Last Updated:
Women’s Success Story: नालंदा की आकृति राजवंशी ने 2023 में रोशनी खोने के बाद हार नहीं मानी. दिल्ली आकर सिलाई, हैंडीक्राफ्ट और कला सीखी. सरकारी नौकरी के बजाय वह कला और हुनर के दम पर अपनी एक अलग पहचान बनाना चाहती हैं. उनकी प्रेरणादायक कहानी सिखाती है कि असली खूबसूरती सोच और हुनर में है. उनकी कहानी हौसले और आत्मनिर्भरता की मिसाल है.
बिहार के नालंदा जिले के राजगीर की रहने वाली आकृति राजवंशी की जिंदगी कभी बिल्कुल सामान्य थी. वह पढ़ाई में अच्छी थीं और कॉलेज-यूनिवर्सिटी में भी टॉप करने वालों में शामिल रहती थीं. लेकिन 12वीं के बाद उनकी आंखों की रोशनी धीरे-धीरे कम होने लगी. साल 2023 में वह पूरी तरह दृष्टिहीन हो गईं.आकृति बताती हैं कि शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अब जिंदगी में आगे क्या करना है. उनके मन में बार-बार यही सवाल आता था कि जब वह देख ही नहीं सकतीं तो क्या कर पाएंगी समाज उनके बारे में क्या सोचेगा परिवार को भी उनकी चिंता सताने लगी थी. उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी जिंदगी को नए तरीके से शुरू करने की थी.
दूसरों की बातों को नहीं बनाया कमजोरी, खुद पर किया भरोसा
आकृति बताती हैं कि जब उनकी आंखों की रोशनी चली गई तो आसपास के लोगों ने कई तरह की बातें कीं. कुछ लोग उनकी शादी और भविष्य को लेकर सवाल उठाते थे. उन्हें लगता था कि अब आकृति शायद पहले की तरह पढ़ाई या कोई काम नहीं कर पाएंगी.लेकिन आकृति ने इन बातों को खुद पर हावी नहीं होने दिया. वह कहती हैं कि पहले वह अपनी जिंदगी और भविष्य को लेकर इतनी गंभीर नहीं थीं, लेकिन दृष्टिहीन होने के बाद उन्होंने खुद को समझना शुरू किया. उन्होंने किताबें पढ़ीं, ऑडियो बुक्स के जरिए मनोविज्ञान और ह्यूमन साइकोलॉजी को समझा और अपनी बातचीत करने के तरीके पर काम किया.वह कहती हैं कि पहले उन्हें लोगों की बातें और उनके व्यवहार को समझने में परेशानी होती थी, लेकिन अब वह लोगों को बेहतर तरीके से समझ पाती हैं. उनका आत्मविश्वास भी पहले से काफी बढ़ा है.
मोबाइल पर सर्च किया और बिहार से पहुंच गईं दिल्ली
आकृति ने बताया कि उन्हें दिल्ली में दृष्टिबाधित लोगों के लिए चलने वाले ट्रेनिंग प्रोग्राम और ब्लाइंड फुटबॉल से जुड़े डेविड सर के बारे में इंटरनेट के जरिए जानकारी मिली. उन्होंने वेबसाइट और यूट्यूब चैनल देखा और वहां से नंबर लेकर संपर्क किया.जनवरी में उन्होंने पहली बार बात की, लेकिन उस समय एडमिशन और ट्रेनिंग शुरू नहीं हो पा रही थी. इसके बाद जुलाई में दोबारा संपर्क किया और उन्हें दिल्ली आने का मौका मिला.यहां एडमिशन के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या वह लंबे समय तक रहकर कोर्स पूरा कर पाएंगी, क्योंकि कई लोग बीच में ही ट्रेनिंग छोड़ देते हैं. लेकिन आकृति ने चुनौती स्वीकार की और दिल्ली आकर सीखना शुरू कर दिया.
हाथों को बनाया आंखें, अब सीख रहीं सिलाई और हैंडीक्राफ्ट
आकृति बताती हैं कि दिल्ली आने के बाद उन्होंने जितना सीखा, उतना पहले ऑनलाइन क्लास के जरिए नहीं सीख पाई थीं. यहां ट्रेनिंग के दौरान उन्हें सिलाई, हैंडीक्राफ्ट और दूसरी कलात्मक चीजें सिखाई जा रही हैं.सिलाई सीखने का अनुभव बताते हुए वह कहती हैं कि शुरुआत में उनकी सिलाई सीधी नहीं होती थी. कभी कपड़ा टेढ़ा हो जाता था तो कभी टांके सही नहीं लगते थे. ऐसे में ट्रेनर उनके हाथ पकड़कर मशीन पर काम करना सिखाती थीं. मशीन में लगे रबर और दूसरी तकनीकों की मदद से उन्हें कपड़े की दिशा समझाई जाती है.आकृति का मानना है कि किसी भी काम को करने से पहले यह नहीं सोचना चाहिए कि वह संभव होगा या नहीं। कोशिश करते रहना जरूरी है.
सरकारी नौकरी नहीं, कलाकार बनकर बनाना चाहती हैं अपनी पहचान
आकृति के परिवार की इच्छा थी कि वह पढ़ाई करके सरकारी नौकरी करें, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रहे. लेकिन आकृति की रुचि कला और क्रिएटिव कामों में है. वह ज्वेलरी बनाना चाहती हैं और हैंडीक्राफ्ट के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं.वह घर पर भी अपने परिवार के लोगों के लिए ज्वेलरी बनाती रही हैं. इसके अलावा वह कैंडल मेकिंग का कोर्स भी कर चुकी हैं. आकृति बताती हैं कि उन्हें हाथों से नई-नई चीजें बनाना बहुत पसंद है और वह इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं.
खूबसूरती चेहरे में नहीं, हुनर और व्यवहार में है
बातचीत के दौरान जब आकृति से पूछा गया कि वह अपनी खूबसूरती को किस तरह देखती हैं, तो उनका जवाब काफी खास था. उन्होंने कहा कि खूबसूरती सिर्फ चेहरे या बाहरी रूप से नहीं होती. आज चेहरा जैसा है, कल वैसा नहीं रहेगा, लेकिन इंसान के गुण, उसका व्यवहार, ज्ञान और हुनर जिंदगीभर उसके साथ रहते हैं.आकृति कहती हैं कि उन्होंने अपनी जिंदगी में यही समझा है कि इंसान की असली पहचान उसकी सोच और काम से बनती है.