुग में जब मां लक्ष्मी का प्राकट्य हुआ वो दिन कार्तिक अमावस्या ही थी, दिन दिन दीपावली पर मां लक्ष्मी का पूजन हुआ है.
त्रेतायुग में शुरू हुआ दीपोत्सव
दीपावली से जुड़ी दूसरी सबसे लोकप्रिय मन्यता त्रेतायुग की है, जब भगवान श्रीराम 14 साल का वनवास काटकर अयोध्या लौटे थे.रामायण के अनुसार भगवान राम ने लंका में रावण का वध किया और माता सीता तथा लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे. उनके आगमन की खुशी में अयोध्यावासियों ने नगर को सजाया और दीप जलाकर उत्सव मनाया.
इस घटना को उत्तर भारत में दीपावली मनाने की प्रमुख धार्मिक वजह माना जाता है. हालांकि मूल वाल्मीकि रामायण में राम के वनवास से लौटने पर कार्तिक अमावस्या को पूरे नगर में दीपावली मनाने का स्पष्ट वर्णन नहीं किया गया है. प्रभु श्री राम की वापसी पर दीप जलाने की परंपरा बाद में धार्मिक लोक मान्यताओं में ज्यादा लोकप्रिय हुई.
द्वापर में नरकासुर का वध, गोवर्धन पूजा की शुरुआत
दीपावली से ठीक एक दिन पहले मनाई जाने वाली छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी का संबंध द्वापर युग की एक और पौराणिक कथा से है. मान्यता है कि प्राग्ज्योतिषपुर के राजा नरकासुर ने देवताओं और आम लोगों को परेशान कर रखा था. उसने कई राजाओं की कन्याओं को बंदी बना लिया था. उसके अत्याचारों से परेशान होकर देवताओं ने भगवान कृष्ण से सहायता मांगी. इसके बाद भगवान कृष्ण ने अपनी पत्नी सत्यभामा के साथ नरकासुर का वध किया और बंदी बनाई गई महिलाओं को मुक्त कराया. इस खुशी में लोगों ने दीप जलाए और उत्सव मनाया. श्रीमद्भागवत महापुराण के दसवें स्कंध के अध्याय 59 में इसका जिक्र है. इसी दिन को नरक चतुर्दशी भी कहते हैं.
दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा की जाती है. इसका संबंध भी द्वापर युग में भगवान कृष्ण की एक प्रसिद्ध लीला से है.पौराणिक कथा के अनुसार गोकुल और वृंदावन के लोग वर्षा के देवता इंद्र की पूजा करते थे. भगवान कृष्ण ने लोगों को समझाया कि उन्हें गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए. कृष्ण की बात मानकर ब्रजवासियों ने इंद्र की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा की. इससे नाराज होकर इंद्र ने मूसलाधार बारिश शुरू कर दी. बारिश से लोगों को बचाने के लिए भगवान कृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया, तभी से गोवर्धन पूजा का महत्व माना जाता है. स्कंद पुराण के वैष्णव खंड में कार्तिक मास के माहात्म्य के अंतर्गत गोवर्धन पूजा का उल्लेख है.
धनतेरस और भाईदूज ने बनाया खास
दीपावली का पंचपर्व केवल लक्ष्मी पूजन, नरक चतुर्दशी और गोवर्धन पूजा तक सीमित नहीं है. इसमें धनतेरस और भाई दूज भी शामिल हैं.धनतेरस के बारे में कहा जाता है कि समुद्र मंथन की कथा में भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे. उन्हें आयुर्वेद और चिकित्सा का देवता माना जाता है. इस दिन धन और स्वास्थ्य की कामना से पूजा होती है. पंच पर्व का समापन भाईदूज से होता है. इसकी कथा यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी है. मान्यता है कि यमुना ने अपने भाई यमराज को घर बुलाकर उनका स्वागत किया और तिलक लगाया. प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर तिलक करवाएगा, उसे सुख-समृद्धि और दीर्घायु का आशीर्वाद मिलेगा. इसी वजह से भाई दूज पर बहनें भाइयों को तिलक लगाती हैं.