Last Updated:
दिवाली से पहले के मुकाबले दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा और जहरीली हो गई है. यही वजह है कि लोग कुछ दिनों के लिए पहाड़ों की तरफ रुख कर रहे हैं. दिल्ली से नैनीताल आए लोगों का कहना है कि राजधानी में हवा दूषित हो गई है. इसलिए वह यहां फ्रेश हवा लेने आए हैं.
नैनीताल में फिर बढ़ने लगी पर्यटकों की संख्या.
नैनीतालः दिल्ली-एनसीआर में लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता और बढ़ते वायु प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. महानगरों में छाई धुंध और जहरीली हवा के बीच लोग अब कुछ दिन सुकून से सांस लेने के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं. दीपावली वीकेंड पर सरोवर नगरी नैनीताल ऐसे ही पर्यटकों की पसंदीदा जगह बनकर उभरी है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ समेत कई शहरों से बड़ी संख्या में सैलानी नैनीताल पहुंच रहे हैं. यहां का साफ मौसम, खुशनुमा वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता उन्हें महानगरों के प्रदूषण से दूर राहत का एहसास करा रही है.
पहाड़ों पर शुद्ध हवा लेने पहुंच रहे लोग
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. कई इलाकों में धुंध छाई हुई है और हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है. प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के चौथे चरण को भी लागू कर दिया है. ऐसे हालात में बड़ी संख्या में लोग कुछ दिनों के लिए महानगरों की भागदौड़ और प्रदूषित वातावरण से दूर पहाड़ों में समय बिताना पसंद कर रहे हैं.
पर्यटकों को नैनीताल में मिल रही राहत
नैनीताल पहुंचे पर्यटक भी इस बदलाव को महसूस कर रहे हैं. दिल्ली से घूमने आईं प्रियांशी अग्रवाल बताती हैं कि दिल्ली में इन दिनों प्रदूषण का काफी असर है. शहर के कई इलाकों में धुंध छाई हुई है और लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है. हवा की गुणवत्ता खराब होने से सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है. ऐसे में नैनीताल आकर उन्हें काफी राहत महसूस हो रही है. यहां मौसम खुशनुमा है और पहाड़ों की ठंडी हवा के बीच घूमने का अलग ही आनंद मिल रहा है.
दिल्ली की हवा खराब होने पर पहुंचे नैनीताल
वहीं दिल्ली से पहुंचे शिवांग का कहना है कि दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब है. इसी वजह से वह कुछ दिनों के लिए नैनीताल घूमने आए हैं. यहां के प्राकृतिक नजारे और शांत वातावरण उन्हें काफी पसंद आ रहे हैं. पहाड़ों में ठंड जरूर बढ़ गई है, लेकिन महानगर की प्रदूषित हवा से दूर यहां समय बिताना सुकून देने वाला है.
पर्यटन कारोबार को भी मिलने लगी रफ्तार
दीपावली के बाद वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने लगा है. होटल कारोबारियों को भी अब पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है. नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्य्क्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया दिल्ली -एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण का असर नैनीताल के पर्यटन पर भी दिखाई दे रहा है. प्रदूषण से राहत पाने के लिए दिल्ली-एनसीआर के पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं, जिससे नैनीताल आने वाले सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह से पर्यटन कारोबार अपेक्षाकृत कमजोर चल रहा था, लेकिन अब धीरे-धीरे पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है. आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार और बेहतर होने की उम्मीद है.
दिल्ली की बिगड़ती हवा ने नैनीताल को दी कारोबार की नई उम्मीद
कुल मिलाकर दिल्ली-एनसीआर की बिगड़ती हवा नैनीताल के पर्यटन कारोबार के लिए एक नई उम्मीद लेकर आई है. जहां महानगरों के लोग साफ वातावरण और सुकून की तलाश में पहाड़ पहुंच रहे हैं, वहीं लंबे समय से पर्यटकों की राह देख रहे पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौटने लगी है.