Muhurat Trading 2026 : पहले 300 अंक चढ़ा फिर 30 अंक गिरकर बंद हुआ बाजार, अचानक क्यों बदला निवेशकों का मूड

Muhurat Trading 2026 : पहले 300 अंक चढ़ा फिर 30 अंक गिरकर बंद हुआ बाजार, अचानक क्यों बदला निवेशकों का मूड


Last Updated:

शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग के मौके पर 8 नवंबर को निवेशकों का डबल सेंटिमेंट देखने को मिला. पहले तो उन्होंने जबरदस्त खरीदारी की और जब लगा कि बाजार एक बार फिर तेज बढ़त के साथ बंद होने वाला है तो अचानक मूड बदला और बिकवाली पर उतर आए. अमेरिका-ईरान युद्ध की वजह से निवेशकों ने जोखिम को देखते हुए बिकवाली की और बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ.

Zoom

ग्लोबल बाजार के दबाव में निवेशकों ने मुनाफावसूली की और बाजार गिरकर बंद हुआ.

नई दिल्ली. दिवाली के मौके पर 8 नवंबर को शेयर बाजार में विशेष ट्रेडिंग सेशन का आयोजन किया गया. बाजार खुलते ही निवेशकों ने जबरदस्त खरीदारी शुरू कर दी और देखते ही देखते सेंसेक्स 300 अंकों से भी ज्यादा उछाल पर पहुंच गया. लेकिन, बाजार बंद होने तक निवेशकों का मूड बदल गया और सेंसेक्स 30 अंक गिरकर बंद हुआ. आखिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि निवेशकों का मूड बदल गया और वे खरीदारी करने के बजाय मुनाफावसूली पर उतर आए. निवेशकों का सेंटिमेंट किस चीज ने अचानक बदल दिया.

दरअसल, दिवाली के मौके पर ज्यादातर मुहूर्त ट्रेडिंग में बाजार ने बढ़त ही बनाई है और इस बार कई साल बाद ऐसा हुआ कि बाजार ने गिरावट के साथ मुहूर्त ट्रेडिंग की क्लोजिंग की है. इसकी सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच हमलों में दोबारा आया उछाल है. इसकी वजह से ग्लोबल मार्केट में एक बार फिर कूड के भाव चढ़ने शुरू हो गए हैं. इसका सीधा असर निवेशकों के सेंटिमेंट पर दिखा और वे शुभ घड़ी में थोड़ी खरीदारी करने के बाद मुनाफावसूली पर उतर आए और बाजार ने गिरावट के साथ क्लोजिंग की.

8 साल बाद टूटा तेजी का सिलसिला 
शेयर बाजार दीपावली के मौके पर मुहूर्त ट्रेडिंग में लगातार 7 कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद गिरावट पर बंद हुआ. निवेशकों की मुनाफावसूली से दिवाली के दिन पिछले आठ वर्षों से जारी बढ़त का सिलसिला भी टूट गया. हिंदू पंचांग वर्ष संवत 2083 की शुरुआत के मौके पर आयोजित विशेष कारोबारी सत्र में मजबूत शुरुआत करने के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स अपनी तेजी को कायम नहीं रख सका. बीएसई के 30 शेयरों में से 16 शेयर लाभ में और 14 शेयर नुकसान में रहे. विशेष सत्र के दौरान सेंसेक्स एक समय 414.09 अंक या 0.51 फीसदी उछलकर 81,442.11 अंक के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था.

 क्यों होती है मुहूर्त ट्रेडिंग 
मुहूर्त कारोबार दिवाली के अवसर पर आयोजित होने वाला एक प्रतीकात्मक बाजार सत्र है, जो नए हिंदू पंचांग वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक है. ऐसा माना जाता है कि ‘मुहूर्त’ या शुभ घड़ी के दौरान कारोबार करने से हितधारकों के लिए समृद्धि और वित्तीय प्रगति आती है. मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के चेयरमैन और सह-संस्थापक रामदेव अग्रवाल ने कहा कि दो वर्षों के ठहराव के बाद, कम मूल्यांकन और उच्च आय वृद्धि के कारण बाजार में अगली दिवाली तक निवेशकों को जोरदार रिटर्न देने की क्षमता है. तेल की कीमतों में संभावित गिरावट, स्थिर मुद्रा, विदेशी निवेशकों की वापसी, एआई को लेकर उत्साह में कमी और व्यापक स्तर पर कंपनियों की आय में वृद्धि से बाजार को समर्थन मिलेगा.

अभी क्यों आई बाजार में गिरावट 
मुहूर्त ट्रेडिंग पर बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध रहा है. इस युद्ध की वजह से कच्चे तेल की कीमतों पर एक बार फिर जोखिम दिखने लगा है. निवेशकों को आशंका सता रही कि युद्ध लंबा खिंचा तो कच्चे तेल के दाम फिर ऊपर जाएंगे, जिससे महंगाई बढ़ेगी और ग्रोथ पर लगाम लगेगी. पर्चेजिंग पॉवर कम होने से कंपनियों की बिक्री कम होगी और फिर उत्पादन भी घट जाएगा. इस आशंका की वजह से उन्होंने बाजार में पिछले दिनों की तेजी के बावजूद अपना पैसा निकालना शुरू कर दिया और दोनों एक्सचेंज गिरावट पर बंद हुए.



Source link