Snake Plant : घर में ऐसे लगाएं स्नेक प्लांट, रात में भी छोड़ता है ऑक्सीजन, क्या सांप बुलाता है? जानिए सबकुछ

Snake Plant : घर में ऐसे लगाएं स्नेक प्लांट, रात में भी छोड़ता है ऑक्सीजन, क्या सांप बुलाता है? जानिए सबकुछ


Last Updated:

Snake Plant Benefits : स्नेक प्लांट की लंबी, सीधी और तलवार जैसी पत्तियां इसे दूसरे पौधों से अलग बनाती हैं. उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में इसे घर, बालकनी, बरामदे और कार्यालयों में आसानी से लगाया जाता है. स्नेक प्लांट रात में भी ऑक्सीजन छोड़ता है. इसे अधिक देखभाल की जरूरत नहीं होती है. यह कम पानी में भी लंबे समय तक हरा-भरा रह सकता है. यह पौधा कम रोशनी वाली जगहों पर भी जीवित रह सकता है, लेकिन अच्छी रोशनी में इसकी बढ़वार ज्यादा तेज होती है. कुछ अध्ययनों में स्नेक प्लांट की ओर से कुछ वायु प्रदूषकों कम करने की क्षमता पाई गई. पौधे को लगाने के लिए अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी का यूज करना चाहिए. गमले में पानी निकलने के लिए छेद होना जरूरी है.

बागेश्वर. घर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए लोग इन दिनों कई तरह के इनडोर पौधे लगाते हैं. इन्हीं में से एक स्नेक प्लांट भी है, जिसे कम देखभाल में आसानी से घर के अंदर लगाया जाता है. इसकी लंबी, सीधी और तलवार जैसी पत्तियां इसे दूसरे पौधों से अलग बनाती हैं. पत्तियों पर हरे और पीले रंग की धारियां होती हैं, जो देखने में काफी सुंदर लगती हैं. उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में भी इसे घर, बालकनी, बरामदे और कार्यालयों में आसानी से लगाया जाता है. बागेश्वर में गार्डनिंग का शौक रखने वाली रिचा जोशी लोकल 18 से बताती है कि स्नेक प्लांट रात में भी ऑक्सीजन छोड़ता है. सामान्य रूप से अधिकतर पौधे दिन में प्रकाश की प्रक्रिया के दौरान कार्बन डाइऑक्साइड लेते हैं, लेकिन स्नेक प्लांट में सीएएम नाम की विशेष प्रक्रिया पाई जाती है. इस प्रक्रिया में यह रात के समय भी कार्बन डाई ऑक्साइड लेता है. पर्याप्त रोशनी मिलने पर दिन में प्रकाश के जरिए ऑक्सीजन भी छोड़ता है. इसे बेडरूम में लगाने के लिए लोकप्रिय इनडोर पौधों में गिना जाता है.

घर में लगाने के फायदे

स्नेक प्लांट का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसे अधिक देखभाल की जरूरत नहीं होती है. यह कम पानी में भी लंबे समय तक हरा-भरा रह सकता है. इसकी पत्तियां घर के खाली कोनों को आकर्षक बनाती हैं. छोटे गमले से लेकर बड़े सजावटी गमलों में इसे लगाया जाता है. इसके अलावा यह पौधा कम रोशनी वाली जगहों पर भी जीवित रह सकता है. हालांकि अच्छी रोशनी में इसकी बढ़वार बेहतर होती है.

रिचा जोशी के मुताबिक, कई लोग इसे हवा साफ करने वाला पौधा भी मानते हैं. प्रयोगशाला में किए गए कुछ अध्ययनों में स्नेक प्लांट की ओर से कुछ वायु प्रदूषकों कम करने की क्षमता पाई गई. हालांकि, सामान्य घरों में हवा को साफ करने में पौधों का प्रभाव सीमित होता है. इस पौधे को लगाने के लिए अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी का यूज करना चाहिए. गमले में पानी निकलने के लिए छेद होना जरूरी है. इसे ऐसी जगह रखें जहां हल्की प्राकृतिक रोशनी आती हो. बहुत अधिक पानी देने से इसकी जड़ें सड़ सकती हैं. इसलिए मिट्टी सूखने के बाद ही दोबारा पानी देना चाहिए. सर्दियों में पानी देने की जरूरत और कम हो जाती है.

सांप बुलाने का ये रहा सच

रिचा जोशी कहती हैं कि स्नेक प्लांट को समय-समय पर साफ कपड़े से पोंछना चाहिए, ताकि इसकी पत्तियों पर धूल जमा न हो. इसकी बढ़वार होने पर नए पौधे तैयार करने के लिए जड़ों के साथ निकलने वाले छोटे पौधों को अलग गमले में लगाया जा सकता है. इस पौधे के नाम को लेकर कई लोगों में भ्रम रहता है कि इसे घर में लगाने से सांप आकर्षित होते हैं, लेकिन इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. स्नेक प्लांट का नाम इसकी पत्तियों पर बनी सांप जैसी धारियों और बनावट के कारण पड़ा है. हालांकि, यह पौधा पालतू जानवरों के लिए हल्का विषैला हो सकता है. इसलिए इसे बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से दूर रखना बेहतर है.



Source link