Muhurat Trading 2026: दिवाली पर 1 घंटे का जादू, पिछली 15 मुहूर्त ट्रेडिंग में से 12 में हुआ मुनाफा

Muhurat Trading 2026: दिवाली पर 1 घंटे का जादू, पिछली 15 मुहूर्त ट्रेडिंग में से 12 में हुआ मुनाफा


Last Updated:

Muhurat Trading 2026: आज दोपहर 2:20 बजे से लेकर 3:30 बजे तक मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र चलेगा. दिवाली के दिन खरीदारी को शुभ माना जाता है. इसलिए ही शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा चली है. पिछले पंद्रह मुहूर्त ट्रेडिंग सत्रों में से 12 में शेयर बाजार चढ़कर बंद हुआ.

Zoom

पिछली बार मुहूर्त ट्रेडिंग पर शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ था. (Photo : canva)

नई दिल्‍ली. दिवाली पर खरीदारी को शुभ माना जाता है. इसलिए दीपावली पर शेयर बाजार में अवकाश के दिन भी एक घंटे की मुहूर्त ट्रेडिंग होती है. इसे नए संवत की मंगल शुरुआत माना जाता है. मुहूर्त ट्रेडिंग केवल परंपरा नहीं बल्कि निवेशकों की जेब भरने वाला दिन भी साबित हुआ है. पिछले पंद्रह सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि 12 मुहूर्त ट्रेडिंग पर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ है और निवेशकों को मुनाफा देकर गया है. केवल तीन बार ही सेंसेक्‍स और निफ्टी दिवाली वाले दिन लाल निशान में बंद हुए.

साल 2022 की मुहूर्त ट्रेडिंग सबसे यादगार रही, जब सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 0.88% का जोरदार उछाल आया. वहीं, साल 2017 में बाजार को सबसे बड़ा झटका लगा था, जब निफ्टी 0.63% और सेंसेक्स 0.59% टूटकर लाल निशान में बंद हुए थे. अक्टूबर 2011 में मुहूर्त ट्रेडिंग के दिन सेंसेक्स महज 17,288 पर था. पिछले साल यह बढ़कर 84,426 तक पहुंचा. यानी सेंसेक्स करीब 5 गुना उछल चुका है.

निफ्टी ने भी लगाई जोरदार छलांग

पंद्रह सालों में निफ्टी 5,201 से उछलकर 25,868 के पार पहुंच गया. इन 15 वर्षों का सफर आसान नहीं रहा. भारतीय बाजार ने वैश्विक मंदी, कोरोना महामारी महंगाई और यूक्रेन युद्ध जैसे कई बड़े झटके झेले हैं. इन सब बाधाओं के बावजूद भारतीय शेयर मार्केट ने लंबी छलांग लगाई है.

वर्ष मुहूर्त ट्रेडिंग की तारीख निफ्टी बदलाव निफ्टी क्लोजिंग सेंसेक्स बदलाव सेंसेक्स क्लोजिंग
2025 21 अक्टूबर +0.10% 25,868.60 +0.07% 84,426.34
2024 1 नवंबर +0.41% 24,304.35 +0.42% 79,724.12
2023 12 नवंबर +0.52% 19,525.55 +0.55% 65,259.45
2022 24 अक्टूबर +0.88% 17,730.75 +0.88% 59,831.66
2021 4 नवंबर +0.49% 17,916.80 +0.49% 60,067.62
2020 14 नवंबर 0.47% 12,780.25 0.45% 43,637.98
2019 27 अक्टूबर +0.37% 11,627.15 +0.49% 39,250.20
2018 7 नवंबर +0.65% 10,598.40 +0.70% 35,237.68
2017 19 अक्टूबर -0.63% 10,146.55 -0.59% 32,389.96
2016 30 अक्टूबर -0.14% 8,625.70 -0.04% 27,930.21
2015 11 नवंबर +0.53% 7,825.00 +0.48% 25,866.95
2014 23 अक्टूबर +0.23% 8,014.55 +0.23% 26,851.05
2013 3 नवंबर +0.16% 6,317.35 +0.20% 21,239.36
2012 13 नवंबर -0.29% 5,666.95 -0.27% 18,618.87
2011 26 अक्टूबर +0.19% 5,201.80 +0.19% 17,288.83

पिछले मुहूर्त ट्रेडिंग से अभी नीचे है सेंसेक्‍स और निफ्टी

धनतेरस के दिन निफ्टी 2.01% चढ़कर 25,030.35 और सेंसेक्स 2.17% की बढ़त के साथ 81,028.02 पर बंद हुआ था. हालांकि, पिछले साल के मुहूर्त स्तर से निफ्टी अभी करीब 3% और सेंसेक्स 4% नीचे है. राहत की बात यह है कि पिछले सात कारोबारी सत्रों में बाजार ने 10% से ज्यादा की शानदार रिकवरी दिखाई है. ऐसे में आज शाम होने वाले 1 घंटे के विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र को लेकर निवेशकों में जबर्दस्त उत्साह है कि इतिहास खुद को दोहराएगा और बाजार एक बार फिर हरे निशान में बंद होकर नए संवत का स्वागत करेगा.



Source link