Last Updated:
Muhurat Trading : मुहूर्त ट्रेडिंग में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं. निफ्टी ऑटो भी करीब आधा फीसदी उछल गया है. ज्यादातर बड़े ऑटो स्टॉक्स तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं.
मुहूर्त ट्रेडिंग में शेयर बाजार में जोरदार तेजी आई है.
नई दिल्ली. दिवाली के अवसर पर आयोजित विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र में शेयर बाजार जोरदार तेजी के साथ नए संवत का स्वागत किया है. समाचार लिखे जाने तक सेंसेक्स 1928 अंक उछलकर 81238 अंक पर कारोबार कर रहा था. निफ्टी 50 भी 533 अंकों के उछाल के साथ 25000 से ऊपर निकल गया. निफ्टी ऑटो में भी आज तेजी है और यह 153 अंक उछल गया है. त्योहारी मांग और मजबूत बिक्री आंकड़ों के दम पर ऑटो कंपनियों के शेयरों में तेजी है.
ऑटो सेक्टर में सबसे जोरदार तेजी हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोक लीलैंड (Ashok Leyland) में दर्ज की गई. अशोक लीलैंड का शेयर 2.69 फीसदी की लंबी छलांग लगाकर ₹176.72 पर पहुंच गया. इस दौरान ₹65.89 करोड़ मूल्य के कुल 37.61 लाख शेयरों का भारी वॉल्यूम देखने को मिला. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) भी निवेशकों की पसंद बनी रही और इसका शेयर 0.73 फीसदी चढ़कर ₹12,843 के स्तर पर पहुंच गया. हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai) का शेयर 0.78 फीसदी की बढ़त के साथ ₹2,146.60 पर कारोबार करता दिखा.
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) के शेयर ने भी 1.03 फीसदी की बढ़त दर्ज की और ₹295 के भाव पर पहुंच गया. वहीं, हीरो मोटोकॉर्प और उनो मिंडा के शेयर दबाव के चलते लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं.
ऑटो एंसिलरी स्टॉक्स में भी रौनक
गाड़ियों के पुर्जे और कंपोनेंट्स बनाने वाली कंपनियों में भी मुहूर्त ट्रेडिंग का उत्साह साफ दिखा. सोना बीएलडब्ल्यू प्रिसिजन फोर्जिंग (SONACOMS) का शेयर 1.03 फीसदी की बढ़त लेकर ₹909.25 के स्तर पर पहुंचा, जिसमें करीब ₹15.38 करोड़ के शेयरों का कारोबार हुआ. वहीं, मदरसन इंटरनेशनल (Samvardhana Motherson) भी 0.95 फीसदी की तेजी के साथ ₹160.05 पर कारोबार कर रहा है.