झुंझुनूं: दीपावली पर घरों और मंदिरों में दीप जलाने की परंपरा तो सदियों पुरानी है, लेकिन झुंझुनूं के सूरजगढ़ महल परिसर स्थित ऐतिहासिक सीताराम मंदिर का दीपोत्सव कुछ अलग पहचान रखता था. यहां दीपावली की तैयारियां दशहरे से ही शुरू हो जाती थीं. विजयादशमी पर शस्त्र पूजन के बाद मंदिर में दीपक जलाने का सिलसिला शुरू होता और हर दिन दीपकों की संख्या बढ़ती जाती. दीपावली पर पूरा मंदिर और महल परिसर 10 हजार से अधिक घी के दीपकों की रोशनी से जगमगा उठता था. यह परंपरा भैया दूज तक जारी रहती थी.
करीब 246 साल पुराने इस मंदिर में शक्ति आराधना, शौर्य परंपरा और दीपोत्सव का अनूठा संगम देखने को मिलता था. पंच पाना रियासत के ठाकुर सूरजमल ने वर्ष 1780 में अपनी नियमित आराधना के लिए सूरजगढ़ महल परिसर में भगवान श्रीराम और माता सीता का मंदिर बनवाया था. मंदिर में अष्टधातु की प्रतिमाएं स्थापित करवाई गईं और दिन में चारों पहर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की व्यवस्था की गई थी. इसके लिए पुजारी परिवार भी नियुक्त किया गया था.
1975 में गायब हुईं अष्टधातु की प्रतिमाएं, 35 साल तक चित्र की पूजा
मंदिर के इतिहास में वर्ष 1975 एक बड़ा बदलाव लेकर आया। इसी साल शासक परिवार के वंशजों ने सूरजगढ़ महल बेच दिया. इसके बाद मंदिर से भगवान श्रीराम और माता सीता की अष्टधातु की प्रतिमाएं गायब हो गईं. प्रतिमाएं नहीं होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई. मंदिर तक पहुंचने का रास्ता खुलवाने के प्रयासों के बाद नियमित पूजा-अर्चना फिर शुरू हुई. भक्तों ने भगवान के कागज पर बने चित्र को ही प्रतिमा स्वरूप मानकर पूजा जारी रखी.
करीब 35 वर्षों तक इसी चित्र के माध्यम से आराधना होती रही. वर्ष 2010 में जयपुर से भगवान श्रीराम और माता सीता की नई प्रतिमाएं मंगवाकर मंदिर में विधि-विधान से स्थापित की गईं. इसके साथ ही मंदिर में फिर से प्रतिमा स्वरूप में पूजा-अर्चना शुरू हुई.
नवरात्र में शक्ति पूजा, दशहरे पर होता था शस्त्र पूजन
इस मंदिर की विशेषता केवल सीतारामजी की आराधना तक सीमित नहीं थी. ठाकुर सूरजमल ने मां भवानी के प्रतीक स्वरूप एक शिला पर मां शक्ति के हाथ की प्रतिष्ठा भी करवाई थी. आश्विन नवरात्र के नौ दिनों में यहां मां शक्ति की विशेष पूजा-अर्चना होती थी. इसके बाद विजयादशमी पर शस्त्र पूजन किया जाता था.
दशहरे से ही मंदिर में दीपोत्सव की शुरुआत हो जाती थी. प्रतिदिन दीपकों की संख्या बढ़ाई जाती और दीपावली पर 10 हजार से अधिक घी के दीपक प्रज्वलित किए जाते थे. राजपरिवार की रानियां और सदस्य भी इस आयोजन में शामिल होते थे. भैया दूज पर विशेष पूजा के साथ दीपोत्सव का समापन होता था. इस तरह मंदिर में शक्ति उपासना, शस्त्र पूजन और दीपोत्सव एक ही परंपरा के रूप में जुड़े हुए थे.
अब साल में दो प्रमुख आयोजन
मंदिर के व्यवस्थापक महेश कुमार (ढाणीवाले) के अनुसार, वर्तमान में मंदिर में सालभर में दो प्रमुख धार्मिक आयोजन होते हैं. पहला आयोजन 23 जून को मूर्ति स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है. दूसरा प्रमुख आयोजन रामनवमी पर होता है, जब मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं.
आस्था आज भी मंदिर की सबसे बड़ी पहचान
करीब ढाई शताब्दियों के इतिहास में इस मंदिर ने पंच पाना रियासत का वैभव, हजारों दीपकों से सजे दीपोत्सव की भव्यता, अष्टधातु की प्रतिमाओं के गायब होने का दौर और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के साक्षी बनकर समय के कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. आज भले ही यहां पहले जैसी भव्य दीपोत्सव परंपरा दिखाई नहीं देती, लेकिन सीतारामजी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था आज भी मंदिर की सबसे बड़ी पहचान बनी हुई है.