पहले SU-35 जेट, अब 90 मिसाइल लॉन्चर, ईरान को हथियार देकर अमेरिका से चुन-चुनकर बदला ले रहे पुतिन?

पहले SU-35 जेट, अब 90 मिसाइल लॉन्चर, ईरान को हथियार देकर अमेरिका से चुन-चुनकर बदला ले रहे पुतिन?


Last Updated:

रूसी रक्षा उद्योग के आंतरिक दस्तावेजों के आधार पर दावा किया गया है कि रूस ने ईरान के लिए 90 मिसाइल लॉन्चर तैयार करने का अनुबंध किया था. यूक्रेनी रिसर्च समूह डलास एनालिटिक्स के मुताबिक, यह सौदा K-10 कोड के तहत हुआ. इससे ईरान की सैन्य क्षमता बढ़ सकती है. यूक्रेन युद्ध में अमेरिका की सैन्य मदद के बीच रूस की इस भूमिका को वॉशिंगटन के खिलाफ रणनीतिक जवाब के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि बदले की मंशा साबित नहीं हुई है.

Zoom

ईरान को मदद दे रहा रूस.

Russia Iran Relation: अमेरिका ने यूक्रेन को हथियार, सैन्य उपकरण और खुफिया जानकारी देकर रूस के खिलाफ उसकी मदद की थी. अब जब रूस को बदला लेने का मौका मिला तो वो पीछे नहीं हुआ. अब ईरान के साथ अमेरिका की जंग में रूस की भूमिका को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है. दावा है कि रूस ने युद्ध शुरू होने से पहले ही ईरान की सैन्य ताकत बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की थी. रूसी रक्षा उद्योग के आंतरिक दस्तावेजों के मुताबिक, तेहरान के लिए 90 मिसाइल लॉन्चर तैयार करने का एक कॉन्ट्रैक्ट किया गया था. अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो यह अमेरिका के खिलाफ ईरान की सैन्य तैयारी में रूस की भूमिका का बड़ा संकेत है. इससे कुछ दिन पहले ही ईरान ने कहा था कि वह रूस से SU-35 जेट खरीद रहा है.

यूक्रेनी रक्षा खुफिया से जुड़े रिसर्च समूह डलास एनालिटिक्स ने रूस के रक्षा उद्योग के कुछ आंतरिक दस्तावेज हासिल कर उन्हें सार्वजनिक किया है. इन दस्तावेजों में ‘K-10’ नाम से एक अनुबंध का जिक्र है. फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कोड का इस्तेमाल ईरान के लिए किया गया था. दस्तावेज बताते हैं कि इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत सटीक निशाना लगाने वाली मिसाइलों के लिए 90 APU-L लॉन्चर तैयार किए जाने थे. इन लॉन्चरों के लिए जरूरी कलपुर्जों की आपूर्ति रूस की उत्पादन व्यवस्था में 2024 के आखिरी महीनों से लेकर दिसंबर 2025 तक तय की गई थी. हालांकि, डॉक्यूमेंट यह साबित नहीं करते कि सभी लॉन्चर तैयार होकर ईरान पहुंच भी गए. लेकिन डलास एनालिटिक्स ने इसे रूस से ईरान को सैन्य सामान देने के कॉन्ट्रैक्ट का मजबूत सबूत बताया है.

रूस ने अमेरिका के खिलाफ ईरान को कैसे मजबूत किया?

इस पूरे मामले में सबसे अहम बात ‘K-10’ कोड है. डलास एनालिटिक्स ने दूसरे रूसी डॉक्यूमेंट्स के आधार पर दावा किया है कि यह कोड ईरान के लिए इस्तेमाल होता था. अक्टूबर 2022 के एक दस्तावेज में याक-130 विमान के उपकरणों की आपूर्ति से जुड़ी मांग दर्ज है. इसमें सामान पाने वाले पक्ष के रूप में ‘K10 Iran’ लिखा गया था. इस दस्तावेज पर रूसी रक्षा मंत्रालय के 704वें सैन्य प्रतिनिधि कार्यालय के कार्यवाहक प्रमुख के हस्ताक्षर भी थे. एक अन्य रूसी उत्पादन रिकॉर्ड में K-10 के लिए छह याक-130 विमानों का जिक्र था. सितंबर 2023 में ईरान के सरकारी मीडिया ने इन विमानों के अपनी वायुसेना में शामिल होने की तस्वीरें दिखाई थीं. डलास एनालिटिक्स के मुताबिक, ईरान के एक याक-130 विमान का टेल नंबर रूसी फैक्ट्री के रिकॉर्ड में दर्ज नंबर से मेल खाता है. इससे रिसर्च समूह का दावा मजबूत होता है कि K-10 कोड के जरिए रूस और ईरान के बीच सैन्य सामान की आपूर्ति का काम चल रहा था.

90 लॉन्चर से ईरान को क्या फायदा हो सकता है?

रिपोर्ट के मुताबिक, APU-L लॉन्चर रूस की LMUR मिसाइल दागने के लिए बनाए गए हैं. इसे प्रोडक्ट 305 या Kh-39 के नाम से भी जाना जाता है. यह सटीक निशाना लगाने वाली मिसाइल है, जिसका इस्तेमाल हेलिकॉप्टर से किया जा सकता है. इस मिसाइल का वजन करीब 230 पाउंड है और इसमें 55 पाउंड का वारहेड होता है. इसकी खासियत यह है कि उड़ान के दौरान भी इसे ऑपरेटर की मदद से नियंत्रित किया जा सकता है. इसमें इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम और दोतरफा रेडियो संपर्क की सुविधा होती है. आसान भाषा में समझें तो ऑपरेटर मिसाइल के लक्ष्य पर पहुंचने तक उसकी दिशा और निशाने से जुड़ी जानकारी पर नजर रख सकता है.

ईरान पहले ही रूस से Mi-28 अटैक हेलिकॉप्टर खरीदने की योजना सार्वजनिक कर चुका है. ये हेलिकॉप्टर उन विमानों में शामिल हैं, जिनसे LMUR जैसी मिसाइलें दागी जा सकती हैं. जनवरी 2026 में ईरान में Mi-28NE हेलिकॉप्टरों के पहले निर्यात संस्करण की तस्वीरें भी सामने आई थीं. इस तरह लॉन्चर, मिसाइल और हेलिकॉप्टर की आपूर्ति से जुड़ी कड़ियां ईरान की सैन्य क्षमता बढ़ाने की संभावित रूसी कोशिश की तरफ इशारा करती हैं. हाल ही में ईरान ने साफ किया था कि वह रूस से SU-35 जेट खरीदने की डील पूरी कर चुका है.



Source link