UK Computer In Russian Jet Drone Attack News: जिस टेक्नोलॉजी पर ब्रिटेन को नाज, वो लगी पुतिन के हाथ, यूक्रेन में गिरा ड्रोन तो खुला रूस का राज

UK Computer In Russian Jet Drone Attack News: जिस टेक्नोलॉजी पर ब्रिटेन को नाज, वो लगी पुतिन के हाथ, यूक्रेन में गिरा ड्रोन तो खुला रूस का राज


Last Updated:

ब्रिटेन यूक्रेन को रूस के खिलाफ मदद दे रहा है, लेकिन अब रूसी ड्रोन में उसी के देश में बने कंप्यूटर पार्ट्स मिलने का खुलासा हुआ है. यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, 2 सितंबर को गिराए गए रूस के गेरान-5 ड्रोन में ब्रिटिश कंपनी रास्पबेरी पाई का माइक्रो कंप्यूटर मिला. यूक्रेन की सुरक्षा सेवा इस मामले की जांच कर रही है.

Zoom

रूसी ड्रोन में मिला यूके का कंप्यूटर. (AI जेनेरेटेड/रॉयटर्स)

UK News: ब्रिटेन एक तरफ यूक्रेन को रूस के खिलाफ सैन्य और दूसरी तरह की मदद दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसके ही देश में बने कंप्यूटर पार्ट्स रूस के उन ड्रोन में मिल रहे हैं, जिनका इस्तेमाल यूक्रेन पर हमले के लिए किया जा रहा है. यह खुलासा इसलिए भी चौंकाने वाला है, क्योंकि ब्रिटेन की कंपनी रास्पबेरी पाई (Raspberry Pi) की तकनीक रूस के नए जेट इंजन वाले ड्रोन में भी मिली है. यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, सितंबर 2026 तक रूसी ड्रोन में ब्रिटिश कंपनी के बनाए कंप्यूटर इस्तेमाल हो रहे थे. अब यूक्रेन की सुरक्षा सेवा इस मामले की जांच कर रही है. ब्रिटिश अखबार द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की युद्ध मशीनों में ब्रिटेन में बनी तकनीक का इस्तेमाल जारी है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह तकनीक रूस के नए ड्रोन बेड़े तक पहुंच गई है.

रूस के नए ड्रोन में मिला ब्रिटिश कंप्यूटर

रिपोर्ट के मुताबिक, 2 सितंबर को यूक्रेन में गिराए गए रूस के नए गेरान-5 (Geran-5) ड्रोन से रास्पबेरी पाई का एक माइक्रो कंप्यूटर मिला था. यह रूस के नए जेट इंजन वाले ड्रोन में से एक है. इस खुलासे ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर ब्रिटेन में बने इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स रूस तक कैसे पहुंच रहे हैं? रास्पबेरी पाई का मुख्यालय ब्रिटेन के कैम्ब्रिज में है. कंपनी छोटे और कम कीमत वाले कंप्यूटर बनाती है, जिनका इस्तेमाल कई तरह के तकनीकी कामों में किया जाता है. ड्रोन में ऐसे कंप्यूटर उड़ान से जुड़े नियंत्रण और दूसरे जरूरी कामों में मदद कर सकते हैं.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के प्रतिबंध मामलों के प्रमुख व्लादिस्लाव व्लासियुक ने इस पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि रूस ने 2022 से अब तक यूक्रेन के खिलाफ शाहेद (Shahed) जैसे 1.20 लाख से ज्यादा ड्रोन लॉन्च किए हैं. उनके मुताबिक, इनमें से लगभग हर ड्रोन में रास्पबेरी पाई के कंपोनेंट मिले हैं.

तीसरे देशों के जरिए रूस पहुंच रही तकनीक?

व्लासियुक ने कहा कि रूस तक इस तकनीक की पहुंच रोकने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की जानी चाहिए, लेकिन मौजूदा कदम पर्याप्त नहीं हैं. उन्होंने मांग की कि तीसरे देशों के जरिए होने वाली सप्लाई पर ज्यादा सख्त निगरानी रखी जाए. दरअसल, किसी कंपनी के उत्पाद सीधे रूस को न बेचे जाएं, इसके बावजूद वे दूसरे देशों की कंपनियों या कारोबारियों के जरिए वहां पहुंच सकते हैं. इसे सप्लाई चेन का गलत इस्तेमाल या तीसरे पक्ष के जरिए सामान की सप्लाई कहा जाता है. ऐसे रास्तों को रोकना आसान नहीं होता, क्योंकि सामान कई हाथों से गुजरने के बाद अंतिम खरीदार तक पहुंचता है. व्लासियुक ने कहा कि रास्पबेरी पाई के फ्लाइट कंट्रोल कंप्यूटर रूस के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं. इसलिए इनकी सप्लाई पर ज्यादा प्रभावी नियंत्रण जरूरी है.

जांच के घेरे में कंपनी

रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) अब रास्पबेरी पाई के उत्पादों के रूस तक पहुंचने के मामले की जांच कर रही है. यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कंपनी के मुनाफे में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि इस साल की पहली छमाही में कंपनी का मुनाफा तीन गुना बढ़कर 1.5 करोड़ पाउंड हो गया. इससे पहले रास्पबेरी पाई ने कहा था कि उसके उत्पादों का रूस तक पहुंचना निराशाजनक है और वह इस तरह के अवैध कारोबार की निंदा करती है.

ब्रिटिश सरकार ने क्या कहा?

ब्रिटिश सरकार ने भी इस मामले को गंभीर बताया है. सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि ब्रिटेन में बने सामान को रूस तक पहुंचाए जाने की खबरों को बेहद गंभीरता से लिया जाता है. यह मामला ब्रिटेन और उसके सहयोगी देशों के सामने एक बड़ी चुनौती भी दिखाता है. रूस पर प्रतिबंध लगाने और यूक्रेन को मदद देने के बावजूद पश्चिमी देशों में बने कुछ सामान तीसरे पक्षों के जरिए रूसी सैन्य उपकरणों तक पहुंच सकते हैं. ऐसे में सिर्फ सीधे निर्यात पर रोक लगाना काफी नहीं है, बल्कि यह पता लगाना भी जरूरी है कि सामान आखिर इस्तेमाल कहां हो रहा है.



Source link