मुफ्त बिजली नहीं चाहिए तो बिहार के लोग छोड़ सकते हैं लाभ, 1 दिसंबर से ‘गिव इट अप’ अभियान, सम्राट सरकार करेगी ‘आग्रह’

मुफ्त बिजली नहीं चाहिए तो बिहार के लोग छोड़ सकते हैं लाभ, 1 दिसंबर से ‘गिव इट अप’ अभियान, सम्राट सरकार करेगी ‘आग्रह’


Last Updated:

Bihar CM Samrat Choudhary,: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश में मुफ्त बिजली योजना को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि 1 दिसंबर से सरकार अभियान चलाएगी और लोगों से आग्रह करेगी कि जिन्हें मुफ्त बिजली नहीं लेनी है, वे अपनी स्वेच्छा से इसका लाभ न लें. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी.

पटना. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दीपावली के पावन अवसर पर पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित एक दलित बस्ती में पहुंचे. वहां उन्होंने महादलित परिवारों के साथ पारंपरिक रूप से दीप जलाए और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सभी को त्योहार की बधाई दी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए राज्य कल्याण और विकास से जुड़े कई बड़ी प्रशासनिक घोषणाएं भी कीं. उनका सबसे बड़ा बयान मुफ्त बिजली योजना को लेकर आया, जिसमें उन्होंने 1 दिसंबर से पूरे राज्य में एक विशेष सरकारी अभियान शुरू करने की घोषणा की है. बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आर्थिक रूप से सक्षम लोगों से स्वेच्छा से अपनी मुफ्त बिजली सब्सिडी छोड़ने की अपील की है.

मुफ्त बिजली छोड़ने के लिए 1 दिसंबर से चलेगा विशेष अभियान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिजली योजना की जानकारी बस्ती के लोगों के बीच साझा की. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के 1 करोड़ 93 लाख परिवारों को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है. मुख्यमंत्री ने जनता से एक विशेष आग्रह करते हुए कहा कि जो लोग आर्थिक रूप से समृद्ध हैं और स्वेच्छा से इस मुफ्त योजना का लाभ नहीं लेना चाहते हैं, वे इसे छोड़ दें. सरकार ऐसे सक्षम नागरिकों को जागरूक करने और इस सब्सिडी को छोड़ने (गिव इट अप) के लिए 1 दिसंबर से पूरे बिहार में एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है, ताकि योजना का लाभ सीधे तौर पर केवल जरूरतमंदों को मिल सके.

21 नवंबर को पीएम मोदी का वैशाली दौरा, बिहार को मिलेंगी बड़ी सौगातें

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी बिहार दौरे की जानकारी देते हुए इसे राज्य के लिए बेहद खुशी की बात बताया. उन्होंने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली की ऐतिहासिक धरती पर आ रहे हैं. इस खास मौके पर बिहार में वर्तमान एनडीए सरकार का 1 साल का कार्यकाल भी पूरा होने जा रहा है. प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान बिहार के चौमुखी विकास के लिए कई नई और बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिससे राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर और जन-कल्याणकारी कार्यों को एक नई रफ्तार मिलेगी.

नक्सलियों के गढ़ बस्तर में पीएम मोदी के कार्यक्रम की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर का दौरा करने और वहां सीधे जनता से संवाद करने पर भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बस्तर जैसे संवेदनशील इलाके में जाकर कार्यक्रम करना यह स्पष्ट करता है कि केंद्र सरकार देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना चाहती है. पूर्व के समय में जहां केवल गोलियों की गूंज होती थी, वहां आज मोदी सरकार की नीतियों की वजह से शांति और चौतरफा विकास की बयार बह रही है.



Source link