घर का बजट कम कर देगी खाली जमीन! बनाएं किचन गार्डन, जान लें सारे फायदे

घर का बजट कम कर देगी खाली जमीन! बनाएं किचन गार्डन, जान लें सारे फायदे


Last Updated:

Kitchen Garden Tips: सागर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मयंक मेहरा ने लोकल 18 से कहा कि जब हम किचन गार्डन बनाते हैं, तभी हमें थोड़ी बहुत मेहनत करनी पड़ती है. इसके लिए मिट्टी की थोड़ी निराई-गुड़ाई करनी चाहिए. मिट्टी में वर्मी कंपोस्ट मिलाकर अच्छे से क्यारी बनानी चाहिए और फिर सब्जियां लगानी चाहिए.

सागर. सर्दियों के मौसम की शुरुआत के साथ ही रबी का सीजन शुरू हो जाता है. अगर आपके घर के आसपास थोड़ी सी भी खाली जमीन है, तो आप इसपर हल्का-फुल्का काम करके अपने घर खर्च का बजट कम कर सकते हैं. लगभग 20*20 जमीन पर आप ‘7 डे 7 क्यारी’ को अपना सकते हैं. आप 7 तरह की भाजी लगा सकते हैं. इससे हमें एक दिन छोड़ अलग-अलग भाजी मिलती रहती है. इसके अलावा मिर्च, टमाटर, बैंगन, उसी जगह में मचान बनाकर लता वाली कोई भी सब्जी उगा सकते हैं, जो आपको पसंद हो. इसके अलावा मूली और गाजर भी लगाई जा सकती है.

सागर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मयंक मेहरा लोकल 18 को बताते हैं कि जब हम किचन गार्डन की शुरुआत करते हैं, तभी हमें थोड़ी मेहनत करनी पड़ती है. इसके लिए मिट्टी की थोड़ी सी निराई-गुड़ाई करते हैं. इसमें वर्मी कंपोस्ट डालकर अच्छे से क्यारी बना लेते हैं और फिर इनमें सब्जियां लगाते हैं. किचन में जिन भी सब्जियों का इस्तेमाल होता है, उसके छिलके या अन्य चीजें कचरे में फेंकने के बजाय उसे हम किचन गार्डन में इस्तेमाल करते हैं, जो उर्वरक का काम करती है. इस तरह से हम बिना किसी रासायनिक दवा का इस्तेमाल किए अच्छी सब्जियां ले सकते हैं.

उन्होंने कहा कि किचन गार्डन से किसी भी परिवार को सामान्य रूप से 3-4 फायदे होना स्वाभाविक है. सबसे पहले तो हमारा रोज का या साप्ताहिक रसोईघर के लिए जो सब्जियों का खर्च होता है, लगभग पूरी तरह से कम हो जाता है. इसकी वजह से हमारा जेब खर्च कम हो जाता है.

उन्होंने आगे कहा कि किचन गार्डन का दूसरा सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि जब हम खुद सब्जियों को उगाते हैं, तो वो पूरी तरह से केमिकल फ्री होती हैं. हम अगर जैविक उर्वरक वाली सब्जियों को खाएंगे, तो हमारे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा. हमें अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. इस वजह से हमारा दवाइयों का खर्च भी कम हो जाएगा.

उन्होंने कहा कि तीसरा सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि हमें रोज-रोज सब्जी खरीदने के लिए बाजार नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय की बचत होगी और जो सब्जियों की टेंशन होती है, वो भी दूर होगी. जब हम अपने खुद के किचन गार्डन में थोड़ा सा काम करेंगे, तो हमारी फिजिकल एक्टिविटी होगी. इससे एक्सरसाइज हो जाएगी. हमारा मानसिक स्वास्थ्य ठीक रहेगा, हम स्वस्थ रहेंगे.



Source link