Last Updated:
Bihar Crime News: घोसवरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक शातिर पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए थाने में खुद ही केस दर्ज करा दिया. क्या है पूरा मामला, खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
घोसवरी में विवाहिता का कंकाल बरामद
पटना. बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित घोसवरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी के छह लाख रुपये नकद, गहने और मोबाइल लेकर फरार होने की शिकायत पुलिस से की थी. बताया जाता है कि पति ने पुलिस को आवेदन देकर कहा था कि उसकी पत्नी घर से रुपये और गहने लेकर फरार हो गई है. लेकिन जब पुलिस ने इस मामले की गहराई से तकनीकी और वैज्ञानिक जांच की, तो पूरी कहानी उल्टी निकली और एक खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ. पुलिस ने नदी किनारे से महिला का कंकाल बरामद किया है. मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि पति समेत चार लोग फरार हैं.
रुपये-गहने लेकर भागने की लिखवाई थी रिपोर्ट
जानकारी के अनुसार, बख़्तियारपुर के मिसी गांव की रहने वाली 25 वर्ष की सीमा कुमारी की शादी घोसवरी थाना क्षेत्र में चंदन नामक युवक से हुई थी. बीती 28 सितंबर को चंदन ने घोसवरी थाने में एक लिखित आवेदन दिया. उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी सीमा कुमारी ससुराल से 6 लाख रुपये नगद, कीमती गहने और अपना मोबाइल फोन लेकर अचानक कहीं फरार हो गई है. पति के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी.
तकनीकी जांच में खुला हत्या का खौफनाक राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम ने जब टेक्निकल और वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू किया, तो मृतका के मोबाइल लोकेशन और परिवार के बयानों में भारी अंतर मिला. कड़ाई से की गई जांच के बाद यह बात सामने आई कि चंदन और उसके परिवार वालों ने मिलकर पहले सीमा कुमारी की बेरहमी से हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को नदी किनारे पानी में डंप कर दिया.
नदी किनारे से बरामद हुआ कंकाल, चार गिरफ्तार
बाढ़ के एसडीपीओ (SDPO) राम कृष्ण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार तकनीकी जांच कर रही थी. अनुसंधान के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चंदन के चाचा सिन्टू यादव, चाची फूलों देवी और चंदन के दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर पुलिस नदी किनारे पहुंची. हालांकि, समय बीत जाने के कारण पुलिस को नदी किनारे से महिला का सिर्फ कंकाल ही बरामद हो सका.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
इस मामले में संलिप्त पाए गए चारों गिरफ्तार आरोपियों को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है. एसडीपीओ राम कृष्ण के अनुसार, घटना के बाद से ही मृतका का पति चंदन, उसका भाई कुंदन, ससुर जयराम यादव और सास घर छोड़कर फरार हैं. पुलिस की अलग-अलग टीमें इन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.