Last Updated:
Jaipur Panchayati Raj Elections 2026: जयपुर जिले में पंचायती राज आम चुनाव को लेकर आरक्षण की तस्वीर अब साफ होने जा रही है. जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समितियों के प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए 23 सितंबर को जिला स्तर पर आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी. जयपुर कलेक्ट्रेट स्थित जिला कलेक्टर कार्यालय सभागार में सुबह 10.15 बजे से यह प्रक्रिया होगी. इसके बाद 24 सितंबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए संबंधित उपखंड अधिकारी मुख्यालय पर आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन किया जाएगा. लॉटरी में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला वर्ग के लिए पद आरक्षित किए जाएंगे. आरक्षण तय होते ही चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित दावेदारों की तस्वीर भी बदल सकती है.
जयपुर जिले में पंचायती राज आम चुनाव को लेकर आरक्षण की तस्वीर अब साफ होने जा रही है
जयपुर. राजस्थान में आगामी पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियां अब एक अहम चरण में पहुंच गई है. जयपुर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया 23 और 24 सितंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी. जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समितियों के प्रधान और पंचायत समितियों के सदस्यों के पदों के आरक्षण की लॉटरी बुधवार आज निकाली जाएगी. यह प्रक्रिया जयपुर कलेक्ट्रेट स्थित जिला कलेक्टर कार्यालय सभागार में सुबह 10.15 बजे से शुरू होगी. आरक्षण की यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह तस्वीर साफ हो जाएगी कि जिला परिषद और पंचायत समितियों के कौन-कौन से पद किस वर्ग के लिए आरक्षित होंगे.
24 सितंबर को ग्राम पंचायत स्तर के पदों की आरक्षण लॉटरी
जिला स्तर की प्रक्रिया के बाद 24 सितंबर को ग्राम पंचायत स्तर के पदों की आरक्षण लॉटरी होगी. जयपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन संबंधित उपखंड अधिकारी मुख्यालय पर किया जाएगा. इसके लिए सभी संबंधित उपखंड अधिकारियों को विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाली लॉटरी में भी विभिन्न आरक्षित वर्गों के लिए पदों का निर्धारण किया जाएगा. आरक्षण प्रक्रिया में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला वर्ग के लिए पद तय किए जाएंगे. इसके तहत यह निर्धारित होगा कि जिले की किस पंचायत समिति में प्रधान का पद किस श्रेणी के लिए आरक्षित रहेगा और पंचायत समितियों के सदस्य पदों का वर्गवार आवंटन किस तरह होगा. इसी तरह ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के पदों के आरक्षण की तस्वीर भी 24 सितंबर की प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगी.
संभावित उम्मीदवारों पर आरक्षण का असर पड़ना तय
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में आरक्षण का सीधा असर संभावित उम्मीदवारों की तैयारियों पर भी पड़ेगा. लंबे समय से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे लोगों की नजर अब आरक्षण लॉटरी पर टिकी है. जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और वार्ड पंच के पद किस वर्ग के लिए आरक्षित होते हैं, इसके आधार पर कई संभावित दावेदारों को अपनी रणनीति बदलनी पड़ सकती है. वहीं राजनीतिक दल भी आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद अपने स्तर पर संभावित उम्मीदवारों को लेकर आगे की तैयारी कर सकेंगे. दो दिनों की इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद जयपुर जिले में पंचायती राज चुनाव की जमीनी तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो जाएगी. हालांकि चुनाव की पूरी प्रक्रिया में आगे नामांकन, मतदान और अन्य चरण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे, लेकिन आरक्षण लॉटरी को संभावित उम्मीदवारों के लिए सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है.