Last Updated:
‘कथक की रानी’ के नाम से मशहूर सितारा देवी ने भारत की डांस शैली को दुनिया भर में पहचान दिलाई. 8 नवंबर 1920 को जन्मी सितारा देवी ने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. वे 94 साल की आयु में 45 मिनट तक स्टेज पर परफॉर्म करती थीं. 25 नवंबर 2014 को उनका निधन हो गया.
सितारा देवी ने छोटी उम्र से डांस करना शुरू कर दिया था. (फोटो साभार: IANS)
नई दिल्ली: सितारा देवी को लोग ‘कथक की रानी’ कहते थे. उन्होंने भारत की डांस शैली को दुनिया भर में पहचान दिलाई. उनका जन्म 8 नवंबर 1920 को कोलकाता के एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था. सितारा देवी का असल नाम धनलक्ष्मी था. घर में लोग उन्हें प्यार से धन्नो भी कहकर बुलाया करते थे. सितारा को बचपन से ही डांस में रुचि थी. उनके पिता सुकदेव महाराज संस्कृत के विद्वान और कथक गुरु थे, वहीं मां मथुरा देवी पारंपरिक डांस की जानकार थीं. उस जमाने में जब अच्छे घर की लड़कियां नाचना तो दूर, उसका नाम लेना भी पाप समझती थीं, सितारा ने मात्र 10 साल की उम्र में पहला पेशेवर परफॉर्मेंस दी थी.
सितारा ने डांस की शुरुआती ट्रेनिंग अपने पिता से हासिल की थी. वे 12 साल की उम्र तक मुंबई आ चुकी थीं और 16 साल की उम्र में उन्होंने ‘नागिन’ फिल्म में पहली बार परदे पर डांस किया. जिस उम्र में आमतौर पर बच्चे जीवन के बारे में जान और समझ रहे होते हैं, उस वक्त सितारा देवी नाम कमा रही थीं. वे जब केवल 16 साल की थीं, तब रवींद्रनाथ टैगोर ने उनका डांस देखकर उन्हें ‘नृत्य सम्राज्ञी’ की उपाधि दी थी. सितारा के लिए डांस एक साधना थी. उन्होंने 94 साल की उम्र तक मंच पर घुंघरू बांधे और कभी भी अपनी कला को नहीं छोड़ा. सितारा ने अपने करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में डांस किया. ‘शहर का जादू’, ‘आवारा’, ‘मदर इंडिया’, ‘अनजाना’, ‘मदर इंडिया’ और ‘हरे राम हरे कृष्ण’ जैसी फिल्मों में उनके डांस आज भी देखे और सराहे जाते हैं.
8 साल की आयु में की थी पहली शादी
सितारा की जिंदगी जितनी रंगीन थी, उतनी ही बेबाक. रिपोट्स के मुताबिक, उन्होंने चार शादियां की थीं. उनकी पहली शादी बचपन में महज 8 साल की आयु में श्री देसाई से हुई थी, जिसे बाद में उन्होंने खुद तोड़ दिया था. उन्होंने दूसरी शादी अभिनेता नजीर अहमद खान से की, इसके लिए उन्होंने इस्लाम धर्म अपनाया था, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया. उन्होंने फिल्म निर्देशक-निर्माता के. आसिफ से विवाह किया, लेकिन यह भी ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों का तलाक हो गया. वहीं, चौथी शादी उन्होंने गुजराती बिजनेसमैन प्रताप बारोट से की.
94 साल की आयु में भी 45 मिनट तक करती थीं डांस
भारतीय शास्त्रीय डांस और कला के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें कई अवॉर्ड मिले, जिनमें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, पद्मश्री और कालिदास सम्मान शामिल हैं. हालांकि, भारत सरकार ने जब उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित करना चाहा, तो उन्होंने यह कहते हुए लेने से इनकार कर दिया था कि उनका योगदान इससे भी बड़ा है. उन्होंने ‘भारत रत्न’ की मांग की थी. 94 साल की उम्र में भी सितारा मंच पर लगातार 45 मिनट तक डांस करती थीं. उनकी अंतिम परफॉर्मेंस 2013 में मुंबई में हुई थी. 25 नवंबर 2014 को 94 साल की उम्र में उनका निधन हो गया, लेकिन क्लासिकल डांस में उनका योगदान हमेशा गूंजता रहेगा, ठीक उसी तरह जैसे उनके घुंघरुओं की आवाज गूंजती थी.