कानपुर: 20 दिन के मासूम को सीने से चिपकाए थी मां, तभी भरभराकर गिरी घर की छत, दबकर सास की भी मौत

कानपुर: 20 दिन के मासूम को सीने से चिपकाए थी मां, तभी भरभराकर गिरी घर की छत, दबकर सास की भी मौत


Last Updated:

Kanpur Building Collapsed: कानपुर में दिवाली की सुबह एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. पनकी थाना क्षेत्र के पनकी पड़ाव इलाके में रविवार सुबह एक 35 साल पुराने मकान की कच्ची छत अचानक भरभराकर गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबकर सास विनोदनी शुक्ला (60), बहू अंशिका शुक्ला (28) और महज 20 दिन के मासूम पोते आरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा हर्ष शुक्ला (32) घायल हो गया.

Zoom

कानपुर हादसे में सास, बहू और 20 दिन के बच्चे की मौत.

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में रोशनी के पर्व दिवाली की सुबह चीख-पुकार और मातम में बदल गईं. रविवार की सुबह एक मकान की छत अचानक भरभराकर जमींदोज हो गई. यह दर्दनाक हादसा पनकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पनकी पड़ाव इलाके में सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ. छत गिरने की तेज आवाज सुनते ही पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए मौके की तरफ दौड़ पड़े. इस हृदयविदारक घटना में एक ही परिवार की दो महिलाओं और एक दुधमुंहे बच्चे की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

इस हादसे में सबसे मार्मिक पहलू तब सामने आया जब स्थानीय लोगों और बचाव टीम ने मलबा हटाया. हादसे के ठीक वक्त 28 वर्षीय बहू अंशिका शुक्ला अपने महज 20 दिन के नवजात बेटे आरव को गोद में लेकर दूध पिला रही थीं. अचानक छत गिरने पर मां ने अपनी जान की परवाह किए बिना मासूम को बचाने की पूरी कोशिश की. पड़ोसियों के मुताबिक, जब मलबा हटाया गया तो अंशिका पेट के बल पड़ी मिलीं और उन्होंने अपने कलेजे के टुकड़े आरव को अपने सीने के नीचे कसकर पकड़ा हुआ था.

35 साल पुराने कच्चे मकान की छत बनी काल
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा 65 वर्षीय अवधेश शुक्ला के 35 साल पुराने एक मंजिला पुश्तैनी मकान में हुआ. चार कमरों वाले इस मकान की छत बांस-बल्लियों और मिट्टी से बनी हुई थी. घटना के समय अवधेश की पत्नी विनोदनी शुक्ला (60), बेटा हर्ष (32), बहू अंशिका और पोता आरव कच्चे कमरे में मौजूद थे. हर्ष और अंशिका की शादी दो साल पहले ही हुई थी और 20 दिन पहले ही घर में बेटे की किलकारी गूंजी थी. छत गिरने से विनोदनी के सिर में गंभीर चोट आई और सभी मलबे में दब गए. चीख-पुकार सुनकर अवधेश, उनका दूसरा बेटा राजू (29), पड़ोसी, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. सभी को कल्याणपुर सीएचसी व नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सास, बहू और पोते को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल हर्ष का इलाज चल रहा है.

पानी के रिसाव से छत गिरने की आशंका: डीसीपी पश्चिम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी भारी पुलिस बल और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे. डीसीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मकान की छत मिट्टी की और कच्ची थी, जिसमें पानी के रिसाव के कारण वजन बढ़ गया और वह कमजोर होकर अचानक गिर गई. किसी पड़ोसी द्वारा छत पर पानी भरे जाने के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में अभी ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है. पुलिस ने तीनों शवों का पंचायतनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पीड़ित परिवार को राजस्व विभाग की ओर से हर संभव सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.



Source link