Last Updated:
Russia-Ukraine War Intensfies: रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध एक बार फिर से बढ़ रहा है. एक तरफ तो दोनों के बीच सीजफायर और समझौते पर बात हो रही थी, वहीं दूसरी ओर रूस ने ऐलान कर दिया है कि वो यूक्रेन की ओर से लड़ने वाले विदेशी सैनिकों को भी नहीं छोड़ेगी.
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है. एक तरफ रूस ने यूक्रेन में विदेशी सैनिकों की तैनाती को लेकर पश्चिमी देशों को खुली चेतावनी दी है, तो दूसरी तरफ कीव समेत यूक्रेन के कई इलाकों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं. मॉस्को ने साफ कर दिया है कि यूक्रेन में किसी भी विदेशी सैन्य टुकड़ी की मौजूदगी को रूस अपने लिए खतरा मानेगा और ऐसी इकाइयों को निशाना बनाने से पीछे नहीं हटेगा.
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा है कि यूक्रेन में तैनात होने वाली किसी भी विदेशी सैन्य इकाई को वैध सैन्य निशाना माना जाएगा. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब ब्रिटेन और फ्रांस समेत कई पश्चिमी देश यूक्रेन में बहुराष्ट्रीय सैन्य बलों की तैनाती की योजना पर काम कर रहे हैं. जखारोवा ने आरोप लगाया कि पश्चिमी देश रूस की सुरक्षा चिंताओं को नजरअंदाज कर रहे हैं और यूक्रेन में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाकर संघर्ष को और भड़काना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि चाहे विदेशी सैनिकों की तैनाती किसी गठबंधन के तहत हो या किसी दूसरे समूह के जरिए, रूस इसे स्वीकार नहीं करेगा.
कीव पर 172 ड्रोन और 36 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला
रूस की चेतावनी के बीच यूक्रेन पर भीषण हमले जारी हैं. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक 6 अक्टूबर की रात रूस ने 172 ड्रोन और 36 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया. सभी मिसाइलों का निशाना राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाके थे.इन हमलों में ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे को मुख्य रूप से निशाना बनाया गया. इसके कारण कई इलाकों में बिजली, पानी और हीटिंग की आपूर्ति प्रभावित हुई. रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा और एक किंडरगार्टन भी आंशिक रूप से तबाह हो गया. हमलों में एक बच्चे समेत नौ लोग घायल हुए हैं. जेलेंस्की ने बताया कि परमाणु ऊर्जा संयंत्रों को बिजली आपूर्ति से जोड़ने वाले सबस्टेशन भी हमले की चपेट में आए हैं. इससे यूक्रेन की ऊर्जा व्यवस्था पर दबाव और बढ़ गया है.
शांति वार्ता के बीच रूस का सख्त रुख
दिलचस्प बात यह है कि रूस, अमेरिका और यूक्रेन के प्रतिनिधियों की 10 और 11 नवंबर को अबू धाबी में बैठक प्रस्तावित है. इस बातचीत का उद्देश्य युद्ध खत्म करने के रास्ते तलाशना है लेकिन वार्ता से ठीक पहले रूस के हमले और सख्त बयानबाजी ने शांति की उम्मीदों को झटका दिया है. रूस का कहना है कि वह अपने सैन्य अभियान के उद्देश्यों को पूरा करके ही रहेगा वहीं जेलेंस्की ने अमेरिका से सैन्य और आर्थिक मदद जारी रखने की अपील की है. कुल मिलाकर मॉस्को के ताजा रुख से साफ है कि रूस फिलहाल पीछे हटने के मूड में नहीं है. विदेशी सैनिकों की तैनाती को लेकर उसकी चेतावनी और कीव पर लगातार हमले इस बात का संकेत हैं कि शांति वार्ता के बावजूद युद्ध का मोर्चा शांत होने के बजाय और गर्म हो सकता है.