‘डिमांड के बावजूद हमारे 75% से ज्यादा शो हटाए’, ‘रामायण’ के दबदबे के बीच ‘पायर’ के डायरेक्टर का छलका दर्द

‘डिमांड के बावजूद हमारे 75% से ज्यादा शो हटाए’, ‘रामायण’ के दबदबे के बीच ‘पायर’ के डायरेक्टर का छलका दर्द


Last Updated:

डायरेक्टर विनोद कापड़ी ने अपनी फिल्म ‘पायर’ के शो अचानक कम किए जाने पर नाराजगी जताई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि रामायण की रिलीज के बाद उनकी फिल्म के 75 प्रतिशत से ज्यादा शो हटा दिए गए हैं. डायरेक्टर ने वीडियो शेयर करके हालात पर दुख जताया.

ख़बरें फटाफट

Zoom

विनोद कापड़ी एग्जिबीटर्स पर नाराज हुए. (फोटो साभार: Instagram@vinodkaprii)

नई दिल्ली: फिल्म ‘पायर’ को लोगों के अच्छे रिएक्शन मिल रहे थे, मगर दर्शकों की डिमांड के बावजूद इसके अचानक शो कम कर दिए गए, जिसे लेकर डायरेक्टर विनोद कापड़ी ने नाराजगी जाहिर की है. निर्देशक ने आरोप लगाया है कि ‘रामायण’ की रिलीज के बाद एग्जीबिटर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने उनकी फिल्म के शो काफी कम कर दिए हैं. फिल्ममेकर ने दर्शकों से इमोशलन अपील करते हुए कहा कि थिएटर मालिकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स को निर्देश दिया गया है कि वे किसी और फिल्म को मौका न दें, भले ही उन फिल्मों के शो खाली हॉल में चल रहे हों. हालांकि, उन्होंने फिल्म का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी बातों से ऐसा लगा कि उनका इशारा ‘रामायण’ के मेकर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स की तरफ है.

विनोद कापड़ी ने फिल्म से जुड़े लोगों की ईमानदारी पर भी सवाल उठाए, खासकर ऐसे मौके पर जब उनकी फिल्म में सच्चाई और अच्छाई जैसे विषयों को बढ़ावा देने की बात कही गई है. उन्होंने कुछ स्क्रीनशॉट भी शेयर किए, जिनमें कई शहरों में उनकी फिल्म के शो कम दिखाए गए हैं. फिल्ममेकर ने इंस्टाग्राम पर कहा, ‘नमस्ते दोस्तों! आप सभी को दिवाली की शुभकामनाएं. मैं यह वीडियो नहीं बनाना चाहता था, लेकिन मजबूरी में मुझे ऐसा करना पड़ा. बात यह है कि जब हमारी फिल्म ‘पायर’ रिलीज हुई, तो हमने जानबूझकर इसे बहुत सीमित स्तर पर रिलीज किया था. हमने लगभग 80 शो रखे थे. लेकिन लोगों की अच्छे रिएक्शन के कारण रिलीज के महज 2-4 दिनों में ही हमारी फिल्म के शो बढ़कर 400 से ज्यादा हो गए.’

(फोटो साभार: Instagram@vinodkaprii)

‘पायर’ के 75% से ज्यादा शो हटने का दावा
विनोद कापड़ी ने आगे आरोप लगाया, ‘पिछले दो दिनों से मैं देख रहा हूं कि हमारे 75% से ज्यादा शो हटा दिए गए हैं. अब ये घटकर 100 से भी कम रह गए हैं. थिएटर मालिकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स का कहना है कि उन्हें ऊपर से निर्देश मिला है कि किसी और फिल्म को नहीं दिखाया जाएगा.’ हालांकि, विनोद कापड़ी ने सीधे तौर पर उस फिल्म का नाम नहीं लिया जिसका वे जिक्र कर रहे थे, लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि बड़ी फिल्मों के लिए रास्ता बनाने के वास्ते छोटी फिल्मों को बंद करने की क्या जरूरत है.

विनोद कापड़ी की इमोशनल अपील
विनोद कापड़ी आगे कहते हैं, ‘मुझे समझ नहीं आता कि अपनी फिल्म के लिए आपको किसी दूसरी फिल्म को क्यों बंद करवाना पड़ता है. क्या यह सच की झूठ पर जीत है? क्या यह बुराई पर अच्छाई की जीत है? हमारी छोटी सी फिल्म जो 2.5 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी है और जिसमें नॉन-एक्टर काम कर रहे हैं, उसे नुकसान पहुंचाकर आपको क्या मिला? एक ऐसी फिल्म जिसे देखकर लोग सिनेमाघरों में फूट-फूटकर रोने लगते हैं. अगर आपने अपनी फिल्म बनाने में बहुत पैसा लगाया है, तो हमने भी इस फिल्म को बनाने में अपना पूरा दिल और जान लगा दी है. हम भी एक मौके के हकदार हैं. प्लीज ऐसा अन्याय न करें. यह बिल्कुल भी सही नहीं है.’





Source link