Best Camping Sites in Rishikesh: अगर आप रोज की भागदौड़ और शहर के शोर-शराबे से दूर कुछ समय सुकून से बिताना चाहते हैं, तो उत्तराखंड में स्थित ऋषिकेश की वादियों में कैंपिंग करना एक अच्छा विकल्प है. यहां नदी की आवाज, पहाड़ों का खूबसूरत नजारा और खुले आसमान के नीचे टेंट में रात बिताने का अलग ही अनुभव मिलता है. लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान तयाल एडवेंचर टूर एंड ट्रेवल्स के मालिक अमित ने बताया कि ऋषिकेश उत्तराखंड का एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है, जो गंगा नदी, पहाड़ों और प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है. हर साल यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने आते हैं.
प्रकृति के करीब टेंट में बिताएं यादगार रात
ऋषिकेश सिर्फ मंदिरों और योग के लिए ही नहीं, बल्कि एडवेंचर और कैंपिंग के लिए भी काफी पसंद किया जाता है. यहां शहर से थोड़ी दूर जाते ही नदी किनारे और पहाड़ों के बीच कई ऐसी जगहें मिल जाती हैं, जहां आप टेंट में रहकर प्रकृति के करीब समय बिता सकते हैं. सुबह पक्षियों की चहचहाहट के साथ उठना, ठंडी हवा का आनंद लेना और रात में खुले आसमान के नीचे तारों को देखना इस अनुभव को और खास बना देता है. यही वजह है कि दोस्तों और परिवार के साथ कुछ दिन सुकून से बिताने के लिए ऋषिकेश कैंपिंग एक बेहतरीन विकल्प है.
शिवपुरी से लेकर मोहनचट्टी तक, कैंपिंग के प्रमुख स्पॉट्स
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश में कैंपिंग के लिए कई ऐसी जगहें हैं, जहां आप अपनी पसंद के हिसाब से टेंट में रुकने का अनुभव ले सकते हैं. इनमें सबसे पसंद की जाने वाली जगह है शिवपुरी. यहां पहुंचना बेहद आसान है और ऋषिकेश से बस या शेयरिंग जीप जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट के विकल्प भी आसानी से मिल जाते हैं. यहां कई कैंप से गंगा नदी और पहाड़ों का मनमोहक नजारा देखने को मिलता है.
वहीं, अगर आप भीड़भाड़ से दूर पहाड़ों के बीच एकांत में समय बिताना चाहते हैं, तो मोहनचट्टी का रुख कर सकते हैं. यहां चारों तरफ हरियाली, ऊंचे पहाड़ और तैरते बादलों का खूबसूरत दृश्य देखने को मिलता है. इसके अलावा ब्यास घाट में नदी किनारे शांत माहौल और पहाड़ों के नैसर्गिक सौंदर्य का आनंद ले सकते हैं. कौड़ियाला अपनी प्राकृतिक सुंदरता और रिवर राफ्टिंग के लिए मशहूर है, जबकि घट्टू घाट और फूलचट्टी में भी हरियाली और नदी के आसपास कैंपिंग के कई शानदार विकल्प मौजूद हैं.
महज 1200 रुपये से शुरू होते हैं पैकेज, मिलेंगी ये सभी सुविधाएं
ऋषिकेश में कैंपिंग का खर्च भी आपकी जेब पर बिल्कुल भारी नहीं पड़ता. यहां कई कैंपिंग पैकेज की शुरुआत करीब 1200 रुपये प्रति व्यक्ति से हो जाती है. इस बजट पैकेज में आमतौर पर ठहरने के साथ-साथ ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर भी शामिल रहता है. इसके अलावा शाम के वक्त चाय और स्नैक्स परोसे जाते हैं. कई कैंप में स्विमिंग पूल की सुविधा भी मिलती है, जहां आप दोस्तों के साथ मौज-मस्ती कर सकते हैं.
वहीं, रात के समय कैंपिंग साइट्स पर म्यूजिक का भरपूर आनंद लेने को मिलता है. सर्दियों के मौसम में तो कैंपिंग का रोमांच कई गुना बढ़ जाता है, क्योंकि शाम ढलते ही बोनफायर की खास व्यवस्था की जाती है, जहां आप सर्द हवाओं के बीच अलाव के इर्द-गिर्द अपनों के साथ बैठकर यादगार लम्हे बिता सकते हैं.