Last Updated:
CM Yogi Diwali Appeal: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10वें ऐतिहासिक दीपोत्सव के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों से एक भावनात्मक अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि जब श्रीराम जन्मभूमि पर दीप प्रज्वलित किए जाएं, तब हर नागरिक अपने घर-आंगन में भी दीये जलाकर इस महापर्व का हिस्सा बने. सीएम योगी ने कहा कि दीपक केवल मिट्टी का बर्तन नहीं, बल्कि चेतना का जागरण है. उन्होंने पिछले एक दशक की यात्रा को याद करते हुए कहा कि 2017 से शुरू हुआ यह दीपोत्सव अब सनातन संस्कृति, आत्मगौरव और वैश्विक पहचान का प्रतीक बन चुका है.
अयोध्या दीपोत्सव पर सीएम योगी की जनता से भावुक करने वाला अपील.
Ayodhya Deepotsav: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10वें ऐतिहासिक दीपोत्सव के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए प्रदेशवासियों और देशवासियों को दीपावली व दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. अपने संदेश में सीएम योगी ने एक बेहद खास और भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि जब श्रीराम जन्मभूमि पर पावन दीप प्रज्वलित किए जाएं, तब हर नागरिक अपने-अपने घर और आंगन में भी दीये जरूर जलाए. उन्होंने इस महाकुंभ को सनातन आस्था और प्रकाश का उत्सव बताया है.
मुख्यमंत्री ने दीपक के आध्यात्मिक और दार्शनिक महत्व को समझाते हुए कहा कि दीपक केवल मिट्टी का एक साधारण पात्र नहीं है, बल्कि यह अंतःचेतना का गहरा जागरण है. उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि दीया युगों से हमें यह अमूल्य सीख दे रहा है कि अंधकार से कभी लड़ा नहीं जाता, बल्कि केवल एक छोटी सी ज्योति जलानी होती है और सारा अंधकार अपने आप विदा हो जाता है. यह प्रकाश असत्य पर सत्य और अंधकार पर प्रकाश की विजय का शाश्वत संदेश देता है.
अवधपुरी का कण-कण आह्लादित, 10वें दीपोत्सव का ऐतिहासिक सफर
सीएम योगी ने रामनगरी की महिमा का बखान करते हुए कहा कि पावन सरयू नदी की गोद में बसी धर्मनगरी श्री अयोध्या धाम आज अलौकिक उल्लास, गौरव और भक्ति के महाकुंभ यानी ‘दिव्य दीपोत्सव’ के लिए पूरी तरह सज्जित है. वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनियों की अटूट आस्था का यह प्रतिफल आज लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा के रूप में नजर आ रहा है. अवधपुरी का आज एक-एक कण आह्लादित और स्पंदित है, जो त्रेतायुग की स्मृतियों को ताजा कर रहा है.
2017 से शुरू हुई संकल्प यात्रा ने बदली अयोध्या की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने पिछले एक दशक की यात्रा को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में सरयू तट पर प्रज्ज्वलित संकल्प की एक छोटी सी लौ ने आज भारत के सांस्कृतिक गौरव को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान और प्रतिष्ठा दिलाई है. अयोध्या धाम में दीपोत्सव का यह गौरवशाली दशक केवल दीपों की जगमगाहट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह प्रभु श्रीराम की नगरी के त्रेतायुगीन वैभव और राष्ट्र के आत्मगौरव की पुनर्स्थापना का स्वर्णिम अध्याय साबित हुआ है.
सनातन संस्कृति और आत्मगौरव के पुनर्जागरण का महापर्व
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि अयोध्या का यह दीपोत्सव हमारी साझा आस्था, आत्मगौरव और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का महान पर्व है. राम की पैड़ी पर प्रज्ज्वलित होने वाले लाखों दीपों ने न सिर्फ अंधकार को दूर किया है, बल्कि आस्था, अंत्योदय और स्थानीय स्वावलंबन की नई ज्योति भी जलाई है. यह दशक उस ऐतिहासिक संकल्प की सिद्धि का जीवंत साक्षी है, जिसने सदियों के इंतजार को भव्य यथार्थ में बदल दिया है.
प्रभु श्रीराम के आदर्शों और रामराज्य की संकल्पना को अपनाएं
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आह्वान किया कि दीपोत्सव के इस 10वें संस्करण पर हम सभी को प्रभु श्रीराम के उच्च आदर्शों को अपने जीवन में पूरी तरह आत्मसात करना चाहिए. एक ऐसा ‘रामराज्य’ स्थापित हो जहां विकास का प्रकाश समाज के अंतिम पायदान पर खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. आस्था, समरसता और सेवा की यह पावन सनातन ज्योति युगों-युगों तक पूरे राष्ट्र को आलोकित करती रहे.