ऋषिकेश की वो पुरानी दुकानें, जहां आज भी मिलता है सालों पुराना स्वाद, पीढ़ियां बदल गईं… नहीं बदला प्यार

ऋषिकेश की वो पुरानी दुकानें, जहां आज भी मिलता है सालों पुराना स्वाद, पीढ़ियां बदल गईं… नहीं बदला प्यार


Last Updated:

ऋषिकेश में ऐसी कई दुकानें हैं, जहां का खानपान भी लोगों के बीच खास जगह रखता है. शहर में कुछ ऐसी पुरानी दुकानें हैं, जो सालों से लोगों को अपने स्वाद का दीवाना बना रही हैं. आइए ऋषिकेश की ऐसी ही दुकानों के बारे में जानते हैं,

ऋषिकेश के तिलक रोड पर स्थित आनंद चाउमीन की दुकान शहर के उन पुराने ठिकानों में से एक है, जहां लोग सालों से नूडल्स का स्वाद लेने पहुंचते हैं. इसे ऋषिकेश की सबसे पुरानी नूडल्स की दुकानों में गिना जाता है. खास बात यह है कि यहां नूडल्स बाहर से मंगवाने के बजाय खुद दुकान पर ही तैयार किए जाते हैं. यही वजह है कि यहां मिलने वाले नूडल्स का स्वाद बाकी जगहों से थोड़ा अलग है.

इस दुकान को शुरू हुए 30 साल से भी ज्यादा का समय हो चुका है और इतने सालों में इसने कई पीढ़ियों को अपना स्वाद चखाया है. आनंद चाउमीन में सिर्फ नूडल्स ही नहीं, बल्कि फास्ट फूड की कई दूसरी चीजें भी मिलती हैं. यहां आने वाले लोग अपनी पसंद के हिसाब से अलग-अलग फास्ट फूड का स्वाद ले सकते हैं. हालांकि, दुकान की सबसे बड़ी पहचान आज भी यहां के नूडल्स ही हैं. 30 साल से अधिक समय से एक ही जगह पर लोगों को स्वाद परोस रही यह दुकान ऋषिकेश के खानपान से जुड़े पुराने नामों में शामिल है.

ऋषिकेश के तिलक रोड पर स्थित अग्रवाल नमकीन शहर की पुरानी और जानी-मानी नमकीन की दुकानों में से एक है. इस दुकान को शुरू हुए 30 साल से ज्यादा का समय हो चुका है. खास बात यह है कि यहां मिलने वाली सभी तरह की नमकीन रोजाना दुकान पर ही ताजी तैयार की जाती हैं. यही वजह है कि यहां आने वाले ग्राहकों को अलग-अलग स्वाद की ताजी नमकीन मिल जाती है. इतने सालों से अपने स्वाद और गुणवत्ता के दम पर यह दुकान स्थानीय लोगों के बीच अपनी पहचान बनाए हुए है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अग्रवाल नमकीन पर आपको कई तरह की नमकीन मिल जाएंगी. यहां आप अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग नमकीन को मिलाकर एक खास मिक्स भी तैयार करवा सकते हैं. यानी अगर आपको तीखा, हल्का मसालेदार या अलग-अलग स्वाद वाली नमकीन पसंद है, तो आप अपनी पसंद बताकर उसे अपने हिसाब से बनवा सकते हैं. दुकान की यही खासियत इसे दूसरी दुकानों से थोड़ा अलग बनाती है. पुराने स्वाद के साथ अपनी पसंद का मिक्स नमकीन तैयार करवाने के लिए यहां लोग पहुंचते हैं.

अगर आप मोमो खाने के शौकीन हैं, तो ऋषिकेश में हीरा लाल मार्ग पर स्थित नीमा मोमो शॉप आपके लिए बेस्ट है. इसे ऋषिकेश की पहली मोमो शॉप के रूप में जाना जाता है. यहां मोमोज की 51 से ज्यादा वैरायटी मिलती हैं, जो इसे दूसरी दुकानों से अलग बनाती हैं. खास बात यह है कि यहां आपको एक-दो नहीं, बल्कि कई तरह के स्वाद और फ्लेवर में मोमोज खाने को मिल जाएंगे. आप अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग वैरायटी ट्राई कर सकते हैं.

नीमा मोमो शॉप की सबसे बड़ी खासियत यहां मिलने वाली मोमोज की इतनी सारी वैरायटी हैं. यहां की मोमो रेंज इतनी बड़ी है कि आपको शायद ही ऋषिकेश में किसी दूसरी जगह इतनी वैरायटी एक साथ देखने को मिले. मोमोज के साथ ही यहां लाफिंग भी मिलती है, जो युवाओं के बीच काफी पसंद की जाती है. अगर आप हर बार एक ही तरह के मोमोज खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो हीरा लाल मार्ग पर स्थित इस दुकान के मोमो खा सकते हैं.

ऋषिकेश के रेलवे रोड पर स्थित गढ़वाल फास्ट फूड अपनी चटपटी चाट और स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड के लिए जाना जाता है. इस दुकान को शुरू हुए 40 साल से भी ज्यादा का समय हो चुका है. इतने सालों से यहां का स्वाद लोगों के बीच अपनी खास पहचान बनाए हुए है. खासतौर पर यहां मिलने वाली गरमा-गरम आलू टिक्की और कुरकुरे गोलगप्पे खाने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंचते हैं.

यहां की टिक्की को गर्मागर्म परोसा जाता है, जिसका स्वाद चटनी और मसालों के साथ और भी बढ़ जाता है. वहीं, गोलगप्पों का कुरकुरापन और उनका चटपटा पानी लोगों को खूब पसंद आता है. समय के साथ शहर में कई नए फास्ट फूड और चाट के ठिकाने खुल गए हैं, लेकिन गढ़वाल फास्ट फूड ने अपने पुराने स्वाद और पहचान को बरकरार रखा है. अगर आप भी गोलगप्पे और टिक्की खाने के शौकीन है तो यहां गोलगप्पे और टिक्की ट्राई कर सकते हैं.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link