‘मैं आपकी दयालुता कभी नहीं भूलूंगा’,उत्तराखंड विवाद के बाद दलेर मेहंदी ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, लिखा भावुक पोस्ट

‘मैं आपकी दयालुता कभी नहीं भूलूंगा’,उत्तराखंड विवाद के बाद दलेर मेहंदी ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, लिखा भावुक पोस्ट


Last Updated:

हाल ही में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने एक इवेंट के दौरान मंच से उन्हें फटकार लगाई थी. इतना ही नहीं उन्होंने दलेर को अपमानित करते हुए कहा था कि वह नशे में हैं. इसके बाद उनके भाई मीका सिंह ने उनका पूरा साथ दिया था. अब दलेर मेहंदी ने इस विवाद के बाद पहली बार अपनी बात रखते हुए कहा है कि उनके परिवार के अटूट समर्थन और फैंस के प्यार ने उन्हें ताकत दी है, जिससे यह दिवाली उनके लिए बेहद खास हो गई है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

दलेर मेंहदी का पोस्ट वायरल

नई दिल्ली. पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों एक विवाद को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने एक कार्यक्रम के दौरान मंच से उन्हें फटकार लगाई थी. मंत्री ने उन पर नशे की हालत में परफॉर्म करने का आरोप लगाया था. इस घटना के बाद दलेर मेहंदी को सोशल मीडिया पर अपने फैंस और फिल्मी दुनिया से जुड़े कई लोगों का समर्थन मिला. अब सिंगर ने सभी का शुक्रिया अदा करते हुए एक लंबा भावुक पोस्ट शेयर किया है.

बीते दिनों दलेर मेहंदी को लेकर खूब विवाद हुआ था. उस वक्त इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उनका पूरा सपोर्ट किया था. लेकिन इस पूरे विवाद में कहीं भी दलेर की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी, अब खुद उन्होंने पोस्ट शेयर कर अपनी बात रखी है और अपने भाई और फैंस का शुक्रिया अदा किया है.

दलेर मेहंदी ने शेयर की भावुक पोस्ट

दलेर मेहंदी ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट लिखकर बताया कि मुश्किल समय में उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों ने जिस तरह उनका साथ दिया, वह उनके लिए बेहद मायने रखता है. उन्होंने कहा कि सालों से उन्हें अपने गानों और स्टेज परफॉर्मेंस के जरिए लोगों का प्यार मिलता रहा है, लेकिन हाल के दिनों में जिस तरह लोगों ने उनके पक्ष में आवाज उठाई, उसने उन्हें भावुक कर दिया. सिंगर ने लिखा कि उन्होंने लोगों के मैसेज पढ़े, उनकी बातें सुनीं और उनके प्यार को महसूस किया है. इस पूरे समय में उनका परिवार सबसे बड़ी ताकत बनकर उनके साथ खड़ा रहा.

भाई मीका सिंह के लिए कही दिल छू लेने वाली बात

दलेर मेहंदी ने अपने छोटे भाई और मशहूर सिंगर मीका सिंह की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि मीका ने जरूरत के समय मजबूती से उनका साथ दिया और उनके लिए खुलकर आवाज उठाई. दलेर ने मीका को ऐसा मजबूत सहारा बताया, जिसने मुश्किल घड़ी में उनका हौसला बढ़ाया. इसके अलावा उन्होंने अपनी पत्नी तरन, गुरदीप और अपनी बेटियों रबाब, अजीत और प्रभजोत का भी खास तौर पर जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पत्नी तरन के साहस और भरोसे, गुरदीप के धैर्य और बेटियों के बेशर्त प्यार ने उन्हें इस मुश्किल दौर में संभाले रखा.

दलेर मेंहदी ने शेयर की दिल की बात
फोटो साभार :instagram@thedalermehndiofficial

लोगों के प्यार को बताया सबसे बड़ा तोहफा

दलेर मेहंदी ने म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लोगों, देशभर के प्रशंसकों और उनका साथ देने वाले सभी लोगों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें जिस तरह प्यार, सम्मान और भरोसा दिया है, उसे वह हमेशा याद रखेंगे. सिंगर ने अपनी पोस्ट में ‘इक ओंकार’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस मुश्किल समय ने उन्हें एक बार फिर प्यार और एकता का असली मतलब समझाया है. उनके मुताबिक, परिवार सिर्फ वे लोग नहीं होते जिनके साथ हमारा जन्म से रिश्ता होता है, बल्कि वे लोग भी परिवार होते हैं जो जरूरत पड़ने पर हमारे साथ खड़े रहते हैं.

बता दें कि उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर किसी कलाकार के काम और उसके योगदान की चर्चा उसके जाने के बाद होती है, लेकिन वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें अपनी जिंदगी में ही लोगों का इतना प्यार और सम्मान देखने का मौका मिला. दलेर ने अंत में कहा कि भले ही वह हर मैसेज का जवाब नहीं दे पाए हों, लेकिन लोगों के प्यार और समर्थन को उन्होंने महसूस किया है और इसे कभी नहीं भूलेंगे.उन्होंने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि घरों में जलने वाले दीयों से भी ज्यादा खास वह रोशनी है, जो लोगों के प्यार ने उनके दिल में जलाई है.



Source link