Success Story: पिता की एक सीख से बदली जिंदगी, बेटी बनी यूनिवर्सिटी टॉपर, 5 गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास

Success Story: पिता की एक सीख से बदली जिंदगी, बेटी बनी यूनिवर्सिटी टॉपर, 5 गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास


Last Updated:

Auto Driver Daughter Renuka Success Story: ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करने वाले पिता की बेटी ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी कामयाबी हासिल की है. तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के कासाला गांव की रेणुका ने उस्मानिया यूनिवर्सिटी से एमएससी केमिस्ट्री में पहली रैंक हासिल करने के साथ 5 गोल्ड मेडल जीते हैं. इनमें एक गोल्ड मेडल एमएससी ओवरऑल केमिस्ट्री और चार गोल्ड मेडल ऑर्गेनिक केमिस्ट्री स्पेशलाइजेशन के लिए मिले हैं. करीब 15 साल पहले उनका परिवार बेहतर आजीविका की तलाश में गांव से शहर आया था. पिता ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे. आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. रेणुका ने भी पिता की सीख को जीवन का मंत्र बनाया और रोजाना पढ़ाई के साथ परीक्षा के दिनों में 10 से 12 घंटे मेहनत की. उनकी सफलता आज दूसरे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है.

हैदराबाद. कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हो और मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो तंगहाली भी आड़े नहीं आती. इस बात को संगारेड्डी जिले के हथनूरा मंडल स्थित कासाला गांव की एक होनहार छात्रा ने सच कर दिखाया है. एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली इस बेटी ने प्रतिष्ठित उस्मानिया यूनिवर्सिटी से एमएससी केमिस्ट्री में न सिर्फ पहली रैंक हासिल की, बल्कि 5 गोल्ड मेडल जीतकर पूरे इलाके और अपने परिवार का नाम रोशन किया है.

छात्रा रेणुका का परिवार करीब 15 साल पहले बेहतर आजीविका की तलाश में अपने गांव से शहर आया था. उनके पिता ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. गांव में जब ऑटो चलाने में दिक्कतें आने लगी, तो परिवार ने नया रास्ता चुना. मुश्किल दिनों में ननिहाल और मामा ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और परीक्षाओं के समय पूरा सहयोग दिया. छात्रा के पिता हमेशा एक ही बात कहते थे कि उनके पास कोई धन-दौलत या पुश्तैनी संपत्ति नहीं है, इसलिए जीवन में जो कुछ भी हासिल करना है वह केवल पढ़ाई के दम पर ही संभव है.

पिता की इस सीख को रेणुका ने बनाया सफलता का मूलमंत्र

छात्रा रेणुका ने पिता की इसी सीख को अपना मूलमंत्र बना लिया. छात्रा को बचपन से ही केमिस्ट्री विषय में गहरी रुचि थी. स्कूल के दिनों में दसवीं कक्षा के शिक्षक शंकर सर ने उन्हें पढ़ाई के लिए लगातार प्रेरित किया. इसके बाद जब उस्मानिया यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया, तो प्रोफेसर यादगिरी सर के मार्गदर्शन ने उनकी तैयारी को सही दिशा दी. उन्होंने बताया कि आम दिनों में वे रोज़ाना 2 से 3 घंटे पढ़ाई करती थी, लेकिन परीक्षाओं के समय वे लगातार 10 से 12 घंटे तक किताबों के सामने बैठकर थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों पर बराबर ध्यान देती थी.

दीक्षांत समारोह से ठीक 5 गोल्ड मेडल मिलने की मिली जानकारी

​कड़े मुकाबले के बीच जब दीक्षांत समारोह से ठीक दो-तीन दिन पहले उन्हें आधिकारिक तौर पर 5 गोल्ड मेडल मिलने की जानकारी मिली, तो पूरे परिवार की आंखें खुशी से छलक उठी. उन्हें एक गोल्ड मेडल एमएससी ओवरऑल केमिस्ट्री के लिए और 4 गोल्ड मेडल अपनी स्पेशलाइजेशन ऑर्गेनिक केमिस्ट्री के लिए मिले हैं. अपनी इस उपलब्धि पर छात्रा रेणुका का कहना है कि आज के छात्रों को अपनी पारिवारिक स्थिति और माता-पिता के त्याग को हमेशा याद रखना चाहिए. मोबाइल फोन का इस्तेमाल सिर्फ मनोरंजन के लिए करने के बजाय अपनी पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने के लिए करना चाहिए, तभी मेहनत का सही फल मिलता है.



Source link