Last Updated:
देवघर के जसीडीह में 114 साल पुरानी चाय की दुकान है. इसकी शुरुआत 1912 में हुई थी. अंग्रेज भी यहां चाय पीने आते थे. अब चौथी पीढ़ी इसे संभाल रही है. यहां की केसर चाय बहुत प्रसिद्ध है. लोग इसके स्वाद को बहुत पसंद करते हैं.
देवघरः कहते हैं कि समय के साथ लोगों के काम और कारोबार बदल जाते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो अपने पूर्वजों की विरासत को आज भी उसी शिद्दत से संभालकर रखते हैं.देवघर के जसीडीह स्थित आरोग्य भवन के पास एक ऐसी ही चाय की दुकान है, जिसका इतिहास कोई एक-दो दशक नहीं, बल्कि 100 साल से भी ज्यादा पुराना है.इस दुकान की खास बात यह है कि यहां चाय का कारोबार एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचता रहा है.पहले परदादा, फिर दादा, उसके बाद पिता और अब चौथी पीढ़ी के छोटू कुमार इस दुकान की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.खास बात यह है कि इतने सालों में परिवार ने अपना कारोबार नहीं बदला.आज भी उसी दुकान पर चाय बनती है और लोग दूर-दूर से इसका स्वाद लेने पहुंचते हैं.
क्या कहते हैं दुकानदार?
दरअसल जसीडीह के संथाली निवासी छोटू कुमार पिछले 28 सालों से इस दुकान को संभाल रहे हैं. छोटू रामानी ने लोकल 18 के संवाददाता से बातचित करते हुए कहाँ की इस दुकान की शुरुआत साल 1912 में उनके परदादा जयकांत रामानी ने की थी। उस समय चाय की कीमत महज 2 पैसे हुआ करती थी.धीरे-धीरे उनके दादाजी ने इस कारोबार को आगे बढ़ाया और फिर उनके पिता ने दुकान की जिम्मेदारी संभाली.अब परिवार की चौथी पीढ़ी के रूप में छोटू कुमार इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं. छोटू बताते हैं कि उनके दादाजी अक्सर पुराने दिनों की बातें सुनाया करते थे.उस समय आरोग्य भवन में अंग्रेज आकर ठहरा करते थे और वे भी इसी दुकान पर चाय पीने पहुंचते थे. उस दौर में दुकान पर अच्छी कमाई हुआ करती थी.यही वजह थी कि परिवार की पीढ़ी दर पीढ़ी इस कारोबार से जुड़ी रही.
दुकान कमाई के जरिया से ज्यादा पूर्वजो की विरासत
छोटू का कहना है कि उन्होंने भी कभी इस पुश्तैनी कारोबार को छोड़कर किसी दूसरे काम में जाने के बारे में नहीं सोचा. उनके लिए यह सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि पूर्वजों की दी हुई विरासत है.यही वजह है कि पिछले 28 सालों से वह पूरी जिम्मेदारी के साथ दुकान चला रहे हैं.समय जरूर बदला है, लोगों की पसंद बदली है और चाय के दाम भी बढ़े हैं, लेकिन दुकान से जुड़ा परिवार का रिश्ता आज भी वैसा ही है.जिस चाय की शुरुआत कभी 2 पैसे से हुई थी, आज उसकी कीमत 25 रुपये हो गई है.
यहां की केसर चाय फेमस
इस दुकान की एक और खास पहचान यहां मिलने वाली केसर वाली चाय है. छोटू बताते हैं कि देवघर में केसर वाली चाय परोसने वाली यह पहली दुकान है. यहां चाय पीने के लिए सिर्फ आसपास के लोग ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से भी ग्राहक पहुंचते हैं.चाय का स्वाद ऐसा है कि कई लोग यहां बार-बार आते हैं. कोई पुरानी यादें ताजा करने पहुंचता है तो कोई केसर वाली चाय का स्वाद लेने.दुकान पर आने वाले लोगों के लिए यह सिर्फ चाय पीने की जगह नहीं, बल्कि एक पुरानी पहचान से जुड़ने का मौका भी है.
कारोबार से नहीं तोड़ा रिश्ता
आज जब युवा पीढ़ी बेहतर कमाई और नए रोजगार की तलाश में पुराने कारोबार से दूरी बना रही है. ऐसे समय में छोटू कुमार की यह दुकान एक अलग मिसाल पेश कर रही है. 1912 में दो पैसे से शुरू हुआ यह सफर आज 25 रुपये की केसर वाली चाय तक पहुंच चुका है. चार पीढ़ियां बदल गईं, वक्त बदल गया और अंग्रेजों के दौर से आज तक का सफर भी पूरा हो गया, लेकिन इस परिवार ने अपनी दुकान और कारोबार से रिश्ता नहीं तोड़ा. यही वजह है कि जसीडीह की यह चाय दुकान आज सिर्फ चाय के स्वाद के लिए नहीं, बल्कि अपनी सौ साल से ज्यादा पुरानी विरासत के लिए भी जानी जाती है.