दिवाली पर पितरों को विदा करने की खास परंपरा, मिथिलांचल में हुक्का-पाती से होती है विदाई

दिवाली पर पितरों को विदा करने की खास परंपरा, मिथिलांचल में हुक्का-पाती से होती है विदाई


अररिया: दीपावली में जहां देशभर में दीप जलाकर मां लक्ष्मी का स्वागत किया जाता है, वहीं मिथिला में इस दिन पितरों को विदा करने की भी खास परंपरा निभाई जाती है. मान्यता है कि भाद्रपद पूर्णिमा पर धरती पर आए पूर्वज अमावस्या को अपने लोक लौटते हैं. इसलिए प्रदोष काल में उनके निमित्त दीप जलाए जाते हैं और उल्का यानी हुक्का-पाती घुमाकर विदाई दी जाती है. आखिर क्या है इस परंपरा की मान्यता, कैसे की जाती है हुक्का-पाती की विधि और पितरों को विदा करते समय कौन सा मंत्र पढ़ा जाता है? आइए जानते हैं पूरी जानकारी.

अररिया के पंडित अमितेश पंकज ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि ब्रह्मवैवर्त और गरुड़ पुराण के अनुसार, भाद्रपद पूर्णिमा को पितरों का धरती पर आगमन होता है. मैथिल संप्रदाय के मुताबिक, भाद्रपद पूर्णिमा पर पधारे पूर्वजों की विदाई कार्तिक मास की अमावस्या के दिन की जाती है. परंपरा के अनुसार, इस दिन प्रदोष काल में पूर्वजों के लिए दीप जलाए जाते हैं और उल्का (हुक्का-पाती) घुमाकर उसकी अग्नि से पितरों को विदा किया जाता है. उन्होंने बताया कि दिवाली पर प्रदोष काल में हुक्का-पाती की परंपरा निभाई जाती है. मिथिला पंचांग के अनुसार, प्रदोष काल शाम 6 बजे से 7 बजकर 56 मिनट तक रहेगा. इस दौरान हुक्का-पाती से पितरों को विदा करना शुभ रहेगा.

दिवाली पर हुक्का-पाती की विधि
सबसे पहले सूखी घास से हुक्का-पाती तैयार कर लें. इसके बाद घर के मुखिया इसे पूजा घर में जलाएं और धीरे-धीरे इसकी गांठें खोलते हुए आग को ऊपर की ओर बढ़ने दें. फिर जलती हुई हुक्का-पाती को लेकर पूरे घर में घुमाएं, ताकि इसकी रोशनी घर के हर कोने तक पहुंचे. इसके बाद इसे घर के बाहर किसी खुले स्थान पर दक्षिण दिशा की ओर रख दें और पितरों का स्मरण करते हुए उनसे अपने लोक लौटने की प्रार्थना करें. इस तरह हुक्का-पाती की अग्नि से पितरों को सम्मानपूर्वक विदा किया जाता है.

मिथिलांचल में दीपावली की शाम को ‘हुक्का-हुक्की’ (Hukka Hukki) मनाने की परंपरा मुख्य रूप से घर से दरिद्रता (गरीबी और नकारात्मकता) को भगाने और लक्ष्मी (सुख-समृद्धि) के आगमन के लिए निभाई जाती है. इस दिन घर के सभी सदस्य, विशेषकर बच्चे, पटुआ (सन) के पौधों की सूखी लकड़ियों का एक बंडल बनाते हैं. शाम को घर के आंगन में दीप जलाने के बाद, इस बंडल में आग लगाई जाती है और इसे पूरे घर में घुमाते हुए मंत्रोच्चार या पारंपरिक गीत गाया जाता है. “दरिद्र भाग, लक्ष्मी आओ…” इसके बाद जलती हुई लकड़ियों को घर से बाहर किसी चौराहे या खेत में फेंक दिया जाता है, जो इस बात का प्रतीक है कि घर की सारी परेशानियां और बुराइयां बाहर चली गई हैं.

हुक्का-पाती (उल्का) घुमाने का मंत्र
“शस्त्राशस्त्रहतानाञ्च भूताना भूतदर्शयोः उज्ज्वलज्योतिषा देहं निर्दह व्योमवह्निना, अग्निदग्धाश्च ये जीवाः येऽप्यदग्धाः कुले मम, उज्ज्वलज्योतिषा दग्धास्ते यान्तु परमां गतिम्, यमलोकं परित्यज्य आगता ये तिलतैलेन सायङ्काले समागते, आकाशदीपं यो दद्यान्मासमेकं हरिं प्रति, महतीं श्रियमवाप्नोति महालये, उज्ज्वलज्योतिषा वर्म प्रपश्यन्तो व्रजन्तु ते”

मंत्र का भावार्थ
इस श्लोक में प्रार्थना की गई है कि दीपक के पवित्र प्रकाश से हमारे कुल के सभी दिवंगत पूर्वजों और अन्य भटकती आत्माओं को शांति मिले तथा उन्हें परम गति प्राप्त हो. भगवान विष्णु के लिए एक महीने तक तिल के तेल से आकाशदीप जलाने से पुण्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है. यह दीपदान पितरों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और उनके कल्याण की कामना का प्रतीक है.



Source link