Diwali 2026: अजमेर जेल में बंदियों की अनूठी दिवाली, पेंसिल से बनाई मां लक्ष्मी की तस्वीर तो कागज से बनाए दीपक

Diwali 2026: अजमेर जेल में बंदियों की अनूठी दिवाली, पेंसिल से बनाई मां लक्ष्मी की तस्वीर तो कागज से बनाए दीपक


Last Updated:

Ajmer High-Security Jail Unique Diwali: जिन हाथों में कभी अंधेरा और मायूसी थी, उन्हीं हाथों ने दीपावली पर रोशनी और उम्मीद की तस्वीर उकेर दी. अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंदियों ने सीमित संसाधनों के बीच अनूठी सजावट तैयार की. अशोक मेघवाल ने पेंसिल से मां लक्ष्मी का स्केच बनाया तो आरिफ उर्फ सिकंदर ने अखबार से विशाल दीपक और मोमबत्तियां तैयार कीं. जेल प्रशासन के प्रोत्साहन से हुई इस पहल ने बंदियों को अपनी रचनात्मकता दिखाने का मौका दिया. जेल की चारदीवारी के भीतर तैयार इन कलाकृतियों ने संदेश दिया कि परिस्थितियां भले ही इंसान को कैद कर लें, लेकिन उसके हुनर और कल्पनाशक्ति को नहीं रोक सकतीं.

Zoom

अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंदियों ने सीमित संसाधनों के बीच अनूठी सजावट तैयार की.

अजमेर. जिनके जीवन में सलाखों के पीछे अंधेरा है, वे भी रोशनी के सपने देखना नहीं भूले हैं. दीपावली के अवसर पर अजमेर की घूघरा स्थित प्रदेश की हाई सिक्योरिटी जेल में बंदियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा से ऐसा ही संदेश दिया है. यहां बंदियों ने सीमित संसाधनों के बीच अपनी कल्पनाशक्ति और हुनर का इस्तेमाल करते हुए दीपावली की आकर्षक सजावट तैयार की. किसी ने साधारण पेंसिल से मां लक्ष्मी की तस्वीर उकेरी तो किसी ने अखबार के कागज से विशाल दीपक और मोमबत्तियां बनाकर जेल परिसर को सजाया.

जेल में बंद अशोक मेघवाल ने साधारण पेंसिल की मदद से दीवार पर मां लक्ष्मी का बेहद सुंदर और बारीक स्केच तैयार किया. वहीं, बंदी आरिफ उर्फ सिकंदर ने अखबार के कागज से विशाल मोमबत्तियां और रंग-बिरंगे दीपक बनाए. इन कलाकृतियों को देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि बंदियों ने कितनी मेहनत और रचनात्मकता के साथ इन्हें तैयार किया है. खास बात यह है कि इन कलाकृतियों को बनाने में बेहद सीमित संसाधनों का इस्तेमाल किया गया.

जेल अधीक्षक के प्रोत्साहन से दिखाई प्रतिभा

जेल की ऊंची दीवारों और बंद कोठरियों के बीच तैयार की गई ये कलाकृतियां केवल दीपावली की सजावट नहीं हैं, बल्कि उम्मीद और सकारात्मक सोच का प्रतीक भी हैं. जेल अधीक्षक पारस जांगिड के प्रोत्साहन से बंदियों ने यह रचनात्मक कार्य किया. वहीं, जेलर राजाराम ने इसके लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई. इस गतिविधि में बंदियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी छिपी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर पाया. जेल प्रशासन का मानना है कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां बंदियों की मानसिक स्थिति को सकारात्मक बनाए रखने में मददगार होती हैं. इससे उन्हें अपनी कला और हुनर को निखारने का मौका मिलता है. साथ ही, जेल के माहौल में भी सकारात्मकता बनी रहती है.

बंदियों को विशेष आहार में मिलेगा हलवा

दीपावली के अवसर पर बंदियों को नियमानुसार विशेष आहार के रूप में हलवा भी दिया जाएगा. इसका उद्देश्य जेल की चारदीवारी के भीतर रहते हुए भी उन्हें त्योहार की खुशियों से जोड़ना है. इस दौरान मुख्य प्रहरी मणिदेव, राजेश गौड़, रेशम सिंह, सतवीर सहित अन्य जेलकर्मी मौजूद रहे. दीपावली का संदेश भी यही है कि अंधकार चाहे कितना ही गहरा क्यों न हो, उम्मीद का एक छोटा-सा दीपक उसे चुनौती दे सकता है. हाई सिक्योरिटी जेल के बंदियों ने अपनी कलाकृतियों के जरिए साबित किया कि परिस्थितियां इंसान को कैद कर सकती हैं, लेकिन उसकी कल्पना, कला और सृजनशीलता को नहीं.



Source link